App

टोंक में IAS टीना डाबी का 'एक्शन मोड': कलेक्टर से खुश हुए मुख्य सचिव! क्यों हो रही तारीफ?

IAS Tina Dabi News: राजस्थान के टोंक जिले में चल रहे विकास और जल संरक्षण अभियानों की मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सराहना की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर जिला कलेक्टर टीना डाबी के प्रशासनिक मॉडल और फील्ड वर्क की खुलकर तारीफ की.

टोंक में IAS टीना डाबी का 'एक्शन मोड': कलेक्टर से खुश हुए मुख्य सचिव! क्यों हो रही तारीफ?

IAS Tina Dabi News: भारतीय प्रशासनिक सेवा की चर्चित अधिकारी और टोंक जिला कलेक्टर टीना डाबी के प्रशासनिक काम की राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सराहना की है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (ट्विटर) पर पोस्ट साझा कर टोंक जिला प्रशासन के प्रयासों को सराहा. मुख्य सचिव ने जिले में चल रहे जल संचय जन अभियान (JSJA), जलदाय विभाग (PHED) की पेयजल परियोजनाओं और ईसरदा बांध निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की थी, जिसके दौरान वे टोंक में हुए विकास कार्यों और कलेक्टर टीना डाबी के प्रबंधन से काफी प्रभावित नजर आए. 

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने पोस्ट में क्या लिखा? 

मुख्य सचिव ने 'X' पर पोस्ट करते हुए टोंक जिले की समीक्षा का विवरण साझा किया. उन्होंने बताया कि जिले में जल संरक्षण और प्रबंधन को जन-आंदोलन बनाने के लिए 170 गांवों में 'जल अर्पण' कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्तर सुधारने में मदद मिल रही है. 

टीना डाबी और टोंक प्रशासन की तारीफ में क्या कहा? 

समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने बताया कि जल संचय जन अभियान के तहत टोंक में 15,000 से अधिक जल संरक्षण कार्य पूरे किए जा चुके हैं या प्रगति पर हैं. इसके अलावा, क्षेत्र की महत्वपूर्ण ईसरदा बांध परियोजना का निर्माण कार्य भी तय समय सीमा के भीतर चल रहा है. इन सभी परियोजनाओं की तेज गति और गुणवत्ता को देखते हुए मुख्य सचिव ने कलेक्टर टीना डाबी के नेतृत्व और टोंक प्रशासन के प्रयासों की सार्वजनिक रूप से सराहना की.

कौन हैं IAS टीना डाबी? 

साल 2015 की संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया रैंकिंग 1 रैंक हासिल कर इतिहास रचने वाली टीना डाबी 2016 बैच की राजस्थान कैडर की आईएएस अधिकारी हैं. मूल रूप से मध्य प्रदेश की रहने वाली टीना डाबी का परिवार वर्तमान में दिल्ली में निवास करता है. उनका जन्म 9 नवंबर 1993 को हुआ था. वर्तमान में वो राजस्थान के टोंक जिले की जिलाधिकारी के रूप में सेवाएं दे रही हैं. इससे पहले वो बाड़मेर और जैसलमेर जैसे सीमावर्ती जिलों में भी कलेक्टर के पद पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं. उनके पति प्रदीप गवांडे भी राजस्थान कैडर में ही आईएएस अधिकारी हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Simran Singh

Simran Singh

सिमरन सिंह को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है. उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई हिमालयन यूनिवर्सिटी से की है. साल 2016 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा. इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक से लेकर डिजिटल मीडिया से जुड़ी रहीं. पिछले 3 साल से News24 में थी और वहां बतौर फीचर लीड कई सेक्शन को संभाला. फिलहाल, Zee News में शिक्षा, रोजगार और करियर सेक्शन संभाल रही हैं.
Read More