SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

क्या होता है हनीट्रैप? जानिए माता हारी से लेकर जेन्सन हुआंग तक एक सदी का डरावना इतिहास

क्या होता है हनीट्रैप? और इसके डरावने इतिहास को. माता हारी से लेकर जेन्सन हुआंग तक, जासूसी की दुनिया के सबसे बड़े और सनसनीखेज मामलों का पूरा सच पढ़िए इस विशेष रिपोर्ट में.

Written By Ravindra Pratap Singh
Published: Nov 13, 2026, 17:55 IST | Updated: Nov 13, 2026, 18:01 IST
Image Credit: AI Generated Image- जासूसी की दुनिया में प्यार का खौफनाक हथियार 'हनीट्रैप', एक शताब्दी से इसकी गिरफ्त में ये दिग्गज
Join

हाल ही में एनवीडिया के पूर्व फाउंडर और सीईओ जेन्सन हुआंग की जिंदगी से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है. उनके तीसरे अफेयर की चर्चा और इसके बाद के घटनाक्रम ने एक बार फिर 'हनीट्रैप' शब्द को दुनिया भर की सुर्खियों में ला दिया है. हनीट्रैप का सीधा सा मतलब होता है- प्यार, रिलेशनशिप और भावनाओं का गलत इस्तेमाल करके किसी भी ताकतवर व्यक्ति से सीक्रेट जानकारियां निकलवाना या उसे अपने इशारों पर नचाना.

जेन्सन हुआंग का नाम भी इसी जाल से जोड़ा जा रहा है, लेकिन वे इस खेल में फंसने वाले पहले व्यक्ति नहीं हैं. जासूसी और कूटनीति की दुनिया में यह रणनीति सौ साल से भी ज्यादा पुरानी है, जिसमें बड़े-बड़े दिग्गज मात खा चुके हैं. हालांकि, जेन्सन हुआंग का मामला इसलिए सबसे अलग और बड़ा माना जा रहा है, क्योंकि यह सिर्फ किसी आम इंसान की पर्सनल लाइफ का विवाद नहीं है. इसका सीधा संबंध आज की दुनिया की सबसे बड़ी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की रेस और एडवांस सेमीकंडक्टर की ग्लोबल जंग से है.

क्या है जेन्सन हुआंग का मामला?

जेन्सन हुआंग का रिश्ता एलिस हुआंग नाम की महिला के साथ सामने आया था. अमेरिकी एजेंसियों को शक है कि यह महिला चीन के लिए जासूसी का काम करती थी. यह बात सामने आने के बाद जेन्सन हुआंग ने अपनी पत्नी और परिवार के प्रति अपनी बेवफाई को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया. इतना ही नहीं, उन्होंने 30 साल से ज्यादा समय तक खून-पसीने से सींची अपनी कंपनी एनवीडिया के सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया. अब उनके नाम के आगे 'पूर्व' जुड़ चुका है.

यह भी पढ़ेंः ब्लॉग- प्यार के जाल में टेक्नोलॉजी का खेल: जेनसन हुआंग प्रकरण ने क्यों बढ़ाई दुनिया की चिंता?

हालांकि, अभी तक इस बात का पुख्ता सबूत नहीं मिला है कि जेन्सन हुआंग को जानबूझकर किसी साजिश के तहत हनीट्रैप में फंसाया गया था. चीन ने भी इन तमाम आरोपों को सिरे से खारिज किया है. खुद एनवीडिया कंपनी का कहना है कि उन्हें ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है जिससे लगे कि कंपनी या देश की सुरक्षा से जुड़ा कोई भी डेटा लीक हुआ हो. बावजूद इसके, दुनिया भर में इस वक्त सिर्फ और सिर्फ हनीट्रैप की ही चर्चा हो रही है.

क्या होता है हनीट्रैप?

हनीट्रैप कोई ऐसी चीज नहीं है जो अचानक किसी एक मुलाकात या दो दिन के रिश्ते में हो जाए. यह एक लंबा और सुनियोजित खेल होता है, जो कई महीनों या कभी-कभी सालों तक चलता है. इसमें सबसे पहले शिकार का भरोसा जीता जाता है, उसके करीब आया जाता है और फिर धीरे-धीरे उसका मानसिक और भावनात्मक नियंत्रण अपने हाथ में लेकर अंदर की खास जानकारियां निकाली जाती हैं.

'हनीपॉट' से बना 'हनीट्रैप'

अंग्रेजी का शब्द 'हनीपॉट' (Honeypot) सदियों पुराना है, जिसका मतलब होता था 'शहद का बर्तन'. समय के साथ इसका मतलब बदल गया और यह ऐसी किसी भी आकर्षक चीज के लिए इस्तेमाल होने लगा जो लोगों को अपनी ओर खींच ले. जासूसी की दुनिया में इसे मशहूर करने का श्रेय ब्रिटिश जासूसी उपन्यासकार जॉन ले कैरे को जाता है, जिन्होंने 1974 में अपनी किताब 'टिंकर टेलर सोल्जर स्पाई' में इसका खुलकर जिक्र किया था.

क्या होता है 'हनीट्रैप' शब्द का मतलब?

आज की जासूसी में हनीट्रैप का मतलब है- आकर्षण, नजदीकी और इमोशनल ब्लैकमेलिंग का हथियार बनाकर किसी मजबूत शख्स को कमजोर कर देना. एक आम गलतफहमी यह भी है कि हनीट्रैप में हमेशा कोई महिला ही पुरुष को फंसाती है. लेकिन सच यह है कि कई बार पुरुष एजेंटों को भी ऐसी महिलाओं को फंसाने के लिए भेजा जाता है जो किसी ऊंचे ओहदे पर बैठी हों और जिनके पास देश के बड़े राज हों.

माता हारी से लेकर बेट्टी पैक... हनीट्रैप  की माहिर खिलाड़ी

जब भी इतिहास में हनीट्रैप की बात होती है, तो सबसे पहला नाम 'माता हारी' का आता है. उनका असली नाम मार्गरेथा गीर्ट्रुइडा ज़ेल था. वे डच ईस्ट इंडीज में पैदा हुई थीं और प्रथम विश्व युद्ध से ठीक पहले पेरिस में एक बेहद मशहूर डांसर बन चुकी थीं. वो अमीर अफसरों की पार्टियों में न्यूड डांस भी किया करती थीं. अमीर लोग और सेना के बड़े अधिकारी उनके दीवाने थे. युद्ध के दौरान उनकी संदिग्ध गतिविधियों पर सीक्रेट एजेंसियों की नजर पड़ी. फ्रांस ने उन पर जर्मनी के लिए जासूसी करने का गंभीर आरोप लगाया. फ्रांस की एक मिलिट्री कोर्ट ने उन्हें दोषी करार दिया और अक्टूबर 1917 में फायरिंग स्क्वॉड के सामने उन्हें गोली से उड़ा दिया गया.

बेट्टी पैक दूसरे विश्वयुद्ध में 'हनीट्रैप' की बड़ी खिलाड़ी

दूसरा विश्व युद्ध आते-आते प्यार और रोमांस को जासूसी का एक बाकायदा महकमा और संगठित हथियार बना दिया गया. इस दौर की सबसे बड़ी खिलाड़ी थीं बेट्टी पैक, जिसका असली नाम एमी एलिजाबेथ थोर्प था. अमेरिका में जन्मी बेट्टी ब्रिटिश इंटेलिजेंस के लिए काम करती थीं. उन्होंने कई विदेशी राजनयिकों और ताकतवर नेताओं के साथ शारीरिक संबंध बनाकर ऐसी गोपनीय और संवेदनशील जानकारियां हासिल कीं, जिनकी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी. युद्ध के दौरान उन्होंने फ्रांस की नौसेना के सीक्रेट कोड हासिल करने में ब्रिटिश हुकूमत की मदद की थी. यह जानकारी नवंबर 1942 में उत्तरी अफ्रीका पर हुए 'ऑपरेशन टॉर्च' हमले के दौरान मित्र देशों के लिए वरदान साबित हुई थी.

रोमियो स्पाई और प्रोफ्यूमो कांड

दूसरे विश्व युद्ध ने दुनिया को बता दिया कि प्यार जासूसी में कितना असरदार साबित हो सकता है, तो 'कोल्ड वॉर' ने इसे पूरी तरह से एक सरकारी रणनीति बना दिया. इस रणनीति के सबसे बड़े मास्टरमाइंड थे मार्कस वोल्फ. वे पूर्वी जर्मनी की विदेशी खुफिया एजेंसी HVA के प्रमुख थे. 1950 के दशक में वोल्फ ने एक खतरनाक प्रोग्राम शुरू किया, जिसमें हैंडसम और स्मार्ट पुरुष एजेंटों को पश्चिमी जर्मनी की सरकारों, मंत्रालयों और खुफिया विभागों में काम करने वाली अकेली या संवेदनशील पदों पर बैठी महिलाओं के पीछे लगाया गया. इन एजेंटों को 'रोमियो स्पाई' कहा गया.

सोवियत संघ की एजेंसी ने महिला एजेंटों का किया इस्तेमाल

उस दौर में युद्ध की वजह से जर्मनी में बहुत से पुरुष मारे जा चुके थे, इसलिए बड़ी संख्या में महिलाओं ने सरकारी दफ्तरों में नौकरियां संभाली थीं और उनके पास देश की गोपनीय फाइलों तक सीधी पहुंच थी. इन रोमियो एजेंट्स को बेहद केयरिंग, रोमांटिक और इंटेलिजेंट दिखने की खास ट्रेनिंग दी जाती थी. वे महिलाओं से सच्चा प्यार करने का नाटक करते, उनके दिल में जगह बनाते और फिर धीरे-धीरे सारे सरकारी दस्तावेज निकलवा लेते. कई ऐसे रिश्ते सालों-साल तक चले. इसके अलावा, सोवियत संघ की खुफिया एजेंसी 'स्टासी' ने महिला एजेंटों का भी बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया, जो नेताओं की आपत्तिजनक तस्वीरें खींचकर उन्हें बाद में ब्लैकमेल करती थीं.

हनीट्रैप के इतिहास का सबसे बदनाम कांड

हनीट्रैप के इतिहास में 'प्रोफ्यूमो कांड' (1961) भी काफी बदनाम रहा है. ब्रिटेन के तत्कालीन युद्ध मंत्री जॉन प्रोफ्यूमो का अफेयर क्रिस्टीन कीलर नाम की एक मॉडल से हो गया. बाद में यह बात सामने आई कि उसी क्रिस्टीन कीलर का संबंध सोवियत नौसेना के एक खुफिया अधिकारी येवगेनी इवानोव से भी था. जब यह स्कैंडल खुला, तो राजनीतिक भूचाल आ गया. मंत्री प्रोफ्यूमो को पहले तो संसद में झूठ बोलना पड़ा, लेकिन बाद में सच्चाई कबूल कर उन्हें इस्तीफा देना पड़ा. इस पूरे घटनाक्रम ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री हेरोल्ड मैकमिलन की सरकार को अंदर से हिला कर रख दिया था. हालांकि, इस बात का कोई पक्का सबूत कभी नहीं मिला कि कीलर को जानबूझकर सोवियत संघ ने हनीट्रैप के तौर पर भेजा था या नहीं.

इंटरनेट के इस दौर में कैसे बदल गया है हनीट्रैप?

वक्त के साथ हर चीज बदली है, तो जासूसी और हनीट्रैप के तरीके भी पूरी तरह हाईटेक हो चुके हैं. पहले के जमाने में एजेंट किसी पार्टी, होटल या बिजनेस मीटिंग में मिलकर जाल बिछाते थे. लेकिन आज के डिजिटल युग में हनीट्रैप की शुरुआत लिंक्डइन (LinkedIn) की किसी प्रोफेशनल रिक्वेस्ट, इंस्टाग्राम के इनबॉक्स मैसेज या किसी अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से होती है.

अब इंटरनेट पर सुंदर दिखने वाली नकली फोटो, फर्जी प्रोफाइल और झूठी पहचान बनाकर लोगों को फंसाया जाता है. महीनों तक ऑनलाइन चैट होती है, सामने वाले की पसंद-नापसंद, उसकी कमजोरियों और उसके दफ्तर के सीक्रेट्स को समझा जाता है. इसके अलावा आज का सबसे बड़ा खतरा यह है कि वीडियो कॉल्स या चैट के दौरान अंतरंग पलों को डिजिटल तरीके से रिकॉर्ड (स्क्रीनशॉट या वीडियो) कर लिया जाता है, जिसका इस्तेमाल बाद में जिंदगीभर ब्लैकमेल करने के लिए किया जाता है.

जेन्सन हुआंग का मामला इतना बड़ा क्यों बन गया?

जेन्सन हुआंग ने साल 1993 में एनवीडिया कंपनी की नींव रखी थी. आज उनकी कंपनी के बनाए गए चिप्स (GPUs) पूरी दुनिया के अत्याधुनिक AI सिस्टम और सुपरकंप्यूटरों को चला रहे हैं. इसलिए, आज के समय में एनवीडिया अमेरिका और चीन के बीच चल रही टेक्नोलॉजी और सुपरपॉवर की जंग में सबसे रणनीतिक और अहम मोहरा बन चुकी है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एलिस हुआंग सिंगापुर की एक कंपनी 'मेगास्पीड इंटरनेशनल' की पूर्व अधिकारी थीं, जिसका बिजनेस एनवीडिया के साथ जुड़ा हुआ था.

अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को लंबे समय से यह शक था कि वह बीजिंग (चीन) के लिए जानकारियां जुटाने का काम कर रही थीं. यह जांच भी चल रही थी कि क्या अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद एनवीडिया के सबसे एडवांस चिप्स चोरी-छिपे चीनी कंपनियों तक पहुंच रहे हैं. सबसे बड़ा सवाल आज यही उठ रहा है कि क्या किसी का निजी रिश्ता विदेशी जासूसी का सबसे आसान और सुरक्षित रास्ता बन सकता है?

यह भी पढ़ेंः जेनसन हुआंग की 'लव लाइफ' पर बवालः अब तीसरे अफेयर का हुआ खुलासा, Nvidia के शेयर धड़ाम

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES