पहले L वाला साइन, फिर पर्ची और अब 'ओम नमः शिवाय' , अभिषेक शर्मा का अलग-अलग जश्न, क्या है कनेक्शन?
अभिषेक शर्मा अपनी धमाकेदार बैटिंग के साथ-साथ अलग-अलग तरीके से जश्न मनाने की वजह से भी महफिल लूट रहे हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में 35 गेंदों पर शतक ठोकने के बाद वो ओम नमः शिवाय का जाप करते दिखे.
टीम इंडिया के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा फिलहाल न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के लिए काल बने हुए हैं. मंगलवार (27 अक्टूबर) को खेले गए तीसरे टी20 मैच में अभिषेक ने 35 गेंदों पर शतक जड़कर महफिल लूट ली. सेंचुरी जड़ने के बाद उन्होंने जिस अंदाज में जश्न मनाया, वो भी फैंस को बेहद पसंद आ रहा है. वेलिंगटन में कीवियों को गहरा जख्म देने के बाद अभिषेक ने जमीन पर बैठ कर 'ओम नमः शिवाय' का जाप किया. इससे पहले भी वो इसी स्टाइल में जश्न मना चुके हैं.
फैंस की नजर अब इस बात कर भी रहती है कि शतक जड़ने के बाद अभिषेक शर्मा किस अंदाज में जश्न मनाएंगे, क्योंकि वो अलग-अलग तरीके से अपने शतक को सेलिब्रेट करते दिखते हैं. कभी वो दर्शकों की तरफ देखकर हाथ से L साइन बनाते हैं, कभी जेब से पर्ची निकालकर सरप्राइज देते हैं तो कभी साधु की तरह मैदान पर मंत्र जाप करने लगते हैं.
ईशान किशन ने ली मौज
न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे मैच में ताबड़तोड़ शतक जड़ने वाले अभिषेक शर्मा के साथ उनके साथी खिलाड़ी ईशान किशन ने मस्ती की. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, ''दूसरों की मेंटल हेल्थ खराब करता है और खुद मेडिटेट करता है.''
अभिषेक के जश्न का क्या मतलब है?
L साइन का संदेश: सबसे पहले अभिषेक शर्मा का L साइन वाला जश्न चर्चा का विषय बना था. आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट में तबाही मचाने के बाद वो अक्सर अपने हाथ से L साइन बनाकर सेलिब्रेट करते थे. जब ब्रॉडकास्टर ने इसके बारे में पूछा तो स्टार खिलाड़ी ने बताया, ''L का मतलब लव है. मैं अपने फैंस से प्यार करता हूं और शतक उन्हीं को समर्पित करने का ये तरीका है.
पर्ची वाले जश्न का क्या मतलब: अभिषेक शर्मा का पर्ची वाला जश्न आईपीएल 2025 में देखने को मिला था. सनराइजर्स हैदराबाद की टीम लगातार मुकाबले हार रही थी. अभिषेक भी कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे. फिर पंजाब किंग्स के खिलाफ राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अभिषेक ने बल्ले से तबाही मचाई और 40 गेंदों का सामना करते हुए शतक ठोक दिया. इसके बाद उन्होंने अपनी जेब से पर्ची निकाली और फैंस की तरफ दिखाया. कैमरे का फोकस उसपर गया तो लिखा था- This One For You Orange Army (ये ऑरेंज आर्मी के लिए है). बता दें कि सनराइजर्स हैदराबाद के फैंस को ऑरेंज आर्मी कहते हैं.
शिखर धवन ने दिया था सुझाव
अभिषेक शर्मा का ये पर्ची वाला जश्न खूब वायरल हुआ था. स्टार क्रिकेटर ने इंटरव्यू में बताया कि ये सुझाव पूर्व बल्लेबाज शिखर धवन ने उन्हें दिया था. अभिषेक ने बताया कि टीम हार रही थी, लेकिन इसके बावजूद फैंस उन्हें प्यार कर रहे थे. इसीलिए वो उन तमाम फैंस के लिए कुछ करना चाहते थे. पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच से पहले उन्होंने पर्ची जेब में रखी और खुद से कहा कि अगर मैं अच्छा खेला तो इसको दिखाऊंगा. उनका ये मैनिफेस्टेशन सच हो गया. उन्होंने शतक ठोका और जेब से पर्ची निकालकर फैंस को खुश कर दिया.
अब मेडिटेशन क्यों?
प्यार और मैनिफेस्टेशन वाले जश्न के बाद अब अभिषेक शर्मा मेडिटेशन की तरफ शिफ्ट हो गए हैं. ये सेलिब्रेशन उन्होंने पहली बार इसी साल अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में हुए मैच में शतक जड़कर मनाया था. 30 गेंद पर सेंचुरी जड़ने के बाद वो जमीन पर बैठ गए और ओम नमः शिवाय का जाप किया. बाद में उन्होंने बताया कि ये कोई स्टाइल नहीं बल्कि सच में मेडिटेशन है, जिसका उनकी जिंदगी में अहम रोल है. अभिषेक के मुताबिक, वो अब ध्यान लगाते हैं, जिससे उन्हें बहुत फायदा हुआ है और इस जश्न के जरिए वो दुनिया को मेडिटेशन का पावर दिखाना चाहते हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक जड़कर भी उन्होंने इसी जश्न को दोहराया.
अभिषेक शर्मा का T20I करियर
जब रोहित शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था, तब फैंस को ये चिंता थी कि उनके जैसा आक्रामक ओपनर कैसे मिलेगा? हिटमैन के जाते ही एक और शर्मा जी टीम में आए और छा गए. पिछले दो सालों में अभिषेक इस फॉर्मेट में टीम इंडिया की जान बन चुके हैं. बाएं हाथ के स्टार ओपनर ने अब तक 70 T20I मैचों में 196.83 के स्ट्राइक रेट से तबाही मचाते हुए 2240 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 14 अर्धशतक शामिल है. उन्होंने इस फॉर्मेट में भारत के लिए अब तक 158 छक्के जड़ दिए हैं. अभिषेक ने 100 से अधिक छक्के तो पावरप्ले में ही उड़ाए हैं.
यह भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा ने तोड़ा क्रिस गेल का प्रचंड रिकॉर्ड, छक्कों का महारिकॉर्ड, T20I में रच दिया इतिहास