‘वीडियो मत बनाओ, थाने ले जाएंगे…’, निवाड़ी में महिला RTO पर नाबालिगों ने लगाए गंभीर आरोप
निवाड़ी जिले में आरटीओ अधिकारी की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. आरोप है कि महिला आरटीओ और उनकी टीम ने सड़क पर ही नाबालिगों के साथ गाली-गलौज की. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. आइए जानते हैं कि आखिर पूरा मामला क्या है?
मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के ओरछा तिगेला हाईवे पर एक महिला आरटीओ और उनकी टीम नाबालिग युवक के वीडियो बनाने पर भड़की. नाबालिग युवकों के साथ महिला आरटीओ ने बदतमीजी और गाली गलौज की. इतना ही नहीं, नाबालिग को जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश भी की. महिला आरटीओ और उनकी टीम ने जुवेनाइल एक्ट की धज्जियां उड़ाती नजर आई. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
दरअसल, यह पूरा मामला निवाड़ी जिले के ओरछा तिगेला हाईवे का बताया जा रहा है. जहां पर एक युवक अपने पिता के साथ गाड़ी से घूमने जा रहा था. इसी दौरान आरटीओ की टीम ने उनकी गाड़ी को रोककर चेकिंग के नाम पर जब कार्रवाई शुरू की, तो नाबालिग युवक ने पूरे मामले का वीडियो बनाना शुरू कर दिया. वीडियो बनाने देख ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल और आरटीओ अधिकारी भड़क गई.
युवक को सरेराह गाली दी
आरटीओ के गुस्साए अमले ने नाबालिग युवक के साथ सरेराह गाली गलौज शुरू कर दी. इतना ही उसे जबरदस्ती आरटीओ की गाड़ी में बैठाने का प्रयास भी किया. वीडियो बनाने के लिए लोक तांत्रिक अधिकार से बौखलाई आरटीओ टीम की यह हरकत कैमरे में कैद हो गई. किसी नाबालिग के साथ इस तरह की जबरदस्ती और अभद्र व्यवहार कानूनी रूप से बहुत ही गंभीर है.
बच्चों ने क्या-क्या बताया?
वहीं, 17 वर्षीय युवक ने बताया कि वह गाड़ी नंबर 34 के साथ था. इसी दौरान चालान काटने के लिए गाड़ी को क्रॉस किया गया. युवक ने बताया कि वह खुद गाड़ी नहीं चला रहा था, बल्कि पिता के साथ घूमने के लिए आया था. वहीं, 14 वर्षीय बच्चे ने आरोप लगाया कि चालान करने वाले लोग उससे 1,000 रुपये मांग रहे थे. पैसे नहीं देने पर वहां से नहीं निकलने देने की बात कह रहे थे.
बच्चे ने आगे बताया कि वह घटना का वीडियो बना रहा था, तभी एक मैडम ने उसे वीडियो बनाने से मना किया और थाने ले जाने की धमकी दी. उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे गाड़ी में बैठाने के लिए खींचने की कोशिश की गई और मैडम ने उसके साथ गाली-गलौज की.
ये भी पढ़ेंः ग्वालियर में तंजानिया की छात्रा से साइबर ठगी: वर्क फ्रॉम होम के नाम पर बनाया शिकार, पुलिस जांच में जुटी
RTO मैडम फरार हो गई
नाबालिग के साथ इस प्रकार की गाली गलौज या जबरन गाड़ी में डालना बाल अधिकार संरक्षण अधिनियम की धज्जियां उड़ाता है. अब सवाल खड़े हो रहे हैं, कि क्या नियम कानून सिर्फ आम जनता के लिए हैं. जब ZEE NEWS की टीम ने आरटीओ मैडम से उनका पक्ष जानने की कोशिश की तो वह अपनी गाड़ी में बैठकर फरार हो गई. इसके बाद से आरटीओ विभाग पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं.
(रिपोर्टः सत्येंद्र परमार, निवाड़ी)