App

बानसूर में दर्दनाक हादसा: बेकाबू ट्रैक्टर से कूदा ड्राइवर, पिछले पहिए के नीचे दबने से मौत

Kotputli News: राजस्थान के बानसूर में रविवार सुबह ग्वाडा गांव के पास ट्रैक्टर बेकाबू होकर ढलान में उतर गया. जान बचाने के लिए कूदे 28 वर्षीय चालक अजीत पिछले पहिए के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई. पुलिस ने शव हरसौरा सीएचसी की मॉर्च्यूरी में रखवाया.

बानसूर में दर्दनाक हादसा: बेकाबू ट्रैक्टर से कूदा ड्राइवर, पिछले पहिए के नीचे दबने से मौत
Image Credit: कड़बी भरने के लिए घर से निकला था चालक.

Kotputli News: राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. ग्वाडा गांव के पास एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ढलान में उतर गया. हादसे के दौरान चालक ने जान बचाने के लिए ट्रैक्टर से छलांग लगा दी, लेकिन वह संतुलन खो बैठा और ट्रैक्टर के पिछले पहिए के नीचे दब गया. इस दुर्घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई.

कड़बी भरने के लिए घर से निकला था चालक
पुलिस के अनुसार, हादसा रविवार सुबह करीब 5 बजे ग्वाडा गांव के पास सुंदरी माता मेला स्थल के नजदीक हुआ. हरसौरा थाना प्रभारी प्रकाश सिंह राठौड़ ने बताया कि मौठुका निवासी अजीत (28) ट्रैक्टर चलाता था. वह रविवार सुबह करीब 5 बजे कड़बी भरने के लिए मौठुका से ग्वाडा गांव की ओर रवाना हुआ था.

इसी दौरान रास्ते में सुंदरी माता मेला स्थल के पास ट्रैक्टर अचानक बेकाबू हो गया और सड़क किनारे ढलान में उतरने लगा. ट्रैक्टर को ढलान की ओर जाता देख चालक घबरा गया और अपनी जान बचाने के लिए नीचे कूद गया.

छलांग लगाते समय बिगड़ा संतुलन, पिछले पहिए के नीचे दबा
ट्रैक्टर से कूदने के दौरान अजीत अपना संतुलन नहीं संभाल पाया. वह ट्रैक्टर के पिछले पहिए की चपेट में आ गया और उसके नीचे दब गया. हादसा इतना गंभीर था कि चालक की मौके पर ही मौत हो गई.

घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए. ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को ट्रॉली से अलग किया और उसके नीचे दबे चालक को बाहर निकाला.

सुबह रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों ने देखा ट्रैक्टर
ग्रामीणों ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे वे रास्ते से गुजर रहे थे. इसी दौरान उन्हें सड़क किनारे ढलान में ट्रैक्टर फंसा हुआ दिखाई दिया. जब वे मौके पर पहुंचे तो ट्रैक्टर के पिछले टायर के नीचे चालक दबा हुआ था. ग्रामीणों ने सबसे पहले ट्रैक्टर को बंद किया और फिर अन्य लोगों की मदद से चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया.

इसके बाद पुलिस को हादसे की सूचना दी गई. सूचना मिलने पर हरसौरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर घटना की जानकारी जुटाई.

हरसौरा सीएचसी की मॉर्च्यूरी में रखवाया शव
पुलिस ने मृतक अजीत के शव को हरसौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की मॉर्च्यूरी में रखवाया है. हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है. फिलहाल घटना से जुड़ी जानकारी पुलिस के स्तर पर जुटाई गई है.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sandhya Yadav

Sandhya Yadav

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More