SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जयपुर के व्यापारियों की हुई मौज: दीपावली पर 11 दिन तक मुफ्त लगेंगे स्वागत द्वार, निगम ने दी बड़ी राहत

Jaipur News: जयपुर में दीपावली पर पंजीकृत व्यापार मंडल 11 दिन तक बिना शुल्क स्वागत द्वार लगा सकेंगे. नगर निगम बाजारों में सफाई, सड़क मरम्मत और अग्निशमन के इंतजाम करेगा. शानदार सजावट और रोशनी करने वाले बाजारों को सम्मानित भी किया जाएगा.

Written By Deepak Goyal
Published: Oct 10, 2026, 06:50 AM IST | Updated: Oct 10, 2026, 06:53 AM IST
Image Credit: महापौर ने व्यापार मंडलों के साथ की बैठक.
Join

Jaipur News: दीपावली पर जयपुर के बाजारों को सजाने की तैयारी कर रहे व्यापारियों के लिए राहत की खबर है. नगर निगम जयपुर ने पंजीकृत व्यापार मंडलों को 11 दिन तक बिना शुल्क स्वागत द्वार लगाने की अनुमति देने की घोषणा की है. इसके लिए व्यापारियों से कोई फीस नहीं ली जाएगी. स्वागत द्वार मजबूत होने चाहिए और इनसे यातायात या लोगों की आवाजाही में परेशानी नहीं होनी चाहिए.

महापौर ने व्यापार मंडलों के साथ की बैठक
महापौर सुनील कोठारी ने दीपावली की तैयारियों को लेकर 30 से अधिक व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की. दो घंटे से ज्यादा चली इस बैठक में बाजारों की सजावट, रोशनी, सफाई, सड़कों की मरम्मत, अतिक्रमण और आग से बचाव के इंतजामों पर चर्चा हुई. महापौर ने नगर निगम के अधिकारियों को त्योहार से पहले बाजारों की व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए.

अच्छी सजावट करने वाले बाजारों को मिलेगा सम्मान
दीपावली पर जयपुर के बाजारों को आकर्षक बनाने के लिए नगर निगम सजावट और रोशनी के आधार पर सम्मान देगा. पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले बाजारों को सम्मानित किया जाएगा. महापौर ने व्यापार मंडलों से बाजारों को सुंदर बनाने के साथ सुरक्षा नियमों का ध्यान रखने की अपील की.

उन्होंने खास तौर पर बिजली की सजावट में सावधानी बरतने को कहा. खुले तार नहीं छोड़ने और सभी तारों को सुरक्षित तरीके से ढकने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके.

सफाई और सड़क मरम्मत पर रहेगा जोर
दीपावली के दौरान चारदीवारी सहित प्रमुख बाजारों में सफाई के लिए अतिरिक्त कर्मचारी और संसाधन लगाए जाएंगे. सड़कों पर गड्ढों की मरम्मत, पेड़ों की कटाई-छंटाई, फेरोकवर ठीक करने, साइनेज बोर्ड लगाने और यूरिनल की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं.

इसके अलावा सड़कों और फुटपाथों से अवैध अतिक्रमण हटाया जाएगा. बाजारों में घूमने वाले निराश्रित पशुओं को पकड़ने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई करने को कहा गया है.

पटाखा दुकानों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम
दीपावली के दौरान आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए नगर निगम विशेष फायर ब्रिगेड एक्शन प्लान तैयार करेगा. दमकल सेवाओं के लिए ऑन कॉल अलर्ट सिस्टम लागू किया जाएगा. पटाखों की दुकानों पर अग्निशमन यंत्र रखना जरूरी होगा. महापौर ने अधिकारियों को पटाखा दुकानों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

दुकानों के बाहर रखने होंगे दो डस्टबिन
महापौर ने व्यापारियों से दीपावली पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि हर दुकान के बाहर गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखे जाएं. बाजारों में सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं किया जाए. साथ ही अवैध होर्डिंग, बैनर और पोस्टर लगाने से बचने की सलाह दी गई. व्यापारियों से सड़क, फुटपाथ और बरामदों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील भी की गई.

बैठक में व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में उपमहापौर सरोज कंवर, अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र कुमार बंसल और जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल शामिल हुए. इनके अलावा जौहरी बाजार, चांदपोल, किशनपोल, गणगौरी बाजार, घाटगेट, अजमेर रोड, न्यू सांगानेर रोड सहित अन्य व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Deepak Goyal
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES