App

राजस्थान के इन जिलों में अकाल होगा घोषित? किरोड़ी लाल मीणा ने बताया सरकार का प्लान

मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि राजस्थान के 8 से 10 जिलों में कम बारिश को लेकर सर्वे जारी है. सर्वे पूरा होने के बाद अकाल घोषित कर राहत कार्य शुरू किए जाएंगे. जयपुर कमिश्नरेट में कांग्रेस के धरने पर उन्होंने कानून तोड़ने का आरोप लगाया. वहीं, स्वास्थ्य ठीक नहीं होने और अपने जिले में रात 9 बजे बैठक होने के कारण वे बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में पंचायत चुनाव की बैठक में शामिल नहीं हुए.

राजस्थान के इन जिलों में अकाल होगा घोषित? किरोड़ी लाल मीणा ने बताया सरकार का प्लान
Image Credit: किरोड़ी लाल मीणा का बड़ा बयान

प्रदेश में कम बारिश, जयपुर कमिश्नरेट में कांग्रेस के धरने और पंचायत चुनावों को लेकर मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने बयान दिए. उन्होंने कम बारिश वाले जिलों में सर्वे पूरा होने के बाद अकाल घोषित करने और राहत कार्य शुरू करने की बात कही. वहीं, कांग्रेस के धरने को लेकर आरोप लगाया कि कमिश्नरेट के अंदर धरना देकर कांग्रेस ने कानून तोड़ा.

कम बारिश वाले जिलों में सर्वे जारी
प्रदेश के कई जिलों में कम वर्षा होने को लेकर मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि प्रदेश के 8 से 10 जिलों में बारिश कम हुई है. कम बारिश वाले जिलों का सर्वे चल रहा है. सर्वे पूरा होते ही उन जिलों में अकाल घोषित कर दिया जाएगा और अकाल राहत के काम जल्द शुरू किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि सर्वे करना राजस्व विभाग की जिम्मेदारी है, जबकि राहत के काम शुरू करना हमारी जिम्मेदारी है.

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के अकाल की स्थिति की जानकारी नहीं होने के बयान पर पलटवार करते हुए मीणा ने कहा कि चप्पे-चप्पे पर सरकार के अधिकारी हैं और सरकार के पास सूचना आ गई है. सर्वे में समय लगता है. सर्वे पूरा होते ही राहत के काम शुरू होंगे.

कांग्रेस के धरने पर बोले-कानून तोड़ा
जयपुर कमिश्नरेट में कांग्रेस नेताओं के धरने को लेकर भी मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने निशाना साधा. उन्होंने कहा कि धरना-प्रदर्शन लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन कांग्रेस ने कमिश्नरेट के अंदर धरना देकर कानून को हाथ में लिया. धरना देने के लिए अलग स्थान हैं. कमिश्नरेट में धरना देकर कांग्रेस ने कानून तोड़ा है. FIR दर्ज नहीं करने के मामले पर मीणा ने कहा कि सरकार की ओर से कोई दबाव नहीं होता। सुप्रीम कोर्ट के आदेश हैं. कोई FIR के लिए जाएगा तो जांच अधिकारी विचार करके दर्ज करेगा.

पंचायत चुनाव की बैठक में शामिल नहीं होंगे किरोड़ी लाल मीणा
पंचायत चुनावों को लेकर बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में चल रही बैठक के बीच मंत्री किरोड़ी लाल मीणा मुख्यालय पहुंचे, लेकिन कुछ ही मिनटों में बाहर निकल गए. उन्होंने बताया कि वे प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से अनुमति लेने आए थे. मीणा ने कहा कि उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है, मेरे जिले की रात 9 बजे मीटिंग है. उन्होंने बैठक में शामिल नहीं होने की अनुमति मांगी थी, जिसे प्रदेश अध्यक्ष ने दे दिया. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vishnu Sharma

Vishnu Sharma

विष्णु शर्मा जी मीडिया राजस्थान में कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ITV Network के चैनलों—India News, India News Rajasthan और NewsX—के साथ की, जहां पॉलिटिक्स बीट पर काम किया। इस दौरान उन्होंने राजस्थान की राजनीति को करीब से कवर किया और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव हासिल किया। विष्णु शर्मा विधानसभा और लोकसभा चुनाव कवर कर चुके हैं। चुनावों के दौरान उन्होंने राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में जाकर जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।फिलहाल विष्णु शर्मा Zee News के साथ काम कर रहे हैं और राजस्थान की राजनीति से जुड़ी खबरों को कवर कर रहे हैं।
Read More