पाकिस्तान के शादाब खान ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, 154 रन पर गिर चुके थे 9 विकेट, 8वें नंबर पर आकर ठोका शतक
इंग्लैंड के खिलाफ ODI मैच में 8वें नंबर पर उतरकर पाकिस्तान के ऑलराउंडर शादाब खान ने ऐतिहासिक शतक जड़ा दिया. 154/9 के स्कोर से पाकिस्तान ने इंग्लैंड पर एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की.
पाकिस्तान के ऑलराउंडर शादाब खान ने इंग्लैंड के खिलाफ रविवार (25 अक्टूबर) को खेले गए ट्राई सीरीज के चौथे ODI मैच में वह कमाल कर दिखाया, जो वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में पहले कभी नहीं देखने को मिला है. शादाब खान ने 8वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए न सिर्फ अपना पहला वनडे इंटरनेशनल शतक जड़ा, बल्कि 154/9 के स्कोर से अपनी टीम को उबारकर 1 विकेट की रोमांचक जीत दिला दी.
शादाब खान ODI इतिहास में 8वें या उससे निचले बैटिंग ऑर्डर पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. शादाब खान ने 96 गेंद पर 113 रन की नाबाद पारी खेली. शादाब खान ने 117.71 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 13 चौके और 5 छक्के लगाए.
ODI में 8वें या उससे निचले बैटिंग ऑर्डर पर सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर
1. शादाब खान - 113* रन : विरुद्ध इंग्लैंड (लाहौर, 25 अक्टूबर 2026)
2. सिमी सिंह - 100* रन : विरुद्ध साउथ अफ्रीका (डबलिन, 16 जुलाई 2021)
3. मेहिदी हसन - 100* रन : विरुद्ध भारत (मीरपुर, 7 दिसंबर 2022)
4. क्रिस वोक्स - 95* रन : विरुद्ध श्रीलंका (नॉटिंघम, 21 जून 2016)
5. सैम करन - 95* रन : विरुद्ध भारत (पुणे, 28 मार्च 2021)
242 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत किसी बुरे सपने से कम नहीं थी. महज 31 रनों के कुल स्कोर पर फखर जमान, सैम अयूब और बाबर आजम जैसे दिग्गज बल्लेबाज पहले 7 ओवर के भीतर ही पवेलियन लौट चुके थे. साद बैग ने 22 गेंदों में ताबड़तोड़ 32 रन बनाकर कुछ देर उम्मीद जगाई, लेकिन इंग्लैंड के गेंदबाजों ने शिकंजा कसे रखा और पाकिस्तान ने 103 रन तक पहुंचते-पहुंचते 6 विकेट गंवा दिए.
शादाब खान ने किया चमत्कार
जब शादाब खान क्रीज पर आए तो स्थिति बेहद नाजुक थी. उन्होंने संभलकर खेलना शुरू किया और अपनी पहली 12 गेंदों पर सिर्फ 3 रन बनाए. एक बार लय मिलते ही शादाब खान ने इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के खिलाफ कदमों का शानदार इस्तेमाल किया और स्पिनरों के सामने स्वीप व रिवर्स-स्वीप शॉट्स की झड़ी लगा दी. उन्होंने लियाम डॉसन, जेमी ओवरटन और सैम करन को आड़े हाथों लेते हुए चौके-छक्के जड़े.
शादाब ने हेनरी क्रोकोम्ब की गेंद पर छक्का जड़कर अपनी फिफ्टी पूरी की. मैच का रोमांच तब अपने चरम पर पहुंच गया जब दूसरे छोर से शाहीन अफरीदी और रजाउल्लाह भी आउट हो गए और आखिरी बल्लेबाज के रूप में हारिस रऊफ क्रीज पर थे.
लगभग तय थी पाकिस्तान की हार
पाकिस्तान का स्कोर 34 ओवर में 154/9 था. शादाब खान तब 35 गेंद पर 32 रन बनाकर खेल रहे थे और दूसरे छोर पर हारिस रऊफ शून्य पर बैटिंग कर रहे थे. पाकिस्तान की हार लगभग तय थी, लेकिन शादाब खान ने पाकिस्तान को 34 ओवर में 154/9 की नाजुक हालत से निकालकर 46.4 ओवर में 1 विकेट से रोमांचक जीत दिला दी.
रन-चेज के दौरान शादाब खान को 45वें ओवर की दूसरी गेंद पर मैदानी अंपायर ने LBW आउट करार दे दिया. शादाब खान तब 82 गेंद पर 97 रन बनाकर खेल रहे थे. 45वें ओवर में गस एटकिंसन की दूसरी गेंद पर मैदानी अंपायर ने शादाब खान LBW आउट दे दिया. इंग्लैंड की टीम जीत का जश्न मनाने लगी और खिलाड़ियों ने हाथ भी मिला लिए, लेकिन शादाब खान ने तुरंत रिव्यू (DRS) लिया.
पाकिस्तान की यादगार जीत
रिप्ले में साफ दिखा कि गेंद पहले बल्ले के अंदरूनी किनारे से लगी थी. फैसला बदला, शादाब खान बच गए और पूरा गद्दाफी स्टेडियम खुशी से झूम उठा. जीवनदान मिलने के दो गेंदों बाद ही शादाब खान ने गस एटकिंसन को लगातार दो चौके और एक छक्का जड़कर अपना पहला ODI शतक पूरा किया. अब पाकिस्तान को जीत के लिए 18 गेंदों में सिर्फ 3 रन चाहिए थे. 48वें ओवर में हारिस रऊफ ने हेनरी क्रोकोम्ब की गेंद पर चौका लगाकर पाकिस्तान को यादगार जीत दिला दी.