SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कौन हैं पिया डांडिया? जयपुर से है खास रिश्ता, अमेरिका की संसद तक पहुंचकर रचा इतिहास

जयपुर से पारिवारिक रिश्ता रखने वाली पिया डांडिया ने फ्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा का चुनाव जीतकर इतिहास रचा. जानिए उनके परिवार, शिक्षा और जयपुर से जुड़ाव की पूरी कहानी.

Written By Zee Rajasthan Web Team
Published: Nov 05, 2026, 10:49 AM IST | Updated: Nov 05, 2026, 10:52 AM IST
Image Credit: पिया डांडिया ने फ्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से चुनाव जीतकर इतिहास रचा.
Join

राजस्थान की राजधानी जयपुर का नाम एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में है. जयपुर से गहरा पारिवारिक रिश्ता रखने वाली भारतीय मूल की पिया डांडिया ने अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. डेमोक्रेटिक पार्टी की 39 वर्षीय उम्मीदवार पिया ने फ्लोरिडा के पुनर्गठित 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से यूएस हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स का चुनाव जीत लिया है. उन्होंने कड़े मुकाबले में रिपब्लिकन उम्मीदवार और मरीन वेटरन केसी असकर को हराया. पिया को 51.9 प्रतिशत वोट मिले, जबकि असकर को 49.1 प्रतिशत मत प्राप्त हुए. इस जीत के साथ वह फ्लोरिडा से अमेरिकी संसद पहुंचने वाली पहली भारतीय-अमेरिकी और अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए चुनी जाने वाली दूसरी भारतीय-अमेरिकी महिला बन गई हैं. उनकी इस उपलब्धि से अमेरिका में भारतीय समुदाय के साथ जयपुर में भी खुशी का माहौल है.

जयपुर से जुड़ी हैं पिया डांडिया की जड़ें
पिया डांडिया का जन्म और पालन-पोषण अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित पाम बीच काउंटी में हुआ, लेकिन उनका परिवार मूल रूप से जयपुर का रहने वाला है. उनके माता-पिता 1980 के दशक में जयपुर छोड़कर अमेरिका के फ्लोरिडा में बस गए थे. इसके बावजूद परिवार का राजस्थान और जयपुर से जुड़ाव बना रहा. पिया की उपलब्धि को जयपुर के लिए खास माना जा रहा है, क्योंकि उनकी पारिवारिक विरासत गुलाबी नगरी से जुड़ी हुई है.

पिता ने SMS मेडिकल कॉलेज से की पढ़ाई
पिया के पिता डॉ. रोहित डांडिया जयपुर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों में शामिल रहे हैं. उन्होंने साल 1971 बैच में सवाई मानसिंह (SMS) मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी. इसके बाद वे आगे की चिकित्सा शिक्षा और पेशेवर कार्य के लिए अमेरिका चले गए. परिवार की शैक्षणिक और सामाजिक पृष्ठभूमि ने पिया के जीवन को भी प्रभावित किया.

मां भारती डांडिया का शिक्षा और फैशन से नाता
पिया की मां भारती डांडिया, जिन्हें बबली के नाम से भी जाना जाता है, का जयपुर की शिक्षा और संस्कृति से खास रिश्ता रहा है. उन्होंने कनोड़िया कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से अंग्रेजी साहित्य में एमए किया. इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय में टॉप किया था. जयपुर में रहते हुए उन्होंने पारंपरिक ब्लॉक प्रिंटिंग के लिए प्रसिद्ध ब्रांड 'अनोखी' में फैशन डिजाइनर के रूप में काम किया. अमेरिका पहुंचने के बाद उन्होंने 40 वर्ष की उम्र में मोंटेसरी शिक्षा पद्धति का अध्ययन किया और फ्लोरिडा में एक प्रसिद्ध मोंटेसरी स्कूल की स्थापना की.

SMS मेडिकल कॉलेज को परिवार ने दिया बड़ा योगदान
डांडिया परिवार का जयपुर के चिकित्सा और खेल जगत में भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है. एसएमएस मेडिकल कॉलेज के पूर्व उप-प्राचार्य और प्रसिद्ध फार्माकोलॉजिस्ट स्वर्गीय प्रोफेसर डॉ. पी.सी. डांडिया के सम्मान में परिवार ने कॉलेज परिसर में 'डॉ. पी.सी. डांडिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स' का निर्माण करवाया. इसके लिए परिवार की ओर से करीब आधा मिलियन डॉलर यानी करोड़ों रुपये का योगदान दिया गया. यह पहल परिवार के जयपुर से सामाजिक और पारिवारिक जुड़ाव को भी दर्शाती है.

यह भी पढ़ें- कांग्रेस ने लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम किया, जनता देगी जवाब : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

बचपन में रिश्तेदारों के साथ जयपुर में बिताया समय
पिया डांडिया का जयपुर से रिश्ता केवल पारिवारिक विरासत तक सीमित नहीं है. उन्होंने अपने साक्षात्कारों में बताया है कि बचपन में उनके माता-पिता उन्हें अकेले जयपुर भेजते थे, जहां वह अपने चचेरे भाइयों और अन्य रिश्तेदारों के साथ समय बिताती थीं. इस दौरान उन्हें राजस्थान की संस्कृति, पारिवारिक परंपराओं और यहां के सामाजिक जीवन को करीब से समझने का मौका मिला. जयपुर की यादें उनके जीवन का अहम हिस्सा रही हैं.

हार्वर्ड से पढ़ाई, शिक्षा और टेक्नोलॉजी में बनाया करियर
पिया डांडिया ने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई की है. सार्वजनिक जीवन में उनकी शुरुआत शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र से हुई. उन्होंने 'टीच फॉर अमेरिका' में शिक्षिका के रूप में काम किया. इसके बाद न्यूयॉर्क के हार्लेम इलाके में हाई स्कूल की फाउंडिंग प्रिंसिपल बनीं और देश की सबसे कम उम्र की प्रिंसिपल्स में शामिल रहीं. उन्होंने व्हाइट हाउस फेलो के रूप में भी सेवाएं दीं. इसके अलावा टेक्नोलॉजी कंपनी एप्पल में पब्लिक सेक्टर एग्जीक्यूटिव की जिम्मेदारी संभाली.

इन मुद्दों के दम पर हासिल की चुनावी जीत
पिया डांडिया ने अपने चुनाव प्रचार में आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी. उन्होंने मध्यम वर्ग के लिए जीवनयापन को सस्ता बनाने, सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था में सुधार, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और सोशल सिक्योरिटी की सुरक्षा जैसे विषयों को उठाया. इन मुद्दों के जरिए उन्होंने मतदाताओं का समर्थन हासिल किया. खास बात यह रही कि उन्होंने ऐसे चुनावी क्षेत्र में जीत दर्ज की, जहां पहले रिपब्लिकन पार्टी का रुझान माना जाता था.

जयपुर के लिए क्यों खास है यह उपलब्धि?
पिया डांडिया की जीत अमेरिकी राजनीति में भारतीय मूल की महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का महत्वपूर्ण उदाहरण है. साथ ही यह जयपुर के लिए भी गर्व का विषय है. उनके माता-पिता की शिक्षा, परिवार का सामाजिक योगदान और बचपन में जयपुर से मिला जुड़ाव इस उपलब्धि को राजस्थान से जोड़ता है. फ्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से अमेरिकी संसद तक पहुंचने वाली पिया ने अपनी पारिवारिक जड़ों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

ZEENEWS TRENDING STORIES