)
Tonk News: राजस्थान के टोंक जिला मुख्यालय के कंपू इलाके में रात के समय एक मकान में चल रही पार्टी को लेकर विवाद हो गया. मकान में पांच युवक और छह युवतियों की मौजूदगी का स्थानीय लोगों ने विरोध किया. आरोप है कि इसी दौरान दो युवकों ने तलवार और चाकू से हमला कर दिया, जिसमें दो युवक घायल हो गए. इनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रेफर किया गया है. सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने हंगामे के बीच मकान से युवक-युवतियों को बाहर निकाला. पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
कंपू इलाके में युवक-युवतियों की मौजूदगी पर विवाद
जानकारी के अनुसार, कंपू इलाके में बीती रात एक मकान में पार्टी के लिए युवक-युवतियों के जुटने की सूचना के बाद स्थानीय लोग एकत्रित हो गए. लोगों का आरोप है कि मकान में पिछले दो-तीन दिनों से संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं. इसी को लेकर लोगों ने मकान का दरवाजा खटखटाया और अंदर मौजूद लोगों से जानकारी लेने का प्रयास किया. इस दौरान कहासुनी बढ़ गई और मामला हिंसक विवाद में बदल गया.
यह भी पढ़ें-
तलवार और चाकू से हमले का आरोप
स्थानीय लोगों के आरोप के मुताबिक, मकान के अंदर मौजूद दो युवकों ने तलवार और चाकू से हमला कर दिया. इस घटना में दो युवक घायल हो गए. इनमें से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इसी बीच तीन युवक मौके से फरार हो गए.
विरोध के बीच पुलिस ने संभाली स्थिति
हंगामे की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस और डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा मौके पर पहुंचे. पुलिस ने वहां मौजूद लोगों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया. स्थानीय लोगों के विरोध के बीच पुलिस ने मकान में मौजूद युवक-युवतियों को बाहर निकाला. मौके पर मिले दो युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया गया. स्थानीय लोगों ने मकान में कथित संदिग्ध गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की.
यह भी पढ़ें-
छह युवतियां किराये पर रह रही थीं
कोतवाली थाना अधिकारी भंवर लाल वैष्णव के अनुसार, मकान में छह युवतियां पिछले दो-तीन दिनों से किराये पर रह रही थीं. रात में उनके पास दो युवक पहुंचे थे. विवाद की सूचना के बाद अन्य युवक भी वहां आ गए थे. पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है और फरार युवकों की तलाश की जा रही है. अवैध गतिविधियों से जुड़ी शिकायतों की भी जांच की जा रही है.
तलवार और गंडासा जैसे हथियार जब्त
पुलिस ने मकान की तलाशी के दौरान धारदार हथियार भी जब्त किए हैं. मौके से तलवार और गंडासा बताए जा रहे हथियारों को कपड़े में लपेटकर बाहर लाया गया. हालांकि, हथियारों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि के लिए पुलिस की विस्तृत जांच जारी है. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति साफ हो सकेगी.