Jaipur News: विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर राजस्थान में पर्यटन स्थलों पर खास रौनक देखने को मिल रही है. प्रदेश के सभी संरक्षित स्मारकों और संग्रहालयों में पर्यटकों के लिए नि:शुल्क प्रवेश रखा गया है. सुबह से ही देशी और विदेशी पर्यटक राजस्थान की ऐतिहासिक धरोहरों, किलों, स्मारकों और संग्रहालयों को देखने पहुंच रहे हैं. पर्यटकों के स्वागत के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं.
राजस्थान की कला, इतिहास और विरासत से पर्यटकों को रूबरू कराने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. जयपुर के आमेर महल और जंतर-मंतर पर भी विशेष गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं.
जयपुर में पर्यटकों का माला-तिलक से स्वागत
विश्व पर्यटन दिवस पर गुलाबी नगरी जयपुर में सुबह से ही पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भीड़ नजर आई. ऐतिहासिक स्मारकों और संग्रहालयों को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे. राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत और धरोहर को करीब से जानने के लिए देशी-विदेशी पर्यटकों में उत्साह देखने को मिला.
पर्यटकों का स्वागत माला और तिलक लगाकर किया जा रहा है. इस मौके पर सोशल मीडिया के जरिए डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने वीडियो संदेश जारी कर शुभकामनाएं दीं. जंतर-मंतर सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर भी विश्व पर्यटन दिवस को लेकर विशेष आयोजन किए जा रहे हैं.
बीकानेर में हेरिटेज ट्रेजर हंट का आयोजन
विश्व पर्यटन दिवस पर बीकानेर में भी खास आयोजन किए जा रहे हैं. यहां रामपुरिया हवेलियों से हेरिटेज ट्रेजर हंट की शुरुआत हुई. हेरिटेज वॉक के जरिए प्रतिभागियों को शहर की ऐतिहासिक धरोहरों से रूबरू कराया गया.
इस आयोजन के जरिए प्रतिभागियों को बीकानेर की कला, संस्कृति और विरासत को करीब से जानने का मौका मिला. हेरिटेज ट्रेजर हंट में युवाओं ने भी उत्साह के साथ हिस्सा लिया. विश्व पर्यटन दिवस पर यह आयोजन बीकानेर की ऐतिहासिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी को इससे जोड़ने की पहल के तौर पर किया जा रहा है.
मेहरानगढ़ फोर्ट में देशी-विदेशी पर्यटकों की रौनक
जोधपुर में भी विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटकों की अच्छी खासी रौनक देखने को मिल रही है. सूर्यनगरी के विश्व प्रसिद्ध मेहरानगढ़ फोर्ट में बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक पहुंचे. पर्यटकों ने किले की ऐतिहासिक विरासत, भव्य इमारतों, नक्काशी और शानदार स्थापत्य कला को करीब से देखा.
जोधपुर पहुंचने वाले पर्यटकों में पश्चिम बंगाल, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र और चेन्नई सहित देश के अलग-अलग राज्यों के लोग शामिल रहे. वहीं इटली, अमेरिका, फ्रांस, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों से आए विदेशी पर्यटकों ने भी मेहरानगढ़ फोर्ट की खूबसूरती को निहारा.
फिल्मों और मोबाइल में देखा था फोर्ट, अब सामने से देखा
मेहरानगढ़ फोर्ट पहुंचे कुछ पर्यटकों ने जी मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्होंने अब तक इस किले को मोबाइल फोन और फिल्मों में ही देखा था. पहली बार इसे करीब से देखने का मौका मिला. फोर्ट की भव्यता, ऐतिहासिक इमारतें, नक्काशी और स्थापत्य कला ने पर्यटकों को खासा आकर्षित किया.
विश्व पर्यटन दिवस पर राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बढ़ी पर्यटकों की संख्या से पर्यटन कारोबार में भी उत्साह नजर आ रहा है. जयपुर, बीकानेर और जोधपुर में ऐतिहासिक विरासत एक बार फिर देश-दुनिया के सैलानियों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.