आज रवि प्रदोष व्रत पर पढ़ें गंधर्व कन्या और ब्राह्मणी की प्रदोष व्रत की कथा, शिव जी पूजा होगी पूर्ण
Ravi Pradosh Katha in hindi: आज रवि प्रदोष व्रत पर प्रदोष काल में शिव जी की पूजा करें और सत्ते मन से प्रदोष व्रत की कथा का पाठ करें. आइए इस लेख में गंधर्व कन्या और ब्राह्मणी की प्रदोष व्रत की कथा जानें.
Ravi Pradosh Katha in hindi: कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि पर यानी आज 22 नवंबर को प्रदोष व्रत रखा जा रहा है. व्रत रविवार के दिन पड़ने के कारण इसे रवि प्रदोष व्रत कहा जाएगा. रवि प्रदोष व्रत के दिन जो भी भक्त प्रदोष काल में शिव जी की उपासना विधि अनुसार करते हैं और प्रदोष व्रत की कथा सुनते-सुनाते हैं उनके घर में सुख समृद्धि बनी रहती है. रवि प्रदोष की पूजा में कथा का पाठ न करें तो पूजा पूर्ण नहीं मानी जाती है. आइए रवि प्रदोष व्रत की कथा और पूजा का शुभ मुहूर्त जानें.
22 नवंबर को रवि प्रदोष व्रत का मुहूर्त
हिंदू पंचांग के अनुसार, 22 नवंबर 2026 को सुबह 04:56 बजे से लेकर 23 नवंबर की रात 02:36 बजे तक त्रयोदशी तिथि बनी रहेगी. प्रदोष व्रत की पूजा मुहूर्त शाम 05:25 बजे से लेकर रात 08:06 बजे तक, इस तरह पूजा के लिए 02 घंटे 41 मिनट का समय मिलेगा.
रवि प्रदोष व्रत की कथा
प्रदोष व्रत कथा के अनुसार, एक नगर में ब्राह्मणी रहती थी जिसके पति का देहांत हो गया था. इस तरह अकेले ही वह अपने बेटे को पालती थी. भोजन पाने के लिए सुबह होते ही वह अपने बेटे के साथ भीख मांगने निकल जाती थी. भीख मांगकर ही अपना और अपने बेटे का पेट भरती थी. एक दिन ब्राह्मणी जब घर लौट रही थी तब उसे रास्ते में एक घायल लड़का कराहता हुआ मिला. जिसे देखकर ब्राह्मणी को दया आ गई और वह उसे घर लेकर आ गई. वह लड़का साधारण नहीं था बल्कि वह विदर्भ का राजकुमार था. हुआ ये था कि शत्रु सैनिकों ने उसके राज्य पर आक्रमण कर राजा को यानी उसके पिता को बंदी बना लिया था. उसके पूरे राज्य पर अपना नियंत्रण स्थापित कर लिया था. जिसके कारण वह लड़का इधर-उधर भटक रहा था. वह लड़का जो राजकुमार था ब्राह्मणी के घर में ही रहने लगा.
एक दिन राजकुमार को अंशुमति नाम की एक गंधर्व कन्या ने देख लिया, वह उसे देखते ही उस पर मोहित हो गई. फिर क्या था अगले ही दिन अपने माता-पिता को राजकुमार से मिलवाने ले आई. उसके माता-पिता को भी राजकुमार भा गया. कुछ दिन बीत गए और अंशुमति के माता-पिता को शिव जी ने सपने में आकर आदेश दिया कि राजकुमार और अंशुमति का विवाह कराओ. इस तरह दोनों का विवाह करा दिया गया. ब्राह्मणी प्रदोष व्रत करती थी और विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा करती थी. प्रदोष व्रत के प्रभाव, शिव जी के आशीर्वाद और गंधर्वराज की सेना की सहायता से विदर्भ से शत्रुओं को राजकुमार ने युद्ध में खदेड़ दिया. उसने अपने पिता को भी छुड़वा लिया. राजकुमार ने सुखपूर्वक अपना राज्य स्थापित कर लिया. राजकुमार ने ब्राह्मणी के बेटे को अपना प्रधानमंत्री घोषित कर दिया. मान्यता है कि ब्राह्मणी के प्रदोष व्रत के प्रभाव से ही उसके दिन फिर गए. प्रदोष व्रत करने वाले भक्तों पर भगवान शिव हमेशा अपनी कृपा बरसाते हैं और भक्तों के दिन फेर देते हैं.
(Disclaimer: यह लेख सामान्य धार्मिक मान्यताओं और पंचांग गणना पर आधारित है, इसे अंतिम सत्य न मानें. व्रत-पूजा से पहले अपनी श्रद्धा और विद्वान की सलाह को अवश्य ध्यान में रखें.)