SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'कप्तान ने दोस्त को ही फंसा दिया', डेविड वॉर्नर ने पैट कमिंस पर कसा तीखा तंज, और भड़की बॉल टेम्परिंग विवाद की आग

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में 2018 के सैंडपेपर विवाद ने एक बार फिर तूफान खड़ा कर दिया है. पैट कमिंस के बयान पर डेविड वॉर्नर भड़क गए हैं. उन्होंने उस्मान ख्वाजा का समर्थन करते हुए ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

Written By Tarun Verma
Published: Nov 13, 2026, 11:32 AM IST | Updated: Nov 13, 2026, 11:50 AM IST
Image Credit: Pat Cummins And David Warner
Join

डेविड वॉर्नर ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान और अपने पूर्व साथी खिलाड़ी पैट कमिंस पर अपनी नाराजगी जाहिर की है. डेविड वॉर्नर का कहना है कि पैट कमिंस ने उस्मान ख्वाजा को मुसीबत में फंसा दिया है. दरअसल, उस्मान ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा 'SABR' में 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर हुए बॉल-टेम्परिंग कांड को लेकर कुछ चौंकाने वाले दावे किए थे, जिन्हें कमिंस ने सिरे से खारिज कर दिया. साथ ही, पैट कमिंस ने ख्वाजा पर अपनी बात रखने के तरीके को लेकर 'गैर-जिम्मेदाराना और हल्के रवैये' का आरोप लगाया.

पैट कमिंस ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'SABR' में किए गए उन सनसनीखेज खुलासों को नकार दिया, जिनका संबंध 2018 के 'सैंडपेपर गेट' से था. कमिंस ने कहा कि इन दावों का उन पर और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट जगत पर बुरा असर पड़ा है. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कमिंस ने ख्वाजा को दोस्त तो कहा, लेकिन उनके दावों को 'बिल्कुल बकवास' करार दिया. उन्होंने कहा कि ख्वाजा ने अपनी कहानी पेश करने में 'गैर-जिम्मेदाराना और हल्का' रवैया अपनाया, जिससे उनके साथी खिलाड़ियों की प्रतिष्ठा और निजी जीवन को नुकसान पहुंचा है.

डेविड वॉर्नर ने पैट कमिंस पर कसा तीखा तंज

डेविड वॉर्नर ने पैट कमिंस के इस बयान पर अपनी नाराजगी जाहिर की है. डेविड वॉर्नर ने 'फॉक्स स्पोर्ट्स' से कहा, 'पैट कमिंस आज सुबह (शुक्रवार) पूरी तैयारी के साथ आए थे. मैं अभी भी उज्जी (उस्मान ख्वाजा) के साथ खड़ा हूं और उन्होंने अपनी किताब में जो लिखा है, उसका समर्थन करता हूं. यह सच है, और मैं पूरी तरह से उनका समर्थन करता हूं. इस समय मुझे उनके लिए बुरा लग रहा है. मुझे लगता है कि आज कप्तान ने उज्जी को मुसीबत में डाल दिया है, और मैं इससे बहुत ज्यादा निराश हूं.'

वॉर्नर ने कहा कि इस घटना के लिए उन्हें, तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को एक 'बड़ी कीमत' चुकानी पड़ी थी. वॉर्नर ने कहा, 'हम तीनों ने इसके लिए बहुत बड़ी कीमत चुकाई है. मैंने आठ सालों से 'बैंगर' (बैनक्रॉफ्ट) से बात नहीं की है, लेकिन अंत में, हमें रोजाना इन नतीजों के साथ जीना पड़ता है. हमें हर दिन इन परिणामों का सामना करना पड़ता है, और हमें मानो उम्र भर की सजा मिल गई है. इसलिए, जब दूसरे लोग इस बारे में बात करते हैं कि वे इससे कैसे प्रभावित हुए हैं, तो मेरे, स्टीव और कैमरन के लिए इससे बुरा और कुछ नहीं हो सकता, जिन्हें हर दिन मैदान पर उतरना पड़ता है.'

'हमें गालियां और बुरा-भला सुनना पड़ता है'

वॉर्नर ने आगे कहा, 'हमें गालियां और बुरा-भला सुनना पड़ता है. हां, हमने इसे स्वीकार कर लिया है, लेकिन, मेरी पत्नी और मैंने सबसे बड़ी कीमत चुकाई है. उस दौरान हमने अपना एक बच्चा खो दिया. यही वजह है कि मुझे सबसे ज्यादा तकलीफ होती है, और यह दर्द तब तक बना रहेगा जब तक कि सच को स्वीकार नहीं कर लिया जाता.' इससे पहले सिडनी के 'क्रिकेट सेंट्रल' में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कमिंस ने कहा था कि ख्वाजा का यह दावा कि कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन समेत सभी खिलाड़ियों को यह पता था कि मैदान पर सैंडपेपर लाया जा रहा है, पूरी तरह से गलत है.

कमिंस ने क्या कहा था?

कमिंस ने यह भी कहा कि उस्मान ने लोगों की जिंदगी और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के प्रति काफी गैर-जिम्मेदाराना और हल्के रवैये का परिचय दिया है. कमिंस बोले, उस्मान मेरा दोस्त है, लेकिन जिस तरह से वह लोगों की जिंदगी और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को लेकर इतने हल्के और गैर-जिम्मेदाराना हैं, मुझे नहीं लगता कि यह ठीक है. मैंने 15 साल तक क्रिकेट खेला है. न्यू साउथ वेल्स और ऑस्ट्रेलिया के लिए अपने डेब्यू के समय से ही उस्मान मेरे साथ रहे हैं. वह मेरे लिए हमेशा बहुत अच्छे रहे हैं और मेरे दोस्त हैं, लेकिन यहां बात लोगों की असल जिंदगी की हो रही है, जो कि एक गंभीर मामला है. इसका असर सिर्फ उन लोगों पर ही नहीं, बल्कि उनके परिवारों पर भी पड़ता है.'

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES