SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

टीम इंडिया में धार्मिक भेदभाव? सिराज को लेकर गरमाया माहौल, BCCI ने दी सफाई, अजहरुद्दीन का भी आया रिएक्शन

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली, जिसको लेकर माहौल गरमाया हुआ है. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने टीम इंडिया में धार्मिक भेदभाव का आरोप लगा दिया. अब बीसीसीआई ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ी है.

Written By Ritesh Kumar
Published: Nov 25, 2026, 18:54 IST | Updated: Nov 25, 2026, 19:03 IST
Image Credit: मोहम्मद सिराज को जगह नहीं मिलने पर बवाल (BCCI/X)
Join

स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में नहीं खिलाया गया था, जिसको लेकर अब नया बवाल मचा है. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने एक विवादित बयान दिया, जो चर्चा का विषय है. उन्होंने टीम इंडिया में खिलाड़ियों के चयन में धार्मिक भेदभाव का आरोप लगाया. उन्होंने यहां तक कह दिया कि उनका नाम ‘सिराज’ है, और शायद इसीलिए उन्हें जगह नहीं मिली. अगर अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी आप उन्हें नहीं चुन रहे हैं, तो यह साफ तौर पर भेदभाव है. मामले को तूल पकड़ते देख बीसीसीआई ने भी सफाई दी है.

BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भी इस मुद्दे पर बात की है और उन्होंने भेदभाव के आरोपों को खारिज कर दिया है. बता दें कि वेलिंगटन में खेले गए पहले टेस्ट में टीम इंडिया चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरी थी. जसप्रीत बुमराह के साथ प्रसिद्ध कृष्णा, अंशुल कंबोज और आकाशदीप प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे. सिराज के पास इन तीनों से ज्यादा अनुभव है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बाहर रखने का फैसला किया गया.

बीसीसीआई ने सफाई में क्या कहा?

मोहम्मद सिराज को लेकर हो रहे बवाल और धार्मिक भेदभाव के आरोपों के बीच बीसीसीआई की तरफ से बड़ा बयान आया है. BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने एएनआई से बातचीत करते हुए कहा, ''ऐसा नहीं है कि टेस्ट मैच सिर्फ इसलिए ड्रॉ हो गया क्योंकि सिराज नहीं खेल रहे थे. मुझे नहीं लगता कि सिराज को इस तरह के विवादों में घसीटा जाना चाहिए. उनके बारे में इस तरह की बातें नहीं होनी चाहिए. आखिरकार, वो टीम का हिस्सा हैं और टीम में चुना जाना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है.''

राजीव शुक्ला ने आगे कहा कि उन्हें टीम में तो चुना गया था, लेकिन मैदान पर कौन से ग्यारह खिलाड़ी उतरेंगे, इसका फैसला कोच और कप्तान करते हैं. वे पिच की स्थिति और अन्य कई बातों को ध्यान में रखकर यह तय करते हैं. सिर्फ इसलिए कि किसी खिलाड़ी को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली, राजनीतिक या अन्य तरह के विवाद खड़े करना सही नहीं है. यह सिराज के लिए भी अच्छा नहीं है और खुद उन्हें भी यह बिल्कुल पसंद नहीं आएगा.

अजहरुद्दीन ने किया सिराज का समर्थन

बवाल के बीच भारत के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने मोहम्मद सिराज का समर्थन किया है. बुधवार को मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने स्टार तेज गेंदबाज की तारीफ की और कहा कि पूरा देश उनके साथ है. अजहरुद्दीन ने सिराज को अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी और कहा कि जब हालात अनुकूल हों, तो उनके जैसे खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा, 

यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है. मैं सिराज से बस यही कहूंगा कि वो अपने काम पर ध्यान दें. उनका प्रदर्शन शानदार रहा है और पूरा भारत उनका समर्थन कर रहा है. मैं भी उनका समर्थन करता हूं. उन्हें खेलना चाहिए था, लेकिन पता नहीं उन्हें क्यों नहीं चुना गया.

दूसरे टेस्ट में मिलेगी जगह?

भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट ड्रॉ हो गया. 720 रनों का पहाड़ खड़ा करने के बावजूद टीम इंडिया को जीत नसीब नहीं हुई. आखिरी दिन भारतीय गेंदबाज सिर्फ 3 विकेट झटक सके, जबकि जीत के लिए 8 विकेट की दरकार थी. स्टार पेसर मोहम्मद सिराज की कमी निश्चित तौर पर खली, जो इन परिस्थितियों में बेहतर विकल्प साबित हो सकते थे. सिराज मौजूदा WTC सत्र में चौथे सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. जबकि भारत की तरफ से इस साइकिल में उनसे अधिक विकेट किसी ने नहीं चटकाए हैं. WTC (2025-27) में अभी तक दाएं हाथ के पेसर ने 11 टेस्ट की 21 पारियों में 43 विकेट झटके हैं. उम्मीद है कि 27 नवंबर से 01 दिसंबर तक क्राइस्टचर्च में होने वाले दूसरे टेस्ट में सिराज की वापसी होगी.

ये भी पढ़ें: न्यूजीलैंड के इस मैदान पर कभी नहीं जीता भारत, क्या अब टूटेगा 58 साल पुराना तिलिस्म?
 

 

 

 

 

 

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES