सुवर्णा राज ने डिस्कस थ्रो में गोल्ड जीतकर रचा इतिहास, एशियन पैरा गेम्स 2026 में किया धमाका
एशियन पैरा गेम्स 2026 में सुवर्णा राज ने डिस्कस थ्रो में गोल्ड मेडल जीतकर भारत को दिन का पहला गोल्ड मेडल दिलाया. भारत के कुल पदकों की संख्या 65 हो गई है, जिसमें 15 गोल्ड, 22 सिल्वर और 28 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं.
एशियन पैरा गेम्स 2026 में गुरुवार को सुवर्णा राज ने भारत को गोल्ड मेडल दिला दिया. सुवर्णा राज ने महिलाओं की डिस्कस थ्रो F54 स्पर्धा में 15.66 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करके गोल्ड मेडल अपने नाम किया. यह गुरुवार को भारत का पहला गोल्ड मेडल रहा. वहीं, तीरंदाजी में स्वाति चौधरी ने सिल्वर मेडल जीता, जबकि पैरा बैडमिंटन में भारत को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा.
एशियन पैरा गेम्स में जीता गया उनका हालिया गोल्ड मेडल, उनकी उपलब्धियों की बढ़ती लिस्ट में एक और नाम जुड़ गया है. सुवर्णा एक एक्सेसिबिलिटी स्पेशलिस्ट और विकलांग व्यक्तियों के अधिकारों की समर्थक भी हैं. सुवर्णा राज ने पूरे भारत में 1,000 से अधिक एक्सेसिबिलिटी ऑडिट किए हैं, ताकि विकलांग लोगों को आने वाली बाधाओं की पहचान की जा सके.
भारत के गोल्ड मेडल की संख्या 15 हो गई
डिस्कस थ्रो F54 स्पर्धा में ईरान की शाहला हदीदी ने 15.45 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता. वहीं, वियतनाम की गुयेन थी न्गोक थुई ने 14.65 मीटर की दूरी तय करके ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. सुवर्णा राज की इस जीत के साथ एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत के गोल्ड मेडल की संख्या 15 हो गई. उनका प्रदर्शन भारतीय दल के लिए दिन की शानदार शुरुआत साबित हुआ.
मनीषा रामदास और प्रमोद भगत को मिला ब्रॉन्ज
भारत की पैरा बैडमिंटन जोड़ी मनीषा रामदास और प्रमोद भगत को मिक्स्ड डबल्स SL3-SU5 स्पर्धा के सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद दोनों खिलाड़ियों ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. भारतीय जोड़ी ने पहला गेम 21-16 से जीता, लेकिन इंडोनेशिया की ओक्टिला लेआनी रात्रि और हिकमत रमदानी ने वापसी करते हुए दूसरा गेम 21-13 से जीत लिया. इसके बाद तीसरे गेम में भी इंडोनेशियाई जोड़ी ने 21-17 से बाजी मारी और मुकाबला 2-1 से अपने नाम कर लिया.
मिक्स्ड डबल्स SL3-SU5 स्पर्धा के फाइनल में इंडोनेशिया की ओक्टिला लेआनी रात्रि और हिकमत रमदानी का मुकाबला भारत के थुलासिमथी मुरुगेसन और नितेश कुमार से होगा. इस मुकाबले में भारतीय जोड़ी के पास गोल्ड मेडल जीतने का शानदार मौका होगा. यानी सेमीफाइनल में एक भारतीय जोड़ी के बाहर होने के बावजूद इस स्पर्धा का गोल्ड मेडल भारत के खाते में आने की उम्मीद बनी हुई है. इससे पहले भारतीय पैरा तीरंदाज स्वाति चौधरी ने महिलाओं की W1 व्यक्तिगत तीरंदाजी स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता.