SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

राजस्थान मौसम अपडेट: पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम, कई जिलों में बारिश का अलर्ट

पश्चिमी विक्षोभ के असर से 15 नवंबर को राजस्थान के कई जिलों में मौसम बदल गया है. डीडवाना-कुचामन, नागौर, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर और कोटपूतली-बहरोड़ में बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है.

Written By Zee Rajasthan Web Team
Published: Nov 15, 2026, 11:59 IST | Updated: Nov 15, 2026, 12:03 IST
Image Credit: कई जिलों में बारिश की संभावना
Join

राजस्थान में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई जिलों में बादल छाने, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने डीडवाना-कुचामन, नागौर, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर और कोटपूतली-बहरोड़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ अचानक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट और सर्दी का असर बढ़ने के आसार हैं.

पश्चिमी विक्षोभ से कई जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. डीडवाना-कुचामन, नागौर, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर और कोटपूतली-बहरोड़ में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान मेघगर्जन और बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.

झुंझुनूं में बारिश से बदला मौसम, बढ़ी ठंडक
झुंझुनूं जिले में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई देने लगा है. उदयपुरवाटी और चिड़ावा उपखंड क्षेत्र में बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया है. बारिश के साथ चली हवाओं के कारण लोगों को हल्की सर्दी का अहसास होने लगा है. मौसम विभाग ने रविवार को जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया था.

चिड़ावा शहर के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी हल्की बारिश का दौर जारी रहा. डांगर, ओजटू, अडूका, स्वामी सेही, श्योपुरा, बास गोदारा, इस्माइलपुर, नरहड़ और देवरोड़ सहित कई गांवों में बारिश दर्ज की गई. बारिश के बाद चली ठंडी हवाओं ने मौसम में सर्दी का एहसास बढ़ा दिया है.

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में जहरीली होती हवा! बीकानेर-श्रीगंगानगर की हवा सबसे खराब, सीकर में AQI 234 पहुंचा

रबी की फसलों के लिए फायदेमंद हो सकती है बारिश
झुंझुनूं जिले में हुई बारिश को कृषि विशेषज्ञ रबी की फसलों के लिए फायदेमंद मान रहे हैं. फिलहाल जिले में रबी फसलों की बुआई का काम जारी है, जबकि कई क्षेत्रों में किसान बुवाई पूरी कर चुके हैं. ऐसे में बारिश की बूंदें खेतों में नमी बढ़ाने में मददगार साबित हो सकती हैं. किसानों को उम्मीद है कि मौसम में आए इस बदलाव से फसलों को फायदा मिलेगा. वहीं, आगामी दिनों में तापमान गिरने के साथ जिले में सर्दी का असर और बढ़ने की संभावना है.

आने वाले दिनों में बढ़ेगी सर्दी
पश्चिमी विक्षोभ के असर से हुई बारिश और तेज हवाओं के बाद राजस्थान के कई इलाकों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है. खासकर शेखावाटी और उत्तरी राजस्थान में ठंड का असर बढ़ सकता है. सुबह और रात के समय सर्दी अधिक महसूस होने के आसार हैं. ऐसे में नवंबर के मध्य से प्रदेश में सर्दी धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगेगी. 15 नवंबर को राजस्थान में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है. कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है, जबकि बारिश के बाद तापमान गिरने से सर्दी बढ़ सकती है.

कोटा में बिगड़ी आबोहवा, AQI 150 के पार
मौसम में बदलाव और दीपावली पर हुई आतिशबाजी का असर कोटा की आबोहवा पर भी देखने को मिला है. शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 150 के पार पहुंच गया. इसके बाद श्वास संबंधी बीमारियों और फेफड़ों की परेशानी से जुड़े मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है.

संभाग के सबसे बड़े एमबीएस अस्पताल, मेडिकल कॉलेज अस्पताल सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है. डॉक्टरों के अनुसार डेंगू और स्क्रब टाइफस के मरीजों में कमी आई है, लेकिन अस्थमा, सांस की बीमारी, टीबी और फेफड़ों से संबंधित समस्याओं के मरीज बढ़े हैं. आतिशबाजी के कारण खराब हुई हवा को भी इसकी एक वजह माना जा रहा है.

आसमान साफ होने लगा, फिर भी सांस के मरीजों की परेशानी बरकरार
हालांकि अब कोटा शहर के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी आसमान साफ होने लगा है और वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार के संकेत मिल रहे हैं. इसके बावजूद मौसम में बदलाव और प्रदूषण के असर से सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी बनी हुई है. डॉक्टरों ने अस्थमा और सांस की परेशानी से जूझ रहे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

ZEENEWS TRENDING STORIES