सिर्फ स्कूटी चुराने वाला हिस्ट्रीशीटर, पेट्रोल खत्म होते ही दूसरी चुरा लेता
जयपुर में एक ऐसा वाहन चोर गिरफ्तार हुआ है, जो बाइक नहीं, सिर्फ स्कूटी को ही निशाना बनाता था. चोरी की स्कूटी में पेट्रोल खत्म होने तक घूमता और पेट्रोल खत्म होते ही उसे कहीं छोड़कर दूसरी स्कूटी चुरा लेता था. माणकचौक थाना पुलिस ने इस शातिर हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर चोरी की 6 स्कूटी बरामद की हैं. आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी के 24 मामले दर्ज हैं.
जयपुर के आराध्यदेव गोविंददेवजी के दर्शन करने आए एक श्रद्धालु की जलेबी चौक से स्कूटी चोरी हो गई. मामला 23 अगस्त 2026 का है. परिवादी अपनी ग्रे रंग की एक्टिवा जलेबी चौक पार्किंग में खड़ी कर गोविंद देवजी मंदिर में दर्शन करने गया था. करीब आधे घंटे बाद लौटा तो स्कूटी गायब मिली. काफी तलाश के बाद भी स्कूटी नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई. माणकचौक थाना पुलिस के लिए इस वारदात का खुलासा करना चुनौती था क्योंकि पार्किंग में सीसीटीवी कैमरे नहीं थे, ऐसे में वारदात किस वक्त हुई पता नहीं था.
50 से ज्यादा कैमरों के फुटेज खंगाले
वारदात जहां हुई इसके आसपास के 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए. संदिग्ध के आने-जाने के रास्तों पर निगरानी की गई और मुखबिरों को सक्रिय किया गया. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि स्कूटी चोरी की वारदात में माणकचौक थाने का ही हिस्ट्रीशीटर शामिल है. आरोपी की तलाश शुरू की गई. मुखबिर से सूचना मिली कि वो चोरी की एक्टिवा लेकर माणकचौक थाना क्षेत्र के आसपास घूम रहा है. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को चोरी की एक्टिवा सहित गिरफ्तार कर लिया.
सिर्फ स्कूटी का शौक
गिरफ्तार आरोपी 30 साल का अभिषेक शर्मा उर्फ राज, जौहरी बाजार के पितलियों का चौक का रहने वाला है और माणक चौक थाने का हिस्ट्रीशीटर है. पुलिस के मुताबिक अभिषेक दोपहिया वाहनों में सिर्फ स्कूटी को ही निशाना बनाता था. उसका तरीका भी अलग था. आरोपी पार्किंग या ऐसी सुनसान जगहों पर पहुंचता, खासतौर पर वहां पर जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं होते थे. मौका देखकर खड़ी स्कूटी चुराता और वहां से फरार हो जाता था.
पेट्रोल खत्म होने पर छोड़कर चला जाता .....
पूछताछ में हिस्ट्रीशीटर अभिषेक शर्मा का अनूठा शौक सामने आया. पता चला कि स्कूटी चुराने के बाद चोरी की स्कूटी में पेट्रोल खत्म होने तक उसे चलाता. पेट्रोल खत्म होने के बाद स्कूटी छोड़ देता और दूसरी स्कूटी चुराकर इसी तरीके को दोहराता था. पुलिस से बचने के लिए वो चोरी की स्कूटी लेकर दूसरे इलाकों में घूमता और अपना ठिकाना भी बदलता रहता.
ये भी पढ़ें : झुंझुनूं में बदमाशों की दबंगई: जीप से पीछा कर दो सगे भाइयों को लाठी-डंडों और लोहे के सरियों से पीटा