SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

केएल राहुल ने रचा इतिहास, SENA देशों में ऐसा कारनामा करने वाले बने पहले भारतीय, सहवाग-गावस्कर भी नहीं बना पाए ये महारिकॉर्ड

केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में इतिहास रच दिया. वह सभी SENA देशों में टेस्ट अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बन गए हैं.

Written By Tarun Verma
Published: Nov 20, 2026, 15:02 IST | Updated: Nov 20, 2026, 15:25 IST
Image Credit: KL Rahul
Join

टीम इंडिया के दिग्गज ओपनर केएल राहुल ने एक ऐसा प्रचंड रिकॉर्ड बना दिया है, जिसे सुनील गावस्कर और वीरेंद्र सहवाग जैसे महान ओपनर भी नहीं बना पाए हैं. केएल राहुल दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया (SENA)  इन सभी देशों में 50 से ज्यादा रन बनाने वाले छठे एशियाई ओपनर और पहले भारतीय बन गए हैं. न्यूजीलैंड में अपना पहला टेस्ट खेल रहे केएल राहुल ने यशस्वी जायसवाल के साथ 130 रनों की साझेदारी की. दिन का खेल खत्म होने तक वह 116 गेंदों पर 52 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें पांच चौके शामिल थे.

SENA देशों में 50 से ज्यादा रन बनाने वाले अन्य एशियाई ओपनर्स में श्रीलंका के दिग्गज सनथ जयसूर्या और मारवान अटापट्टू, श्रीलंका के पूर्व कप्तान दिमुथ करुणारत्ने और पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज सईद अनवर व इमरान फरहत शामिल हैं. केएल राहुल ने एक ओपनर के तौर पर SENA देशों में 13 बार 50 से ज्यादा रन बनाए हैं, जिसमें छह शतक शामिल हैं. SENA देशों में 50 से ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय ओपनर्स की लिस्ट में सुनील गावस्कर पहले नंबर पर आते हैं. सुनील गावस्कर ने SENA देशों में 19 बार 50 से ज्यादा रन बनाए हैं.

केएल राहुल ने रचा इतिहास

SENA देशों में एक ओपनर के तौर पर केएल राहुल ने 27 टेस्ट मैचों की 51 पारियों में 37.87 की औसत से 1856 रन बनाए हैं. अगर केएल राहुल तीसरे दिन शतक लगाने में कामयाब रहते हैं, तो वह सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, राहुल द्रविड़ और मोहम्मद अजहरुद्दीन जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो जाएंगे. ऐसा करने वाले वह पांचवें भारतीय होंगे, जिन्होंने SENA के हर देश में कम से कम एक शतक लगाया हो. इस ओपनर के नाम SENA देशों में कुल सात शतक हैं. केएल राहुल ने इंग्लैंड में 4, दक्षिण अफ्रीका में 2 और ऑस्ट्रेलिया में 2 शतक ठोका है. 

यशस्वी के साथ मिलकर बनाया महारिकॉर्ड

अब बस न्यूजीलैंड में एक शतक की कमी रह गई है. दिन का खेल खत्म होने तक भारत का स्कोर 159/1 था, जिसमें देवदत्त पडिक्कल (15 रन) और केएल राहुल (52 रन) नाबाद थे. इसके अलावा न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की ओपनिंग जोड़ी ने इतिहास रच दिया है. केएल राहुल ने यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर 130 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की. यह 21वीं सदी में टेस्ट क्रिकेट के दौरान न्यूजीलैंड की धरती पर भारत की पहली ऐसी ओपनिंग साझेदारी है, जिसमें 100 रन पूरे हुए.

जायसवाल ने आक्रामक रुख अपनाया

इस साझेदारी में यशस्वी जायसवाल ने आक्रामक रुख अपनाते हुए 89 गेंदों पर 16 चौकों की मदद से 85 रन बनाए. इस सदी में इससे पहले भारत के लिए सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी 73 रनों की थी, जो 17 साल पहले अप्रैल 2009 में इसी मैदान पर वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर के बीच हुई थी. यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की यह शतकीय साझेदारी न्यूजीलैंड की धरती पर किसी भारतीय ओपनिंग जोड़ी द्वारा की गई चौथी शतकीय साझेदारी है. 1994 के बाद से ऐसा करने वाली यह पहली भारतीय ओपनिंग जोड़ी है. इससे पहले 1994 में हैमिल्टन में नयन मोंगिया और नवजोत सिंह सिद्धू ने 102 रनों की साझेदारी की थी. 

न्यूजीलैंड में किसी भारतीय ओपनिंग जोड़ी द्वारा की गई सबसे बड़ी साझेदारी मनोज प्रभाकर और डब्ल्यूवी रमन के नाम है, जिन्होंने 1990 में 149 रन जोड़े थे. न्यूजीलैंड की धरती पर किसी पारी में मेहमान टीम के दोनों ओपनर्स द्वारा अर्धशतक लगाने का पिछला वाकया 2016 में देखने को मिला था, जब 369 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सामी असलम (91) और अजहर अली (58) ने अर्धशतक जड़े थे. उस समय इन दोनों ने हैमिल्टन में 131 रनों की साझेदारी की थी, लेकिन पाकिस्तान की पूरी टीम महज 230 रनों पर सिमट गई थी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES