SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दो साल पहले धनतेरस पर हुई थी 5 किलो चांदी की चोरी: अब फिर उसी सुनार की दुकान से लाखों का माल पार

अलवर जिले में प्रतापगढ़ थाने से महज 100 मीटर दूर एक सुनार की दुकान में चोरी की वारदात हुई. चोर करीब 2 किलो चांदी और अन्य सामान ले गए, जिससे 4 से 5 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है. दुकानदार के मुताबिक, करीब दो साल पहले भी इसी दुकान में चोरी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हुआ है.

Written By Aman Singh
Published: Oct 24, 2026, 07:33 PM IST | Updated: Oct 24, 2026, 07:58 PM IST
Image Credit: Zee Media
Join

राजस्थान के अलवर जिले में प्रतापगढ़ थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित सुनार की एक दुकान को चोरों ने एक बार फिर निशाना बनाया. आधी रात के बाद हुई इस वारदात में चोर करीब 2 किलो चांदी और अन्य सामान चोरी कर ले गए. शुरुआती अनुमान के मुताबिक, चोरी से करीब 4 से 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. सुबह दुकान पर पहुंचने पर वारदात का पता चला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात के अंधेरे में दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया. सुबह दुकान पहुंचने पर चोरी का पता चलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई. अब पुलिस जांच में जुटने और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने से चोरों के संबंध में सुराग मिलने की उम्मीद है.

दो साल पहले भी इसी दुकान में हुई थी चोरी

दुकानदार के अनुसार, करीब दो साल पहले धनतेरस की पहली रात भी इसी दुकान का शटर तोड़कर चोरी की गई थी. उस दौरान चोर करीब 5 किलो चांदी और अन्य सामान ले गए थे. दुकानदार का दावा है कि पुरानी वारदात का अब तक खुलासा नहीं हुआ है और उस मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी भी नहीं हुई.

एक ही दुकान में दोबारा चोरी की वारदात और वह भी थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर होने से बाजार की सुरक्षा व्यवस्था तथा रात के समय पुलिस गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं. अब देखना होगा कि पुलिस इस बार चोरी की वारदात का खुलासा कर आरोपियों तक कब पहुंचती है और क्या पुरानी चोरी के मामले में भी कोई कार्रवाई आगे बढ़ पाती है.

पढ़ें एक और बड़ी खबर

अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र के मंगल विहार में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषण और 70 हजार रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर दिया. चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब साढ़े 3 लाख रुपए बताई जा रही है. पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, गौरी देवी महाविद्यालय से सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बिरमा देवी 21 अक्टूबर को अपने पीहर बानसूर गई हुई थीं. वहीं उनका बड़ा बेटा नरेंद्र कुमार, जो शोभाराम कला महाविद्यालय में लेक्चरर है, चुनाव ड्यूटी पर गया हुआ था. इसी दौरान घर को सूना पाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया.

चोर मकान से सोने की अंगूठियां, कान के कुंडल, बालियां, चांदी की आधा दर्जन से अधिक पायजेब सहित अन्य आभूषण और 70 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ले गए. शुक्रवार को जब बिरमा देवी वापस घर लौटीं तो मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर का ताला टूटा मिला. घर के अंदर सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी का पता चला. इसके बाद पीड़िता ने अरावली विहार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.

Reporter- Jugal Gandhi

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जून 2023 से ज़ी राजस्थान के साथ कार्यरत अमन लगातार अपनी क्रिएटिविटी और प्रोफेशनल स्किल्स के जरिए पाठकों तक तेज, सटीक और भरोसेमंद खबरें पहुंचा रहे हैं. वे उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं, अमन ने जौनपुर से ही अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. डिजिटल पत्रकारिता में गहरी समझ, तेज खबर पकड़ने की क्षमता के कारण अमन सिंह एक उभरते हुए और भरोसेमंद मीडिया प्रोफेशनल के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES