वैभव सूर्यवंशी पर सवालों से कोच परेशान: 'इतनी कम उम्र में हाइप सही नहीं...', न्यूजीलैंड में कोटक ने क्या-क्या कहा?
वैभव सूर्यवंशी को वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में खेलने का नहीं मिला. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मैच में भी उन्हें बाहर रखा गया. इसे लेकर टीम इंडिया के मैनजमेंट से लगातार सवाल हो रहे हैं. इस पर अब बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने जवाब दिया है.
भारतीय क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड के दौरे पर है. पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी को खेलने का मौका नहीं मिला. भारत ने इस मैच को 4 विकेट से अपने नाम कर लिया. न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 225 रन बनाए. जवाब में टीम इंडिया ने 19.4 ओवर में 6 विकेट पर 230 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया. भारत ने मैच तो जीत लिया, लेकिन वैभव को लेकर सवाल उसके बाद भी पूछे गए. सोशल मीडिया पर इस युवा खिलाड़ी को मौका नहीं देने पर श्रेयस अय्यर और गौतम गंभीर की आलोचना भी हुई. इस पर बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने कहा कि वैभव के ऊपर ज्यादा हाइप बनाना सही नहीं है.
अब सबसे बड़ा सवाल है कि वैभव को प्लेइंग-11 में मौका क्यों नहीं मिल रहा है. इस पर बैटिंग कोच कोटक ने स्थिति साफ कर दी है. उन्होंने कहा कि वैभव अभी बहुत छोटे हैं. ऐसे में टीम मैनेजमेंट और उनके साथी उनका ध्यान रखते हैं. उन्हें टीम से लेकर सोशल मीडिया तक पर सब पसंद करते हैं, लेकिन पसंद के आधार पर ही वह प्लेइंग-11 में जगह नहीं बना सकते हैं. बल्लेबाजी कोच का कहना है कि वैभव बहुत प्रतिभाशाली हैं और उनका भविष्य उज्ज्वल है. उन्हें जब भी मौका मिलेगा, वह काफी कुछ सीखेंगे.
क्या दूसरे टी20 में मिलेगा मौका?
वैभव शनिवार (24 अक्टूबर) को क्राइस्टचर्च में होने वाले दूसरे टी20 मैच में खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं. विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैच से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह टीम में वैभव की वापसी हो सकती है. कोटक ने इसके संकेत दिए हैं. उन्होंने मैच से एक दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि 15-16 साल के इस खिलाड़ी के चारों तरफ हाइप बनाना सही नहीं है. यह उनके लिए ही खराब है. कोटक का कहना है कि लोगों द्वारा 'उन्हें खेलना ही चाहिए' जैसा दबाव बनाना न तो वैभव के हित में है और न ही टीम के पक्ष में है. यह टीम के अन्य ओपनर्स के लिए भी निराशाजनक हो जाता है.
ये भी पढ़ें: ईशान किशन दूसरे T20I से बाहर, न्यूजीलैंड के खिलाफ 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा मौका?
वैभव ने कभी नहीं की शिकायत: बैटिंग कोच
कोटक ने एक बात और साफ कर दी है कि टीम मैनेजमेंट संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन को ही टॉप-3 के रूप में अभी देख रही है. कोटक ने बताया कि वैभव अभी इस बात को अच्छे से समझते हैं कि जब अभिषेक और सैमसन बेहतर खेल रहे हैं तो उन्हें बाहर नहीं बिठाया जा सकता है. यहां तक कि टीम का मध्यक्रम भी पूरी तरह पैक है तो वैभव को अभी इंतजार ही करना होगा. कोटक ने खुलासा किया कि वैभव ने कभी भी प्लेइंग-11 को लेकर शिकायत नहीं की है.
आईपीएल के बाद टीम इंडिया में मिली थी एंट्री
वैभव ने आईपीएल 2026 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड जीता था. इसके बाद उन्हें इंग्लैंड में डेब्यू का मौका मिला था. वह भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने थे. भारत के पिछले 19 में सिर्फ सात मैचों में वैभव को खेलने का मौका मिला है. कोटक ने इतना साफ कर दिया है कि वैभव के खेलने के तरीके पर उन्होंने बल्लेबाजी कोच के नाते कोई बदलाव नहीं किया है.