SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दांव पर WTC फाइनल और बिना मैच हारे गंवा दिए 16 अंक, गंभीर-शुभमन की बढ़ी टेंशन, कहां हुई बड़ी गलती?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ हो गया. पिछले दो मैचों में टीम इंडिया को हार तो नहीं मिली है, लेकिन उन्होंने 16 अंक गंवा दिए हैं जो WTC फाइनल के लिहाज से काफी अहम साबित हो सकता है.

Written By Ritesh Kumar
Published: Nov 23, 2026, 12:16 IST | Updated: Nov 23, 2026, 12:18 IST
Image Credit: गंभीर-शुभमन की बढ़ी टेंशन, कहां हुई बड़ी गलती? (AI Graphic)
Join

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में टीम इंडिया को निराशा हाथ लगी है. वेलिंगटन में खेला गया ये मुकाबला ड्रॉ हो गया. पहली पारी में 720 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने के बावजूद भारतीय टीम ये टेस्ट नहीं जीत सकी. आखिरी दिन डेरेल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स भारत के दुश्मन बने और दोनों ने ऐसा खूंटा गाड़ा, जिसे टीम इंडिया का कोई गेंदबाज उखाड़ नहीं सका. पांचवें दिन का खेल शुरू होने से पहले तक भारतीय टीम का पलड़ा भारी था. आखिरी दिन 8 विकेट की दरकार थी, लेकिन टीम इंडिया के खाते में सिर्फ 3 विकेट आए और जीती हुई बाजी ड्रॉ में तब्दील हो गई.

वेलिंगटन में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ हुआ और दोनों टीमों को 4-4 अंकों से संतोष करना पड़ा. न्यूजीलैंड की टीम इस नतीजे से खुश होगी, क्योंकि उनपर हार का खतरा मंडरा रहा था. दूसरी तरफ शुभमन गिल एंड कंपनी बेहद निराश होगी और होना भी चाहिए, क्योंकि पिछले दो टेस्ट में मजबूत स्थिति में रहने के बावजूद टीम इंडिया जीत को तरस गई.

पिछले 2 टेस्ट में 16 अंकों का नुकसान

WTC नियम के तहत, एक टेस्ट जीतने पर टीम को 12 पॉइंट्स मिलते हैं, जबकि ड्रॉ मैच में दोनों टीमों को 4-4 अंकों से संतोष करना होता है. न्यूजीलैंड से पहले टीम इंडिया ने श्रीलंका का दौरा किया था, जहां दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली गई थी. भारत पहला मुकाबला तो आसानी से जीत गया, लेकिन दूसरे मैच में मजबूत स्थिति में रहने के बावजूद जीत हासिल नहीं हुई और वो टेस्ट ड्रॉ हो गया. उस टेस्ट में भी हाल ऐसा ही रहा था. आखिरी दिन सिर्फ 4 विकेट की दरकार थी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के पसीने छूट गए. हैरान करने वाली बात ये है कि फॉलो-ऑन देने के बावजूद भारत से मैच नहीं जीत सका था. श्रीलंका की तरफ से उस टेस्ट की दोनों पारियों में सोनल दिनुशा ने शतक जड़ा था. कहां टीम इंडिया के खाते में 12 अंक आने वाले थे, लेकिन ड्रॉ के चलते हाथ में सिर्फ 4 पॉइंट्स आए.

कोलंबो के बाद वेलिंगटन में भी यही हाल

कोलंबो के बाद वेलिंगटन में भी टीम इंडिया जीत के करीब तो आई, लेकिन फिर भी बहुत दूर रह गई. आखिरी दिन 8 विकेट की जरूरत थी, लेकिन भारतीय गेंदबाज एक बार फिर असफल रहे. डेरेल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की जोड़ी ने 43 ओवर तक बल्लेबाजी कर विकेट के लिए रुला दिया. नतीजा ये निकला कि भारत को एक बार फिर 4 अंक से संतोष करना पड़ा. मतलब ये है कि पिछले दो टेस्ट मैचों में ज्यादातर कंट्रोल रखने के बावजूद टीम इंडिया जीत नहीं सकी और इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा है. WTC 2027 फाइनल के लिहाज से देखें तो ये 16 अंक बहुत चुभ सकते हैं.

WTC फाइनल की रेस से बाहर हो गया भारत?

अब ये कहना गलत नहीं होगा कि टीम इंडिया के लिए WTC 2027 फाइनल का दरवाजा लगभग बंद हो चुका है. अब शुभमन गिल एंड कंपनी की किस्मत उनके हाथ में नहीं है. भारत को अभी इस संस्करण में 6 और मुकाबले (न्यूजीलैंड के खिलाफ एक और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने घर पर 5 टेस्ट) खेलने हैं. थोड़ी सी उम्मीद बनाए रखने के लिए उन्हें इन सभी मैचों में जीत दर्ज करनी होगी, जो आसान नहीं होने वाला है. फिलहाल साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया फाइनल के दावेदार माने जा रहे हैं और रेस में आगे हैं. पिछला WTC फाइनल भी इन्हीं दोनों के बीच खेला गया था, जहां टेम्बा बावुमा की टीम कंगारुओं पर भारी पड़ी थी.

ये भी पढ़ें: ड्रॉ से बिगड़ा खेल... क्या WTC 2027 फाइनल की रेस से बाहर हो गया भारत? न्यूजीलैंड को भी लगा झटका, समझें पूरा गणित
 

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES