)
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर राशिद खान टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के बेहद करीब हैं, जिसके आस-पास भी फिलहाल दुनिया का कोई दूसरा गेंदबाज नहीं है. गुरुवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले जाने वाले दूसरे टी20 मुकाबले में उतरते ही राशिद इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं. फिलहाल राशिद खान ने 119 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 199 विकेट अपने नाम किए हैं और वह इस फॉर्मेट में दुनिया के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं.
जिम्बाब्वे के खिलाफ जैसे ही वह अपना 1 विकेट पूरा करेंगे, उनके नाम टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 विकेट दर्ज हो जाएंगे. यह अनोखा मुकाम हासिल करने वाले वह दुनिया के इकलौते और पहले गेंदबाज बन जाएंगे. राशिद खान इस समय अपनी करियर की बेहतरीन फॉर्म से गुजर रहे हैं. मंगलवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में उन्होंने अपनी फिरकी का जादू बिखेरते हुए 4 ओवर में महज 20 रन देकर 2 विकेट चटकाए.
1. राशिद खान (अफगानिस्तान) - 119 मैचों में 199 विकेट
2. आदिल राशिद (इंग्लैंड) - 153 मैचों में 171 विकेट
3. एहसान खान (हांगकांग) - 119 मैचों में 165 विकेट
4. ईश सोढ़ी (न्यूजीलैंड) - 142 मैचों में 165 विकेट
5. टिम साउदी (न्यूजीलैंड) - 126 मैचों में 164 विकेट
राशिद खान ने मंगलवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले T20I मैच में 4 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे. राशिद खान ने बल्ले से भी दमदार प्रदर्शन किया और 10 गेंदों पर 30 रन बनाकर टीम को जीत दिलाते हुए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले 5 गेंदबाजों की लिस्ट पर नजर डालें तो राशिद खान 199 विकेट के साथ पहले, इंग्लैंड के आदिल राशिद 171 विकेट लेकर दूसरे, हांगकांग के एहसान खान 119 मैचों में 165 विकेट लेकर तीसरे, न्यूजीलैंड के ईश सोढ़ी 142 मैचों में 165 विकेट लेकर चौथे, न्यूजीलैंड के ही टिम साउदी 126 मैचों में 164 विकेट लेकर पांचवें स्थान पर हैं. ओवरऑल टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में भी राशिद खान टॉप पर हैं.
राशिद खान ने कुल 550 टी20 मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 740 विकेट अपने नाम किए हैं. वहीं, अगर भारत की बात करें तो देश के लिए सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल विकेट लेने वाले गेंदबाजों में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह सबसे आगे हैं. अर्शदीप सिंह ने 102 मैचों में 149 विकेट झटके हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले चौथे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में अर्शदीप सिंह के पास भी अपने 150 इंटरनेशनल विकेट पूरे करने का सुनहरा मौका होगा.