बाड़मेर में उप सभापति चुनाव की हलचल तेज: BJP-कांग्रेस आमने-सामने, उम्मीदवारों ने दाखिल किए नामांकन
Barmer News: बाड़मेर नगर परिषद में सभापति चुनाव के बाद अब उप सभापति पद के चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. 55 सदस्यीय परिषद में भाजपा के 29, कांग्रेस के 21 और निर्दलीयों के 5 पार्षद हैं. भाजपा-कांग्रेस दोनों खेमे अपने-अपने पार्षदों के साथ नामांकन के लिए नगर परिषद पहुंचे.
Barmer News: राजस्थान के बाड़मेर नगर परिषद में सभापति चुनाव के बाद अब उप सभापति पद को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. 22 सितंबर को उप सभापति के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई और भाजपा-कांग्रेस दोनों खेमे अपने-अपने पार्षदों के साथ नामांकन के लिए नगर परिषद पहुंचे.
55 सदस्यीय बाड़मेर नगर परिषद में हालिया चुनाव में भाजपा ने 29, कांग्रेस ने 21 और निर्दलीयों ने 5 वार्डों में जीत दर्ज की थी. सभापति चुनाव में भाजपा के गौतम जैन 'बॉबी' ने कांग्रेस के जयमल सिंह को 35-20 से हराकर सभापति पद हासिल किया.
इस प्रकार हैं चुनाव कार्यक्रम
अब उप सभापति का चुनाव उसी सियासी गणित की अगली कड़ी है. चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 22 सितंबर को सुबह 10 बजे बैठक शुरू हुई. सुबह 11 बजे तक नामांकन, 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच और दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित है. यदि आवश्यकता हुई तो दोपहर 2:30 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा और इसके बाद परिणाम घोषित किया जाएगा.
उप सभापति चुनाव में BJP-कांग्रेस में सीधा मुकाबला
सभापति चुनाव के दौरान भाजपा को पांचों निर्दलीय पार्षदों का समर्थन मिलने की बात सामने आई थी. इनमें पूर्व उप सभापति सुरतान सिंह भी शामिल हैं, जिन्होंने निर्दलीय चुनाव जीतने के बाद भाजपा का समर्थन किया.
ऐसे में उप सभापति चुनाव में भी भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा सियासी मुकाबला दिखाई दे रहा है. हालांकि, नामांकन वापसी के बाद तस्वीर पूरी तरह साफ होगी और जरूरत पड़ने पर मतदान से उप सभापति का फैसला होगा. सभापति की कुर्सी पर भाजपा की जीत के बाद अब नजर उप सभापति की कुर्सी पर है. अब देखना होगा कि नगर परिषद की नई सत्ता में नंबर गेम किस करवट बैठता है.
देवली नगर पालिका से भाजपा ने निवर्तमान पालिकाध्यक्ष बनाया प्रत्याशी
टोंक के देवली नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के लिए मंगलवार सुबह 10 बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई. भाजपा ने निवर्तमान पालिकाध्यक्ष नेमीचंद जैन को उपाध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है. वहीं कांग्रेस ने निवर्तमान पालिका उपाध्यक्ष सौरभ जिंदल को अपना उम्मीदवार घोषित किया है.
दोनों दलों के प्रत्याशी अपने समर्थकों और प्रस्तावकों के साथ देवली नगर पालिका सभागार पहुंचे. उन्होंने रिटर्निंग अधिकारी के पास अपना नामांकन जमा कराया. उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक नगर पालिका सभागार में होगा.
देवली नगर पालिका में भाजपा के 17 पार्षद हैं, जबकि कांग्रेस के 8 पार्षद हैं. इसके अलावा 10 निर्दलीय पार्षद भी चुनाव जीते हैं. इससे पहले भाजपा की कजोड़ी देवी देवली नगर पालिका अध्यक्ष चुनी जा चुकी हैं.