Rajasthan Weather Update: जयपुर से बीकानेर तक बदलेगा मौसम, इन जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में 15 अक्टूबर को जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है. बीकानेर संभाग सहित कई जिलों में तेज हवाओं, मेघगर्जन और ओलावृष्टि का अलर्ट है. पश्चिमी राजस्थान में 16 अक्टूबर से मौसम शुष्क हो सकता है.
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में अक्टूबर के मध्य में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, 15 अक्टूबर को पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग और पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर व अजमेर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. वहीं, जयपुर संभाग के ग्रामीण क्षेत्रों सहित कुछ जिलों में ओलावृष्टि की आशंका भी जताई गई है.
राजस्थान के इन जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 15 अक्टूबर को बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में गरज-चमक, तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की गई है. नागौर और डीडवाना-कुचामन में भी तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका है.
यह भी पढ़ें- Rajasthan Weather Update: राजस्थान में फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, जयपुर से बीकानेर तक बारिश के आसार
पूर्वी राजस्थान में जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है. जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, सीकर, खैरथल-तिजारा और कोटपुतली-बहरोड़ समेत कई जिलों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है. कुछ जिलों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है.
जयपुर और भरतपुर संभाग में कैसा रहेगा मौसम?
जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों में 16 अक्टूबर तक मेघगर्जन और तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने 15 अक्टूबर को जयपुर संभाग के ग्रामीण क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना भी व्यक्त की है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
जैसलमेर में पारा 40 डिग्री, कई शहरों में गर्मी का असर
बारिश की संभावना के बीच प्रदेश में तापमान भी ऊंचा बना हुआ है. मौसम केंद्र की 14 अक्टूबर की रिपोर्ट के अनुसार, जैसलमेर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा. बाड़मेर में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री और जोधपुर में 39.1 डिग्री सेल्सियस रहा. चूरू में 38 डिग्री, बीकानेर में 37.6 डिग्री और जयपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
16 अक्टूबर के बाद बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान में 16 अक्टूबर से मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. पूर्वी राजस्थान में 16 अक्टूबर को जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. इसके बाद 17 और 18 अक्टूबर को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.
किसानों के लिए विशेष सलाह
मौसम विभाग ने बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के किसानों को खुले आसमान के नीचे रखी फसलों को बारिश से बचाने के लिए उचित इंतजाम करने की सलाह दी है. कृषि उपज मंडियों में खुले में रखे अनाज और अन्य कृषि उत्पादों को भीगने से बचाने के लिए सुरक्षित स्थान पर रखने या ढकने की व्यवस्था करने को कहा गया है.