SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सिंहस्थ- 2028 से पहले उज्जैन को 1211 करोड़ की सौगात, घर-दुकान गंवाने वालों के लिए सीएम मोहन यादव ने किया बड़ा ऐलान

सीएम मोहन यादव ने उज्जैन में 1211.34 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया. सीएम ने कहा सिंहस्थ 2028 से पहले शहर में सड़क, सीवर और धार्मिक स्थलों का विकास होगा. साथ ही सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित परिवारों को मुफ्त मकान और दुकानदारों को दुकानें देने का ऐलान किया.

Written By Manish Kushawah
Published: Nov 10, 2026, 08:28 PM IST | Updated: Nov 10, 2026, 08:38 PM IST
Image Credit: ZEE NEWS
Join

मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने 10 नवंबर को उज्जैन में 1211.34 करोड़ की लागत के विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया. उन्होंने दीपावली मिलन समारोह का दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारंभ भी किया. सीएम ने प्रदेशवासियों को भाईदूज की शुभकामनाएं दीं. इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में भारत बदला है. जनता और दुनिया इसकी गवाह है.

उन्होंने आगे कहा कि मध्यप्रदेश सहित देशभर में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है. उज्जैन में तीर्थाटन में हुई वृद्धि से बदलाव साफ-साफ दिख रहा है. प्रधानमंत्री मोदी की सुदूर दृष्टि के कारण ही काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और बाबा महाकाल के महालोक का निर्माण हुआ. वर्ष 2022 के बाद उज्जैन तीर्थ क्षेत्रों के विकास के कारण 360 डिग्री बदला है.

शहरों में विकास कार्यों को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रदेश सरकार ने उज्जैन सहित प्रदेश के टियर 2 शहरों में अधोसंरचना विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है. इसी के साथ प्राचीन सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पर्व-त्योहारों को भी हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है, जिनमें प्रदेश की जनता पूर्ण रूप से सहभागी बन रही है. सीएम ने कहा कि उज्जैन में सिंहस्थ 2028 के भव्य और दिव्य आयोजन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं. सिंहस्थ कुंभ 12 साल में एक बार आता है. शहर के विकास के लिए उज्जैन में आज 1200 करोड़ से अधिक के नए विकास कार्यों और जीर्णोद्धार कार्यों का भूमि-पूजन किया गया है. इसमें शिप्रा नदी के तट पर स्थित प्रसिद्ध अंगारेश्वर महादेव मंदिर भी शामिल है.

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आगे कहा कि पृथ्वी पर जीवों की 84 लाख योनियों के आधार पर ही यह प्राचीन शिव मंदिर 84 महादेव यात्रा में प्रमुख स्थान रखता है. उन्होंने कहा कि उज्जैन में उत्तर भारत के प्रमुख शक्तिपीठ गढ़कालिका माता के तीर्थ क्षेत्र के विकास कार्यों का भी भूमि-पूजन में शामिल है. भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली सांदीपनि आश्रम के कारण भी उज्जैन का अपना अलग स्थान है. उन्होंने कहा कि उज्जैन स्थित सिंहस्थ मेला क्षेत्र में नई सड़कों और सीवर लाइन का विस्तार किया जा रहा है.

जनता का विश्वास सरकार के साथ

SIR को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि देश में निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग के पास है. आयोग ने देशभर में वोटर लिस्ट की शुद्धता के लिए अभियान चलाया. यह शुद्धिकरण प्रक्रिया विपक्ष की सरकारों में भी पहले हो चुकी है, लेकिन अब हमारी सरकार में एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं. चुनाव आयोग की इस प्रक्रिया के कारण ही बांग्लादेशी घुसपैठिए हमारी वोटर लिस्ट से गायब हुए हैं. उन्हें देश छोड़ना पड़ा है.

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों पर चलने वाले लोग हैं, जो देश के विकास के लिए अडिग और अटल हैं. आज भारत के 80 प्रतिशत राज्यों में एनडीए की सरकारें हैं, जो 120 करोड़ से अधिक नागरिकों का प्रतिनिधित्व करती हैं. प्रधानमंत्री मोदी को देश का जनता का आशीर्वाद मिला हुआ है. जनता देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया, चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट पर विश्वास रखती है. वह लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमारे साथ है.

जनता के प्रति संवेदनशील सरकार

सीएम मोहन यादव ने कहा कि यदि कोई परिवार मकान से वंचित रह गया है, तो मैं नगर निगम और कलेक्टर से कहना चाहता हूं कि ऐसे परिवारों के लिए मल्टीस्टोरी आवासीय योजना तैयार करें. प्रदेश सरकार उन्हें नि:शुल्क मकान उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी लेगी. हमारे शहर में सड़क चौड़ीकरण के लिए जिन लोगों ने स्वेच्छा से अपने मकान उपलब्ध कराए हैं, उन्हें आवास उपलब्ध कराना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है. हम उन्हें मकान दिलवाएंगे.

उन्होंने कहा कि जिनकी दुकानें सड़क चौड़ीकरण के कारण प्रभावित हुई हैं और जो किराएदार हैं, उन्होंने भी शहर के विकास में सहयोग दिया है. ऐसे दुकानदारों के लिए भी व्यवस्था की जाएगी. हमारी सरकार की तरफ से संबंधित क्षेत्रों में मार्केट विकसित किए जाएंगे. एक स्थान पर यूडीए और दूसरे स्थान पर नगर निगम मार्केट का निर्माण करेगा, ताकि प्रभावित दुकानदारों को दुकानें उपलब्ध कराई जा सकें.

सीएम ने कहा कि जब हम शहर का विकास कर रहे हैं और हिंदू-मुस्लिम सहित सभी समाजों के लोग मिलकर इसमें सहयोग कर रहे हैं, तो शहर का विकास भी होना चाहिए. लेकिन इसके साथ ही हमें इस बात का संतोष भी होना चाहिए कि विकास के नाम पर हमारे किसी भी व्यक्ति की रोजी-रोटी प्रभावित न हो और किसी परिवार को अपने बच्चों के साथ छत के लिए परेशान न होना पड़े. उन्होंने कहा कि यह संवेदनशीलता हम सभी की जिम्मेदारी है. इसलिए शहर के विकास के साथ प्रभावित परिवारों के हितों की रक्षा करने का संकल्प लेकर हम इस कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं.

सीएम ने की प्रमुख घोषणाएं

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन में 17 नवंबर को बहुप्रतीक्षित जू (चिड़ियाघर) और रेस्क्यू सेंटर का भूमि-पूजन किया जाएगा. उज्जैन में सड़कों के चौड़ीकरण कार्य के लिए स्वेच्छा से अपना मकान छोड़ने वाले परिवारों को मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में नि:शुल्क आवास उपलब्ध कराया जाएगा. इसी प्रकार जिनकी दुकानें टूटी हैं, उन्हें उज्जैन की खाली जमीन पर मार्केट विकसित कर दुकानें दी जाएंगी. सिंहस्थ मेला क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए किसानों को जमीन अधिग्रहण के 4 गुना मुआवजा के चेक प्रदान किए गए हैं. हमारी सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES