राजस्थान में 'अमृत' बना जहर! 5 साल बाद भी 3000 करोड़ के वर्क ऑर्डर अटके, 40 शहरों को कब मिलेगा साफ पानी?
राजस्थान में अमृत 2.0 योजना की रफ्तार पर सवाल उठ रहे हैं. पांच साल बाद भी 5000 करोड़ में से 3000 करोड़ के वर्क ऑर्डर जारी नहीं हुए. प्रदेश के 40 निकायों में काम अटका है. अजमेर रीजन के सबसे ज्यादा 19 निकायों में वर्क ऑर्डर बाकी हैं.
Rajasthan AMRUT 2.0 Scheme: राजस्थान के शहरों में साफ पानी पहुंचाने के लिए शुरू की गई अमृत 2.0 योजना की रफ्तार पर सवाल खड़े हो रहे हैं. पांच साल बीतने के बाद भी करीब 5000 करोड़ रुपए में से 3000 करोड़ रुपए के कामों के वर्क ऑर्डर जारी नहीं हो पाए हैं. प्रदेश के 40 शहरी निकायों में अभी काम के आदेश जारी होने बाकी हैं. इनमें अजमेर रीजन की स्थिति सबसे खराब है. राजधानी जयपुर में भी योजना की रफ्तार संतोषजनक नहीं है.
अजमेर के 19 निकायों में वर्क ऑर्डर बाकी
प्रदेश के जिन 40 निकायों में वर्क ऑर्डर जारी नहीं हुए हैं, उनमें सबसे ज्यादा 19 अजमेर रीजन के हैं. इनमें अजमेर, किशनगढ़, पुष्कर, ब्यावर, नागौर और टोंक जैसे शहर शामिल हैं. भरतपुर और जयपुर-I रीजन में 8-8 निकायों के वर्क ऑर्डर बाकी हैं. जयपुर-II और कोटा में 2-2, जबकि जोधपुर-I में एक निकाय का काम अटका है.
आखिर क्यों आगे नहीं बढ़ रही योजना?
जानकारों के मुताबिक, अमृत 2.0 के कामों में फर्मों की दिलचस्पी कम होने की पांच प्रमुख वजहें हैं. पहली वजह योजना के लिए अलग से तय फंड नहीं होना बताया जा रहा है. जल जीवन मिशन में बजट अटकने के कारण फर्मों को अमृत योजना में भी भुगतान फंसने का डर है. दूसरी वजह पाइप सप्लाई पर महज 40 फीसदी भुगतान मिलना है, जबकि दूसरे राज्यों में 70 से 75 फीसदी तक भुगतान बताया जा रहा है. इसके अलावा बीएसआर रेट, साल में केवल दो बार भुगतान और पीएचईडी व रूडसिको में दो बार डीपीआर तैयार होने से हुई देरी भी बड़ी वजहें बताई जा रही हैं.
60 शहरों में मार्च 2027 तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य
राजस्थान के 60 शहरी निकायों में 31 मार्च 2027 तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है. इनके लिए 681.96 करोड़ रुपए की परियोजनाएं स्वीकृत हैं. इन शहरों की आबादी 22.26 लाख से अधिक है. यहां 28,054 नए पानी के कनेक्शन देने और 1,24,287 पुराने कनेक्शन बदलने का लक्ष्य है.
130 निकायों में वर्क ऑर्डर जारी, कोटा सबसे आगे
प्रदेश के 130 निकायों में वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं. इनमें कोटा रीजन 20 निकायों के साथ सबसे आगे है. बीकानेर में 17, जयपुर-I में 15 और अजमेर में 14 निकायों के लिए आदेश जारी हुए हैं. जोधपुर-I में 12, उदयपुर में 11, जोधपुर-II में 10, भरतपुर और चूरू में 8-8, सवाई माधोपुर में 6, अलवर में 5 और जयपुर-II में 4 निकायों के वर्क ऑर्डर जारी हुए हैं. अब सवाल यही है कि जिन शहरों में काम शुरू होने के आदेश तक नहीं पहुंचे, वहां लोगों को साफ पानी के लिए आखिर कितना इंतजार करना पड़ेगा?