मिंट से चमकाई गेंद? नाथन लियोन पर लगा सनसनीखेज आरोप, सैंडपेपरगेट के 8 साल बाद फिर मचा बवाल
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में सैंडपेपरगेट विवाद एक बार फिर चर्चा में है. नाथन लायन पर साल 2018 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान बॉल चमकाने के लिए मिंट इस्तेमाल करने का सुझाव देने का आरोप लगा है.
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में एक बार फिर पुराने जख्म हरे हो गए हैं. केपटाउन में हुए ऐतिहासिक बॉल टेंपरिंग विवाद यानी सैंडपेपरगेट के करीब 8 साल बाद एक नया खुलासा सामने आया है. इस बार ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑफ स्पिनर नाथन लायन का नाम चर्चा में है. नाथन लियोन पर साल 2018 में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान गेंद को मिंट से चमकाने का सुझाव देने का आरोप लगा है.
यह नया दावा अक्टूबर 2018 में पाकिस्तान के खिलाफ हुई टेस्ट सीरीज के दौरान की गई एक टिप्पणी से जुड़ा है, जो साउथ अफ्रीका दौरे के कुछ ही महीनों बाद हुई थी. 'वेस्ट ऑस्ट्रेलियन' की रिपोर्ट के अनुसार नाथन लियोन ही वह खिलाड़ी हैं, जिन्होंने मिंट्स के इस्तेमाल की बात कही थी. इससे पहले इस हफ्ते यह खुलासा हुआ था कि एक सीनियर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने गेंद को चमकाने के लिए ज्यादा लार बनाने के वास्ते मिंट्स का इस्तेमाल करने का सुझाव दिया था.
नाथन लियोन पर लगा सनसनीखेज आरोप
हालांकि, यह साफ नहीं है कि यह टिप्पणी गंभीरता से की गई थी या मजाक में. इस बारे में जानकारी इस हफ्ते की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने दी, जिन्होंने 'द ग्रेड क्रिकेटर' पॉडकास्ट पर इस घटना के बारे में बात की. उस्मान ख्वाजा ने बताया कि पाकिस्तानी सीरीज के दौरान एक सीनियर खिलाड़ी ने गेंद को चमकाने के लिए ज्यादा लार बनाने के वास्ते मिंट्स का इस्तेमाल करने का प्रस्ताव दिया था.
अक्टूबर 2018 में UAE में हुई यह सीरीज
उन्होंने यह भी पुष्टि की कि वह खिलाड़ी साउथ अफ्रीका के दौरे पर भी ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा था, जहां टीम बॉल-टेम्परिंग विवाद में फंस गई थी. अक्टूबर 2018 में UAE में हुई यह सीरीज, साउथ अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट के महज छह महीने बाद हुई थी, जहां कैमरन बैनक्रॉफ्ट को मैदान पर सैंडपेपर छिपाने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया था.
नाथन लियोन का नाम क्यों आया सामने?
इस घटना ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में सबसे बड़े विवादों में से एक को जन्म दिया, जिसके चलते बैनक्रॉफ्ट, कप्तान स्टीव स्मिथ और उप-कप्तान डेविड वॉर्नर को सस्पेंड कर दिया गया था. इस नए खुलासे ने उस दौर में टीम के बर्ताव पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं, जब ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट अपनी साख को फिर से बनाने की कोशिश कर रहा था. नाथन लियोन की पहचान उस खिलाड़ी के रूप में हुई है, जिसने मिंट्स वाली टिप्पणी की थी.
जस्टिन लैंगर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी
खबरों के अनुसार, इस खुलासे के बाद ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान टिम पेन और कोच जस्टिन लैंगर ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. कहा जाता है कि इस सुझाव को टीम के ही एक अन्य सदस्य, ट्रैविस हेड ने खारिज कर दिया था. ट्रैविस हेड उन तीन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों में से एक थे, जो मार्नस लाबुशेन और आरोन फिंच के साथ इस दौरे पर अपना डेब्यू कर रहे थे. यह स्पष्ट नहीं है कि लियोन की टिप्पणी एक मजाक थी या कोई गंभीर सुझाव.
नाथन लियोन के भविष्य पर सवाल
हालांकि, इस नए खुलासे ने केपटाउन की घटना के बाद ऑस्ट्रेलियाई खेमे के माहौल पर फिर से सबका ध्यान खींच लिया है. लियोन उन चार सीनियर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों में भी शामिल थे, जिन्होंने 2021 में पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड के साथ मिलकर एक बयान पर हस्ताक्षर किए थे. इसमें कहा गया था कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि केपटाउन टेस्ट के दौरान मैदान पर सैंडपेपर ले जाया गया था. यह खुलासा ऐसे समय में सामने आया है, जब ऑस्ट्रेलियाई टीम में इस ऑफ-स्पिनर के भविष्य पर भी सवाल उठ रहे हैं.