SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सवाल पूछे तो भड़क गए आयुक्त: कैमरे के सामने मीडिया से भिड़े, मुदकमा दर्ज करने की दी धमकी

Rajasthan News: डीडवाना नगरपरिषद आयुक्त जितेंद्र चौकीदार पर जी मीडिया की टीम से बदसलूकी, कवरेज रोकने और राजकार्य में बाधा का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देने का आरोप है. विवाद के दौरान कैमरामैन से कैमरा छीनने का प्रयास भी किया गया.

Written By SAGAR CHAUDHARY
Published: Oct 15, 2026, 06:54 PM IST | Updated: Oct 15, 2026, 07:00 PM IST
Image Credit: Deedwana News (Zee Media)
Join

Deedwana News: डीडवाना नगरपरिषद आयुक्त जितेंद्र चौकीदार द्वारा मीडियाकर्मियों के साथ बदसलूकी करने का मामला सामने आया है. नगरपरिषद सभागार में चल रहे सेवा सेतु अभियान शिविर की कवरेज करने पहुंचे जी मीडिया की टीम के साथ आयुक्त ने अभद्र व्यवहार किया. मीडियाकर्मी शिविर की व्यवस्थाओं और शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल पूछने पहुंचे थे. इस दौरान आयुक्त ने कवरेज रोकने के लिए कहा. रिकॉर्डिंग जारी रहने पर उन्होंने राजकार्य में बाधा का मुकदमा दर्ज करवाने की धमकी दी. इतना ही नहीं, विवाद के दौरान कैमरामैन से कैमरा छीनने का प्रयास भी किया गया.

सवाल पूछने पर भड़के आयुक्त
जानकारी के अनुसार, डीडवाना नगरपरिषद सभागार में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सेवा सेतु अभियान के तहत शिविर आयोजित किया जा रहा है. इसी शिविर की कवरेज करने के लिए जी मीडिया की टीम नगरपरिषद पहुंची थी. मीडियाकर्मी अभियान के तहत आमजन को मिल रही सुविधाओं और शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर आयुक्त से जानकारी लेना चाहते थे.

टीम ने जब आयुक्त जितेंद्र चौकीदार से बाइट लेने और संबंधित मुद्दों पर सवाल पूछने की कोशिश की, तो आयुक्त नाराज हो गए. उन्होंने वीडियो रिकॉर्डिंग रोकने के लिए कहा. मीडियाकर्मियों ने कवरेज जारी रखी, जिसके बाद आयुक्त ने पूरी टीम के खिलाफ राजकार्य में बाधा का मुकदमा दर्ज करवाने की धमकी दी. इस दौरान कैमरामैन से कैमरा छीनने का प्रयास भी किया गया.

सेवा सेतु शिविरों की व्यवस्थाओं पर उठ रहे सवाल
नगरपरिषद में पिछले दिनों से सेवा सेतु अभियान के तहत शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका समापन कल होना है. शिविरों में आमजन को मिल रही सुविधाओं और शिकायतों के निस्तारण को लेकर जानकारी जुटाने के लिए मीडिया टीम मौके पर पहुंची थी.

शिविरों को लेकर मिल रही शिकायतों के मद्देनजर मीडियाकर्मी यह जानना चाहते थे कि अभियान का आमजन को कितना लाभ मिल रहा है और शहर की समस्याओं के समाधान के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं. इसी दौरान कवरेज रोकने को लेकर आयुक्त और मीडियाकर्मियों के बीच विवाद हो गया.

सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए विधायक ने शुरू किया था अभियान
डीडवाना शहर की सफाई व्यवस्था भी लंबे समय से चर्चा का विषय रही है. चुनाव के बाद शहर में सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से स्थानीय विधायक यूनुस खान ने सभापति के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की थी. इस पहल का उद्देश्य शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना और आमजन को राहत पहुंचाना था. ऐसे में सफाई व्यवस्था और सरकारी अभियान से जुड़े सवालों के दौरान नगरपरिषद आयुक्त का मीडिया के साथ इस तरह का व्यवहार चर्चा का विषय बन गया है.

मीडिया की कवरेज रोकने और धमकी देने का मामला
सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत सामने लाना और जनसमस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाना मीडिया की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. डीडवाना नगरपरिषद में हुई इस घटना ने सरकारी कार्यक्रमों की कवरेज के दौरान पत्रकारों के साथ व्यवहार और अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Reporter - Hanuman Tanwar

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES