देवास में शराब माफिया की खौफनाक करतूत: ट्रक से कुचलकर TI की ली जान, तस्करी रोकने गए थे हाईवे पर
देवास जिले के खातेगांव में शराब माफिया ने ट्रक से कुचलकर TI की जान ले ली. टीआई अपनी टीम के साथ नेमावर रोड हाईवे पर अवैध शराब की तस्करी रोकने पहुंचे थे.
मध्य प्रदेश के देवास जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां खातेगांव के टीआई दिलीप पुरी को शराब तस्कर ने ट्रक से रौंदकर मौत के घाट उतार दिया. यह घटना तब हुई जब टीआई दिलीप पुरी और उनकी पुलिस टीम अवैध शराब की तस्करी को रोकने के लिए नेमावर रोड हाईवे पर वाहनों की जांच कर रही थी. इस दौरान अवैध शराब ले जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक के ड्राइवर ने बेखौफ होकर चेकिंग कर रहे टीआई पर गाड़ी चढ़ा दी, जिससे उनकी मौत हो गई.
जांच के लिए विशेष टीम का गठन
इस जघन्य घटना ने अपराधियों के बेखौफ होने को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मामले का तुरंत संज्ञान लेते हुए देवास के एसपी आदित्य मिश्रा ने मामले की गहराई से जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है.
यह भी पढ़ें: एमपी में 5IAS-4IPS ट्रांसफरः सागर-देवास के बदले कलेक्टर, इन अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी
मंत्री विश्वास सारंग का बयान
दूसरी ओर, इस घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं. मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने बयान देते हुए कहा है कि इसमें जांच के बाद ही कुछ कहना उचित होगा. दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी, कठोर कार्रवाई होगी. जब तक जांच नहीं हो जाती कुछ भी कहना उचित नहीं होगा.
सीएम मोहन यादव ने दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया
इस घटना पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 'X' पर लिखा- देवास जिले के खातेगांव में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कर्तव्य निर्वहन करते हुए थाना प्रभारी दिलीप पुरी जी के दिवंगत होने का समाचार अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है. उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. इस कठिन समय में शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ है. घटना की जांच के लिए स्पेशल DG उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया गया है. मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. वीर बलिदानी दिलीप पुरी जी की धर्मपत्नी को एसआई के पद पर अनुकंपा नियुक्ति एवं परिवार को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं.
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का बयान
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के शासन में शराब माफिया के ट्रकों से पुलिसकर्मी भी कुचले जा रहे हैं. राज्य के लोग जहरीली शराब पीकर अपनी जान गंवा रहे हैं, और पुलिसकर्मी शराब माफिया के ट्रकों का शिकार हो रहे हैं. यह बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. आपकी सरकार शराब माफिया पर लगाम लगाने में क्यों नाकाम हो रही है? छोटे अधिकारियों पर कार्रवाई करके हमेशा वरिष्ठ अधिकारियों को क्यों बचाया जाता है? शराब माफियाओं को किसका संरक्षण प्राप्त है?
अर्जुन देवड़ा की रिपोर्ट