SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

हाय रे किस्मत! सेंचुरी का रिकॉर्ड देख पंत भी होंगे तंग, SENA देशों में 7 शतक टीम इंडिया के अभिशाप

IND vs NZ: ऋषभ पंत को टेस्ट फॉर्मेट में टीम इंडिया की रीढ़ कहें तो गलत नहीं होगा. इस फॉर्मेट में पंत की बैटिंग का अंदाज ऐसा है, कि फैंस की नजरें नहीं हटती. SENA देशों में पंत की शक्तियां मानों दूनी हो जाती हैं. यहां उनका रिकॉर्ड बेहद शानदार है, लेकिन किस्मत उन्हें इसका भरपूर जश्न मनाने की इजाजत नहीं दे रही है.

Written By Kavya Yadav
Published: Nov 23, 2026, 21:40 IST | Updated: Nov 23, 2026, 21:49 IST
Join

India vs New Zealand: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ पर खत्म हुआ. इस मैदान पर 720 रन ठोकने के बाद भी टीम इंडिया की जीत का सूखा 58 साल बाद भी बरकरार रहा. भारतीय बल्लेबाजों ने इस मैच में खूब रन ठोके और एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया. ऋषभ पंत ने भी 10 चौकों और 6 छक्कों की बदौलत नाबाद 128 रन ठोक डाले, लेकिन ये शतक आते ही भारत की जीत पर मानों ग्रहण लग गया था. ये 7वीं बार था, जब पंत अपने शतक से टीम इंडिया की जीत के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन जीत नहीं मिली. SENA देशों में पंत ने 7 शतक ठोके हैं, लेकिन भारत की जीत में एक का भी योगदान नहीं रहा.

ऋषभ पंत ने दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में 7 शतक ठोके, इस दौरान भारत को या तो हार मिली है या फिर मैच ड्रॉ रहा. वेलिंगटन टेस्ट भी इस लिस्ट में अब जुड़ गया है. आखिरी दिन न्यूजीलैंड ने 119/2 के स्कोर से खेल आगे बढ़ाया, लेकिन वे अभी भी भारत की पहली पारी के 702/9 के स्कोर से 233 रन पीछे थे. भारत ने वाशिंगटन सुंदर, प्रसिद्ध कृष्णा और अंशुल कंबोज की बदौलत तीन और विकेट चटकाए, लेकिन डेरिल मिशेल और ग्लेन फिलिप्स ने शानदार पार्टनरशिप करके भारतीय टीम को निराश कर दिया.

पंत का 9वां टेस्ट शतक

ऋषभ पंत का उनका नौवां टेस्ट शतक था, जिसके साथ वे इंग्लैंड के लेस एम्स को पीछे छोड़कर, टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले विकेटकीपरों की सूची में तीसरे स्थान पर आ गए हैं. उनसे आगे केवल ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट (17) और जिम्बाब्वे के एंडी फ्लावर (12) हैं. इसके साथ ही, पंत चारों SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूज़ीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में टेस्ट शतक लगाने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं.

कब खत्म होगा पंत का इंतजार?

ऋषभ पंत का ध्यान इन आंकड़ों पर जाएगा, तो निश्चित तौर पर वह भी परेशान होंगे. वह इंतजार में रहेंगे कि उनके शानदार विदेशी रिकॉर्ड में एक और उपलब्धि जुड़ जाए. किसी ऐसी मैच में पंत का शतक आए, जिसमें भारत को जीत मिले. हालांकि, अब इसके लिए उन्हें लंबा इंतजार करना होगा. साथ ही पंत को टेस्ट क्रिकेट में अपने स्पॉट को अगले टूर तक पकड़कर रखना होगा.

ये भी पढे़ं... EXCLUSIVE: 'उसे बैन करो...' पाकिस्तानी अंपायर ऑन फील्ड बदतमीजी का पर्दाफाश, कप्तान ने खोली पोल

SENA देशों में सेंचुरी ठोकने वाले भारतीय

ऋषभ पंत अब मोहम्मद अजहरुद्दीन, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, विराट कोहली और केएल राहुल की लिस्ट में जुड़ चुके हैं. पंत की उपलब्धि को जो बात और भी खास बनाती है, वह यह है कि वे इस सूची में इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने एक विकेटकीपर के तौर पर चारों SENA देशों में शतक लगाए हैं. अभी पंत का टेस्ट करियर काफी लंबा है, ऐसे में विकेटकीपर के तौर पर पंत निश्चित तौर पर एक बड़ा रिकॉर्ड कायम करेंगे.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

4 साल से खेल पत्रकारिता में सक्रिय. 2022 में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट के तौर पर डेब्यू किया. क्रिकट्रैकर, न्यूज18 से होते हुए अब जी न्यूज हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर स्पोर्ट्स टीम का हिस्सा हैं. खेल जगत की हर हलचल, हर खास कहानी और हर ब्रेकिंग न्यूज पर पकड़. IPL, ODI World Cup, T20 World Cup, Olympics समेत कई बड़े इवेंट्स कवर किए हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES