गंभीर-शुभमन के फैसले ने खड़ा किया तूफान, मोहम्मद सिराज को Playing XI से किया बाहर, रवींद्र जडेजा पर भी गिरी गाज
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्ट में कप्तान शुभमन गिल ने बड़ा फैसला लिया है. मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को प्लेइंग XI से बाहर रखा गया है.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला जारी है. इस मैच में हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल ने बड़ा फैसला लेते हुए प्लेइंग इलेवन में बहुत चौंकाने वाले बदलाव किए हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ गुरुवार को वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में पहले टेस्ट मैच के लिए भारत ने चार तेज गेंदबाजों को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है, लेकिन मोहम्मद सिराज को जगह नहीं दी. भारत के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. टीम इंडिया के फास्ट बॉलिंग अटैक की कमान जसप्रीत बुमराह के हाथों में है और उनके साथ आकाश दीप, अंशुल कंबोज और प्रसिद्ध कृष्णा भी शामिल हैं.
मोहम्मद सिराज के अलावा ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को भी प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली. भारत ने स्पिन-गेंदबाजी के विकल्प के तौर पर वॉशिंगटन सुंदर को चुना है. भारत के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस के समय कहा, 'हम चार तेज गेंदबाजों आकाश दीप, अंशुल कंबोज, प्रसिद्ध कृष्णा और जसप्रीत बुमराह के साथ उतर रहे हैं, जबकि वॉशिंगटन सुंदर स्पिन ऑलराउंडर की भूमिका निभाएंगे. हम पिछले एक हफ्ते से सोच रहे थे कि किस कॉम्बिनेशन के साथ जाएं, क्योंकि हमारे सभी तेज गेंदबाज बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं.'
गंभीर-शुभमन के फैसले ने खड़ा किया तूफान
शुभमन गिल ने कहा, 'मोहम्मद सिराज और गुरनूर बरार को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखना वाकई मुश्किल फैसला था, लेकिन उम्मीद है कि हमने जिन तेज गेंदबाजों को चुना है, वे हमारे लिए अच्छा काम करेंगे.' न्यूजीलैंड में भारत की पिछली टेस्ट सीरीज का जिक्र करते हुए शुभमन गिल ने मैच के अहम मौकों पर जीत हासिल करने की अहमियत पर जोर दिया. शुभमन गिल ने चेतावनी दी कि कभी-कभी खेल पूरी तरह संतुलित लग सकता है, लेकिन अचानक कोई टीम मुश्किल स्थिति में फंस सकती है.
भारत ने प्लेइंग इलेवन में किए बड़े बदलाव
शुभमन गिल ने कहा, 'मुझे लगता है कि खेल के अहम मौकों पर जीत हासिल करना बहुत जरूरी है. कभी-कभी ऐसा लग सकता है कि खेल में कुछ खास नहीं हो रहा है, और तभी अचानक दो-तीन विकेट गिर जाते हैं. ऐसे में आप अचानक खेल में काफी पीछे छूट सकते हैं. इसलिए, उन अहम मौकों को अपने पक्ष में करना हमारे लिए बहुत जरूरी है.' शुभमन गिल ने बताया कि टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, क्योंकि पिच से शुरुआत में ही ज्यादा मदद मिलने की संभावना है, जबकि दूसरे दिन हालात अलग होने की उम्मीद है. टॉस जीतने के बाद शुभमन गिल ने कहा, 'दूसरी पारी के मुकाबले शुरुआत में पिच से थोड़ी ज्यादा मदद मिलने की संभावना है. इसलिए हमने सोचा कि इसका फायदा उठाया जाए.'
प्लेइंग इलेवन
भारत: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा.
न्यूजीलैंड: टॉम लैथम (कप्तान), डेवॉन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, काइल जेमिसन, मैट हेनरी, जैकब डफी.