न्यूजीलैंड ODI सीरीज से पहले टीम इंडिया में बड़ा बदलाव, आकिब नबी की चमकी किस्मत, BCCI ने अचानक उठाया बड़ा कदम
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम में बड़ा बदलाव हुआ है. तेज गेंदबाज आकिब नबी अब शुरुआती तीन वनडे मैचों में भी भारतीय टीम का हिस्सा होंगे.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सेलेक्शन कमेटी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की वनडे टीम में आकिब नबी के रोल का विस्तार किया है. सेलेक्शन कमेटी ने इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज को ODI सीरीज के पहले तीन मैचों के लिए टीम में शामिल किया है. आकीब नबी को शुरुआत में केवल चौथे और पांचवें वनडे के लिए चुना गया था, लेकिन अब वह पांच मैचों की इस सीरीज के पहले मैच से ही भारत के लिए उपलब्ध रहेंगे.
वनडे सीरीज की शुरुआत 4 नवंबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में होगी. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक बयान में कहा, 'सेलेक्शन कमेटी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन वनडे मैचों के लिए आकिब नबी को टीम में शामिल किया है. यह दाएं हाथ का तेज गेंदबाज, जो पहले सीरीज के चौथे और पांचवें वनडे के लिए टीम में था, अब वनडे सीरीज की शुरुआत से ही भारतीय टीम का हिस्सा होगा.'
न्यूजीलैंड ODI सीरीज से पहले टीम इंडिया में बड़ा बदलाव
यह बदलाव प्रसिद्ध कृष्णा के पूरी वनडे सीरीज से बाहर होने के बाद किया गया है. वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल ही में भारत में हुई सीरीज के दौरान उन्हें हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी. न्यूजीलैंड दौरे पर उनका खेलना उनकी फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर था. हालांकि, प्रसिद्ध कृष्णा न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए अभी भी दावेदार बने हुए हैं.
अगर वह अपनी फिटनेस टेस्ट पास कर लेते हैं, तो इस तेज गेंदबाज को न्यूजीलैंड 'ए' के खिलाफ तीसरे और आखिरी चार दिवसीय मैच के लिए 'इंडिया ए' टीम में शामिल किया जा सकता है. यह मैच 7 नवंबर से शुरू होने वाला है. आकिब नबी ने 47 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 180 विकेट हासिल किए हैं. आकिब नबी ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 16 बार फाइव विकेट हॉल और 4 बार मैच में 10 या उससे ज्यादा विकेट हासिल किए हैं. आकिब नबी ने 37 लिस्ट-ए मैचों में 56 विकेट चटकाए हैं. इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 39 टी20 मैचों में 43 विकेट झटके हैं.
पहले तीन वनडे मैचों के लिए भारत की अपडेटेड टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर बरार, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी (केवल पहले वनडे के लिए), आकिब नबी.
चौथे और पांचवें वनडे के लिए भारत की वनडे टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर और उपकप्तान), अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, गुरनूर बरार, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर, कुलदीप यादव.