SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

असली ऑफिस और नकली क्रिप्टो कॉइन... 87 लाख की साइबर ठगी का ऐसा तरीका देख पुलिस भी रह गई दंग

जयपुर में क्रिप्टो करेंसी Flinty Coin में 15% मासिक मुनाफे का झांसा देकर 87 लाख रुपये की ठगी की गई. शुरुआत में निवेशकों को मुनाफा भी दिया गया. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

Written By Vishnu Prakash Sharma
Published: Nov 19, 2026, 07:09 IST | Updated: Nov 19, 2026, 07:13 IST
Image Credit: खुद को कंपनी का फाउंडर बताकर रचा पोंजी स्कीम का जाल.
Join

राजधानी जयपुर में साइबर पुलिस थाना ने क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर 87 लाख रुपये की साइबर ठगी का खुलासा किया है. आरोपियों ने फर्जी क्रिप्टो करेंसी 'Flinty Coin' में निवेश करवाकर 10 से 15 फीसदी मासिक मुनाफा देने का झांसा दिया था. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों घनश्याम कांदेल और मोहित कलोया को गिरफ्तार किया है.

साइबर थाना पुलिस के अनुसार आरोपियों ने निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए बाकायदा कंपनी का ऑफिस खोल रखा था और Flinty.live नाम से फर्जी वेबसाइट और एप्लीकेशन तैयार की थी. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 'Motion Modexys Pvt. Ltd.' के नाम से सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और ऑनलाइन गेमिंग कंपनी का ऑफिस खोला था. खुद को कंपनी का फाउंडर और को-फाउंडर बताकर लोगों को प्रभावित करते थे. इसके बाद अपनी क्रिप्टो करेंसी 'Flinty Coin' में निवेश करने पर हर महीने 10 से 15 फीसदी तक सुरक्षित मुनाफा देने का लालच देते थे.

फर्जी वेबसाइट पर दिखाते थे बढ़ता हुआ बैलेंस
ठगी के लिए आरोपियों ने Flinty.live नाम से फर्जी वेबसाइट और एप्लीकेशन तैयार की थी. इस प्लेटफॉर्म पर निवेशकों को उनकी जमा रकम के साथ लगातार बढ़ता हुआ फर्जी बैलेंस और मुनाफा दिखाया जाता था. शुरुआत में निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए कुछ महीनों तक 10 से 15 फीसदी रकम मुनाफे के रूप में वापस भी ट्रांसफर की जाती थी. इससे निवेशक अधिक रकम लगाने के लिए प्रोत्साहित होते थे.

यह भी पढ़ें- ई-रिक्शा में चोरी करती थीं गुजराती गैंग की 3 महिलाएं, पकड़े जाने पर पेचकसनुमा हथियार से चेहरा बिगाड़ने की देती थीं धमकी

लोन और उधार लेकर भी कराया निवेश
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पोंजी स्कीम के पैटर्न पर ठगी को अंजाम दिया. शुरुआती रिटर्न देखकर पीड़ित को भरोसा हो गया और उसने अपनी जमापूंजी के साथ लोन तथा रिश्तेदारों से उधार लेकर भी निवेश किया. आरोपियों ने नवंबर 2024 से अगस्त 2025 के बीच ऑनलाइन और नकद माध्यम से कुल 87 लाख रुपए प्राप्त कर लिए. इसके बाद भुगतान बंद कर दिया.

बैंक खातों के जरिए रकम की लेयरिंग
जांच में सामने आया कि ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों में मंगवाई जाती थी. इसके बाद SBI और HDFC के खातों से रकम मुख्य आरोपी के अन्य बैंक खातों, जिनमें Federal Bank के खाते भी शामिल थे, में ट्रांसफर कर दी जाती थी. इस तरह रकम को अलग-अलग खातों में घुमाकर खुर्द-बुर्द करने का प्रयास किया गया. जब निवेशकों ने भुगतान मांगा तो आरोपियों ने FEMA एक्ट लागू होने और पेमेंट गेटवे बंद होने का बहाना बनाकर भुगतान टालना शुरू कर दिया.

अगस्त 2024 में शुरू हुआ था संपर्क
परिवादी की रिपोर्ट के मुताबिक अगस्त 2024 में घनश्याम कांदेल और मोहित कलोया ने उससे संपर्क किया था. दोनों ने खुद को Motion Modexys Pvt. Ltd. का फाउंडर और को-फाउंडर बताते हुए Flinty Coin में निवेश का प्रस्ताव दिया. सुरक्षित निवेश और हर महीने 10 से 15 फीसदी मुनाफे का भरोसा दिलाकर नवंबर 2024 से अगस्त 2025 तक 87 लाख रुपये हड़प लिए.

केंद्रीय कारागृह जयपुर से गिरफ्तार हुए आरोपी
साइबर पुलिस थाना जयपुर में प्रकरण संख्या 35/2026 दिनांक 10 फरवरी 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4), 316(2), 340(2), 61(2)(B) और आईटी एक्ट की धारा 66D में मामला दर्ज किया गया था. साइबर क्राइम टीम ने तकनीकी अनुसंधान और डिजिटल साक्ष्य जुटाकर दोनों आरोपियों की पहचान की. इसके बाद केंद्रीय कारागृह जयपुर से दोनों को गिरफ्तार किया गया. मामले में पुलिस का अनुसंधान जारी है.

गिरफ्तार आरोपी
घनश्याम कांदेल (35), निवासी बुनकर मोहल्ला, चीथवाड़ी, थाना सामोद, जयपुर ग्रामीण.
मोहित कलोया (27), निवासी बिहारीपुरा, थाना कालाडेरा, जयपुर ग्रामीण के रहने वाले हैं .

पुलिस की आमजन से अपील
पुलिस ने आमजन को आगाह किया है कि 10 से 15 फीसदी मासिक रिटर्न या कम समय में रकम दोगुनी करने के झांसे में आकर निवेश नहीं करें. किसी भी क्रिप्टो करेंसी, ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म या निवेश योजना की वैधता की जांच जरूर करें. शुरुआती मुनाफा मिलने पर भी बड़ी रकम निवेश करने से बचें. किसी व्यक्ति के निजी बैंक खाते में निवेश के नाम पर पैसा ट्रांसफर नहीं करें. यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES