नशे की लत ने बनाया बाइक चोर: 19 साल के रियाज का अनोखा तरीका, 14 चोरी की बाइक बरामद
Rajasthan News: जयपुर की चित्रकूट थाना पुलिस ने 19 वर्षीय रियाज को बाइक चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 14 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कीं. आरोपी दूदू से बस में जयपुर आता और मास्टर चाबी से बाइक चुराकर नशे की पूर्ति करता था.
Jaipur News: जयपुर शहर की चित्रकूट थाना पुलिस ने 19 साल के बाइक चोर को गिरफ्तार किया है. आरोपी की निशानदेही पर चोरी की 14 मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं. पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे की पूर्ति के लिए बाइक चोरी करता था. खास बात यह है कि आरोपी बस से आता और मोटरसाइकिल चुराकर ले जाता.
बस से जयपुर आता, बाइक चुराकर ले जाता
जयपुर शहर में वाहन चोरी के मामलों की जांच के दौरान चित्रकूट थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 19 वर्षीय रियाज के रूप में हुई है, जो दूदू की इंद्रा कॉलोनी का निवासी है. आरोपी रियाज दूदू से बस में जयपुर आता और मोटरसाइकिल चुराकर ले जाता था. आरोपी से चुराई गई 14 मोटरसाइकिलें अब तक जब्त की जा चुकी हैं. आरोपी के खिलाफ पहले भी वाहन चोरी सहित अन्य मामलों में प्रकरण दर्ज हैं. उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई मोटरसाइकिलों की बरामदगी की.
नौ थाना क्षेत्रों से जुड़ी चोरी की बाइक बरामद
बरामद मोटरसाइकिलें चित्रकूट, करणी विहार, सेज, भांकरोटा, करधनी, नारायण विहार, फुलेरा, दूदू और अजमेर के किशनगढ़ क्षेत्र से जुड़ी बताई गई हैं. डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि आरोपी रियाज भीड़भाड़ वाले स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करता था. जब बाइक मालिक काफी देर तक वापस नहीं आता तो मौका देखकर मास्टर चाबी से लॉक खोलकर मोटरसाइकिल चोरी कर ले जाता था.
खंडहर में छिपाता था चोरी की मोटरसाइकिलें
इसके बाद चोरी की बाइक को सुनसान या खंडहर जगह पर छिपा देता था. पुलिस का कहना है कि आरोपी मोटरसाइकिलों के पार्ट्स निकालकर बेचने का प्रयास करता था और चोरी की गाड़ियों से जयपुर शहर तथा दूदू में घूमता था. रियाज आदतन वाहन चोर और स्मैक पीने का आदी है. जांच में पुलिस ने चोरी की वारदातों के पीछे नशे की पूर्ति को वजह बताया है.
29 सितंबर को हुई थी बाइक चोरी
मामले की शुरुआत 29 सितंबर को हुई, जब चित्रकूट मार्ग पर खड़ी एक मोटरसाइकिल चोरी हो गई. पीड़ित कपिल सिंह ने 7 अक्टूबर को चित्रकूट थाने में शिकायत दर्ज करवाई. पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया. जांच के दौरान 200 फीट बाईपास के पास आरोपी रियाज को मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया. पूछताछ में मोटरसाइकिल चोरी की होने की पुष्टि के बाद उसे गिरफ्तार किया गया. इसके बाद आरोपी की सूचना पर पास के एक खंडहरनुमा स्थान से अन्य 13 मोटरसाइकिल बरामद की गईं.
पुलिस अन्य वारदातों की भी कर रही जांच
पुलिस के मुताबिक, बरामद मोटरसाइकिलें अलग-अलग तारीखों पर विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं. इनमें जयपुर पश्चिम के कई इलाकों के अलावा जयपुर ग्रामीण के दूदू और अजमेर के किशनगढ़ क्षेत्र से जुड़ी मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं. आरोपी के खिलाफ दूदू और मौखमपुरा थाना क्षेत्रों में भी प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है.
अब पुलिस बरामद मोटरसाइकिलों के मालिकों और संबंधित मुकदमों का मिलान कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने अन्य कितनी वारदातों को अंजाम दिया और चोरी के वाहनों के पार्ट्स बेचने में कोई दूसरा व्यक्ति शामिल था या नहीं.