राजस्थान उप जिला प्रमुख चुनाव नतीजों ने चौंकाया: डूंगरपुर में 1 वोट से जीती BAP, सिरोही में कांग्रेस का दबदबा
डूंगरपुर में उप जिला प्रमुख चुनाव के नतीजे दिलचस्प रहे. यहां बीएपी की मंजूला देवी एक वोट से चुनाव जीत गईं.
डूंगरपुर जिले में उप जिला प्रमुख चुनावों में भारत आदिवासी पार्टी की मंजुला रोत ने 1 वोट से जीत दर्ज की है. कांग्रेस के जिला परिषद के एक सदस्य के वोट के चलते मंजुला देवी ने सफलता हासिल की. उपजिला प्रमुख चुनाव में भाजपा ने हितेश रावल व बीएपी ने 3 बार प्रधान रहीं मंजुला रोत को उम्मीदवार बनाया था. इसके बाद दोपहर 3 से शाम 5 बजे मतदान हुआ. इसमें भाजपा के सभी 14 और बीएपी के 14 सदस्यों ने वोट डाला.
बीएपी को मिले 15 वोट
वहीं, जिला परिषद के वार्ड 29 से कांग्रेस के जिला परिषद सदस्य ने बीएपी के सदस्यों के साथ आकर मतदान किया. जबकि कांग्रेस के 8 अन्य सदस्य मतदान करने नहीं आए. इधर मतगणना में बीएपी की मंजूला को 15 वोट मिले, जबकि भाजपा के हितेश रावल को 14 वोट मिले ओर वे चुनाव हार गए. कांग्रेस के निठाउवा से जिला परिषद सदस्य कन्हैयालाल बीएपी के सदस्यों के साथ वोट करने आए थे. ये वोट बीएपी को मिला, जिससे बीएपी की जीत हुई. जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर देशलदान ने मंजुला रोत को विजयी घोषित किया और शपथ दिलाते हुए निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा.
बीजेपी ने लगाया मिलीभगत का आरोप
जीत के बाद बाहर निकलते ही बीएपी समर्थकों ने जिला प्रमुख अनुतोष रोत को कंधों पर उठा लिया और नारेबाजी की. वहीं जमकर आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया. इधर भाजपा के नेताओं द्वारा प्रशासन पर चुनाव में मिलीभगत के आरोपों पर जिला निर्वाचन अधिकारी देशलदान ने कहा कि निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के तहत निष्पक्ष व पारदर्शिता के साथ पूरी प्रक्रिया को सम्पन्न करवाई गई है.
सलूंबर के उप जिला प्रमुख पद पर सुरेश कुमार सोनू निर्वाचित
जिला परिषद सलूंबर के उप जिला प्रमुख पद के निर्वाचन की प्रक्रिया गुरुवार को संपन्न हुई. निर्वाचन के बाद जारी परिणाम के अनुसार भारत आदिवासी पार्टी के अभ्यर्थी सुरेश कुमार सोनू उप जिला प्रमुख पद पर निर्वाचित घोषित किए गए. निर्वाचन में सुरेश कुमार सोनू को कुल 12 मत प्राप्त हुए, जबकि भारतीय जनता पार्टी के अभ्यर्थी हितेश कुमार सेवक को 9 मत मिले. इस प्रकार कुल 21 मत डाले गए। निर्वाचन में कोई भी मत निरस्त अथवा नोटा के पक्ष में दर्ज नहीं हुआ. निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी परिणाम घोषणा पत्र के अनुसार सुरेश कुमार सोनू को जिला परिषद सलूंबर के उप जिला प्रमुख पद पर निर्वाचित घोषित किया गया.
सिरोही में कांग्रेस का दबदबा बरकरार
सिरोही जिला प्रमुख के बाद उप जिला प्रमुख के चुनाव में भी कांग्रेस ने जीत दर्ज की. गुरुवार को जिला परिषद कार्यालय में हुए मतदान में कांग्रेस प्रत्याशी लखमाराम गरासिया ने 22 मत हासिल कर भाजपा प्रत्याशी दुर्गा माली को पराजित किया, जिन्हें 5 मत मिले. जीत के बाद गरासिया ने पूर्व विधायक संयम लोढ़ा के नेतृत्व में जिले के विकास को गति देने और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का संकल्प जताया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. गौरतलब है कि इससे पहले गुमान सिंह देवड़ा जिला प्रमुख निर्वाचित हुए थे. अब शुक्रवार को जिले की आठ पंचायत समितियों में प्रधान पद के चुनाव होंगे.
तीसरी बार बीजेपी का कब्जा
पंचायती राज चुनाव में उदयपुर जिला परिषद पर भारतीय जनता पार्टी ने लगातार तीसरी बार कब्जा किया, लेकिन जिले की 20 पंचायत में भारतीय जनता पार्टी के मुकाबले कांग्रेस का पलड़ा भारी नजर आया है. पंचायत में हुई हार पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए टीएडी मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि पंचायती राज चुनाव में हुए हार की समीक्षा की जाएगी और जहां कमी रही है उसको दूर किया जाएगा.
(डूंगरपुर से अखिलेश शर्मा और सिरोही से अविनाश जगनावत की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें ; जयपुर में कांग्रेस का डबल धमाका, सुनील कुमावत ने BJP प्रत्याशी को 28 वोटों से हराया