झुंझुनूं में पिता के कत्ल में खुलासा: गड्ढे में दबाया शव, पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश, दोनों बेटे डिटेन
झुंझुनूं के तारा का बास गांव में जुगल किशोर जांगिड़ की हत्या कर शव गड्ढे में दबाने और जलाने की कोशिश का मामला सामने आया है. पुलिस ने मृतक के दोनों बेटों को डिटेन किया है. शव करीब 7 दिन तक गड्ढे में दबा रहा.
झुंझुनूं जिले के सुलताना थाना क्षेत्र के तारा का बास गांव में पिता की हत्या कर शव को गड्ढे में दबाने और जलाने का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने मृतक के दोनों बेटों को डिटेन किया है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनों बेटों की भूमिका सामने आई है. मृतक की पहचान जुगल किशोर जांगिड़ के रूप में हुई है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है. मामले में हत्या के कारणों और घटना में अन्य लोगों की भूमिका को लेकर जांच जारी है.
मुंबई से गांव लौट आया था जुगल किशोर
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, जुगल किशोर पहले मुंबई में रहकर फर्नीचर का काम करता था. उसके बेटे भी मुंबई में रहते थे. करीब एक साल पहले जुगल किशोर गांव लौट आया था. बताया जा रहा है कि शराब पीने के बाद उसके गाली-गलौज करने को लेकर घर में विवाद होता रहता था. 11 अक्टूबर को जुगल किशोर अपने परिजनों के साथ गांव के जीणमाता मंदिर गया था. वहां भी नशे में गाली-गलौज करने की बात सामने आई है. इसके बाद घर में विवाद हुआ और इसी दौरान हत्या किए जाने की आशंका है.
गड्ढे में दबाकर शव जलाने का प्रयास
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, हत्या के बाद शव को मकान के पीछे स्थित शामलाती जमीन पर गड्ढा खोदकर दबा दिया गया. शव के ऊपर खेजड़ी की लकड़ियां और घास डाल दी गई. इसके बाद पेट्रोल डालकर शव को जलाने का प्रयास किया गया. शव करीब सात दिन तक गड्ढे में दबा रहा. इस दौरान कुत्तों द्वारा शव को बाहर खींचने और वहां से दुर्गंध आने पर मामला सामने आया.
दुर्गंध आने पर पुलिस को दी सूचना
मकान के पीछे से दुर्गंध आने पर परिजनों ने चनाना पुलिस चौकी को सूचना दी. शुरुआत में किसी जानवर के मरने की आशंका जताई गई. सूचना पर चौकी प्रभारी नरेश मीणा टीम के साथ मौके पर पहुंचे. जांच के दौरान मामला संदिग्ध लगने पर सुलताना थानाधिकारी रामनिवास को सूचना दी गई. रात में अंधेरा होने के कारण पुलिस ने मौके पर निगरानी रखी.
गड्ढे में मिला आधा जला शव
रविवार सुबह डीएसपी गौरव यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. दुर्गंध वाली जगह से घास हटाने पर गड्ढे में आधा जला शव मिला. मौके पर एफएसएल और एमओबी टीम ने साक्ष्य जुटाए. शव को चिड़ावा सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया.
मृतक के दोनों बेटों को डिटेन किया
इस संबंध में मृतक के चचेरे भाई पवन कुमार की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है. सुलताना थानाधिकारी रामनिवास ने बताया कि मृतक के दोनों बेटों की भूमिका प्रारंभिक जांच में सामने आने पर उन्हें डिटेन कर पूछताछ की जा रही है. वहीं, डीएसपी गौरव यादव के अनुसार, शव को मारकर जलाने और गाड़ने की आशंका है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
Reporter - Sandeep Kedia