)
राजस्थान के चूरू जिले में सादुलपुर तहसील के गांव नवा स्थित दुर्गादास आश्रम में एक साधु की हत्या का मामला सामने आया है. आश्रम में रह रहे करीब 66 वर्षीय साधु छेदीलाल की एक अन्य साधु ने कथित रूप से हत्या कर दी और फरार हो गया.
प्रारंभिक जांच में बुधवार शाम आश्रम पहुंचे आरोपी के रातभर मृतक के साथ रहने की बात सामने आई है. दोपहर बाद आश्रम में साधु का शव देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई.
हमीरवास थानाधिकारी सतपाल बिश्नोई पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच की तथा साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है.
थानाधिकारी सतपाल बिश्नोई ने बताया कि मृतक साधु की पहचान उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी निवासी छेदीलाल पुत्र गोकल के रूप में हुई है. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, हरियाणा के बहल क्षेत्र के गांव गोकुलपुरा निवासी साधु सुरेंद्र उर्फ सिमरन दास उर्फ मोनी बाबा बुधवार शाम आश्रम पहुंचा था और रातभर छेदीलाल के साथ रहा तथा आरोपी ने अलसुबह किसी हथियार या लाठी-डंडे से साधु के कनपटी के पास चोट मारकर हत्या कर आरोपी मौके से फरार हो गया.
थानाधिकारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. हत्या के पीछे क्या कारण रहे इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति का खुलासा हो सकेगा.
बारां के मांगरोल थाना क्षेत्र के बमोरी कला कस्बे में गुरुवार को दिनदहाड़े पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई. सब्जी मंडी में हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई. थानाधिकारी ज्ञानचंद ने बताया कि मृतक रामलाल गुर्जर और आरोपी आशाराम गुर्जर दोनों कोटा जिले के अयाना थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव के निवासी हैं. दोनों के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चल रही थी.
गुरुवार को रामलाल गुर्जर बमोरी कला सब्जी मंडी में सब्जी खरीद रहा था. इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर आशाराम गुर्जर ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. सिर में गंभीर चोट लगने से रामलाल की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना पर मांगरोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी आशाराम गुर्जर को डिटेन कर लिया है. शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार सुबह कराया जाएगा. पुलिस मामले में अनुसंधान कर रही है.