करवाचौथ पर पत्नी ने पति के नाम की लगाई मेहंदी, सुबह उसी ने मूसल से कर दी हत्या, ग्वालियर का है मामला
ग्वालियर में करवाचौथ के दिन पति ने पत्नी की मूसल से कुचलकर हत्या कर दी है. पुलिस ने हत्या मामले में बड़ा खुलासा किया है. फिलहाल, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच की जा रही है.
मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के मुरार स्थित त्यागी नगर में करवाचौथ के दिन एक महिला की हत्या कर दी गई. पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि हत्या की वजह गिफ्ट में मिली बिछिया को लेकर पति के मन में शक सामने आया है. आरोप है कि आनंद श्रीवास्तव को शक था कि उसकी पत्नी मधु को बिछिया उसके बड़े भाई ने गिफ्ट की है और दोनों के बीच अवैध संबंध हैं. इसी बात को लेकर वह पत्नी से नाराज रहने लगा था.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मधु करवाचौथ के लिए बिछिया का नया सेट लेकर आई थी. पति के पूछने पर उसने बताया कि ये बिछिया उसे गिफ्ट में मिली हैं. लेकिन आनंद को यकीन था कि ये गिफ्ट उसके बड़े भाई ने दिया है. इसी बात को लेकर उसके मन में पत्नी के चरित्र पर शक होने लगा था.
बिछिया देखकर आनंद को आया गुस्सा
आगे पता चला है कि घटना वाली सुबह मधु सो रही थी. उसके सिरहाने रखी बिछिया देखकर आनंद को गुस्सा आ गया. आरोप यह है कि उसने सोते समय ही पत्नी के सिर और चेहरे पर मूसल से कई वार कर दिए. गंभीर चोट लगने के चलते मधु की मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आनंद ने खुद ही 112 पर फोन करके पुलिस को भी सूचना दी.
इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. जहां पर देखा कि कंबल से ढका मधु का शव पड़ा था. सीन ऐसा था कि देखकर हर किसी का माथा चकरा जाएगा. मधु का सिर बुरी तरह से कुचला हुआ था. पुलिस ने आरोपी पति को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद हत्या में इस्तेमाल किए गए मूसल को भी जब्त कर लिया गया.
बेटे ने बताई घटना से पहले की सच्चाई
मृतका के बेटे ने बताया कि रात में मधु ने अपने पति के नाम की मेहंदी भी लगाई थी. वहीं सुबह आनंद ने पोहा बनाया. उसने खुद भी पोहा खाया और बेटे को भी खिलाया था. इसके बाद कमरे में मधु की हत्या का पता चला. आनंद और मधु ने साल 2010 में प्रेम विवाह किया था. दोनों की शादी को करीब 16 साल हो चुके थे.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ समय से आनंद पत्नी के चरित्र पर शक करने लगा था. इसके अलावा, दोनों के बीच घरेलू विवाद भी चल रहा था. आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर भी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ेंः खूंखार तेंदुए से भिड़ गया बेटा, मां की जान के लिए 25 मिनट तक लड़ता रहा...जबड़े से जिंदा खींच लाया
पुलिस ने क्या बताया?
सीएसपी मुरार संदीप बांगरे का कहना है कि पुलिस को महिला मधु श्रीवास्तव की हत्या की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. जहां पर परिजनों से भी पूछताछ की. शुरुआती पूछताछ में पति आनंद श्रीवास्तव को भूमिका सामने आई. पुलिस ने हत्या की धाराओं में एफआईआर कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
उन्होंने आगे बताया कि शुरुआती जाच में शक और घरेलू विवाद हत्या के संभावित कारण सामने आए हैं. फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया. इसके बाद एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी.
(रिपोर्टः करतार सिंह राजपूत, ग्वालियर)