T20I में विकेटों का दोहरा शतक पूरा, राशिद खान ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले बने दुनिया के पहले गेंदबाज
अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इतिहास रच दिया है. वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं.
अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान ने अपने एक वर्ल्ड रिकॉर्ड से क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है. जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में राशिद खान ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम अमर कर लिया. जिम्बाब्वे के खिलाड़ी तदिवानाशे मारुमानी को आउट करते ही राशिद खान टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले और इकलौते गेंदबाज बन गए हैं. इस फॉर्मेट में उनके आसपास दूर-दूर तक कोई दूसरा गेंदबाज नहीं टिकता है. इस लिस्ट में इंग्लैंड के लेग स्पिनर आदिल राशिद 171 विकेटों के साथ दूसरे पायदान पर हैं.
राशिद खान ने अक्टूबर 2015 में जिम्बाब्वे के खिलाफ ही अपना टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था. सितंबर 2025 में शारजाह में UAE के खिलाफ ट्राई-सीरीज के दौरान उन्होंने न्यूजीलैंड के टिम साउदी को पीछे छोड़ते हुए पुरुषों के टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज का मुकाम हासिल किया था. उस मैच में 21 रन देकर 3 विकेट के आंकड़े के साथ राशिद खान के कुल विकेटों की संख्या 165 हो गई थी, जबकि टिम साउदी के नाम 164 विकेट थे.
T20I में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज
1. राशिद खान (अफगानिस्तान) - 120 मैचों में 200 विकेट
2. आदिल रशीद (इंग्लैंड) - 153 मैचों में 171 विकेट
3. एहसान खान (हांगकांग) - 119 मैचों में 165 विकेट
4. ईश सोढ़ी (न्यूजीलैंड) - 142 मैचों में 165 विकेट
5. टिम साउदी (न्यूजीलैंड) - 126 मैचों में 164 विकेट
भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने 34 T20I मैचों में से 22 जीते हैं, जबकि 11 में उन्हें हार मिली है और एक मैच टाई रहा है. भारत ने 'ब्लैक कैप्स' के खिलाफ लगातार पांच मैच जीते हैं. साथ ही, न्यूजीलैंड में खेले गए अपने पिछले 10 T20I मैचों में से 9 में भारत को जीत मिली है, जिनमें से दो जीत सुपर ओवर के जरिए आईं. भारत ने न्यूजीलैंड में लगातार तीसरी T20I सीरीज जीत ली है. न्यूजीलैंड ने आखिरी बार 2019 में हैमिल्टन में अपने घरेलू मैदान पर भारत को हराया था.
अफगानिस्तान ने 221 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया
बता दें कि इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 221 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. इसमें अजमतुल्लाह उमरजई की शानदार 116 रनों की पारी और एजाज अहमदजई के 52 रनों का अहम योगदान रहा. अजमतुल्लाह उमरजई और एजाज अहमदजई के बीच हुई 142 रनों की साझेदारी T20I क्रिकेट में छठे विकेट के लिए अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है. इसने आंद्रे रसेल और शेरफेन रदरफोर्ड के बीच बनी 139 रनों की साझेदारी का रिकॉर्ड तोड़ दिया.
जिम्बाब्वे लक्ष्य से 19 रन पीछे रह गया
साथ ही, यह अफगानिस्तान के लिए भी छठे विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी है, जिसने मोहम्मद नबी और इब्राहिम जादरान के बीच बनी 86 रनों की साझेदारी का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है. जिम्बाब्वे की ओर से ब्रैड इवांस और कुंदई मातिगिमू ने 2-2 विकेट लिए. 222 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे को अच्छी शुरुआत मिली, जिसमें ब्रायन बेनेट और इनोसेंट काइया ने ओपनिंग पार्टनरशिप में 39 रन जोड़े. हालांकि, इनोसेंट काइया के अजमतुल्लाह उमरजई द्वारा आउट होने के बाद जिम्बाब्वे की पारी लड़खड़ा गई. जल्द ही जिम्बाब्वे टीम का स्कोर 84/5 हो गया था, लेकिन इसके बाद कप्तान सिकंदर रजा और तफादज्वा त्सिगा ने छठे विकेट के लिए 120 रनों की साझेदारी की, लेकिन यह काफी नहीं था, क्योंकि जिम्बाब्वे लक्ष्य से 19 रन पीछे रह गया.