)
मानसून के जाने के साथ ही इंदौर की हवा की क्वालिटी खराब होने लगी है. शहर में धूल और धुएं का लेवल लगातार बढ़ रहा है, लेकिन हवा की क्वालिटी पर नजर रखने वाला सिस्टम ही खराब पड़ा है. शहर के आठ मॉडर्न पॉल्यूशन-मॉनिटरिंग स्टेशनों में से छह ने काम करना बंद कर दिया है. 3 अक्टूबर से सिर्फ दो स्टेशनों मेघदूत पार्क और रेजिडेंसी से ही डेटा मिल रहा है. डेटा के मुताबिक, रेजिडेंसी इलाके में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 34 से बढ़कर 80 हो गया है. वहीं पोलो ग्राउंड, विजय नगर, रीजनल पार्क और छोटी ग्वालटोली के स्टेशन बंद हैं, और रीगल चौराहे की मशीन में भी खराबी बताई जा रही है.
प्रदूषण मापने वाले 6 स्टेशन बंद
दरअसल, शहर में हवा की गुणवत्ता मापने के लिए लगे 8 आधुनिक स्टेशनों में से 6 ठीक से काम नहीं कर रहे हैं. प्रदूषण बोर्ड के आंकड़ों पर गौर करें तो 25 सितंबर के मुकाबले कई इलाकों में AQI बढ़ गया है. रेसीडेंसी इलाके में यह 34 से बढ़कर 80 तक पहुंच गया है. 29 सितंबर तक 5 स्टेशनों पर मापन हो रहा था, लेकिन इसके बाद एक-एक कर स्टेशन बंद होते गए. इस मामले में अधिकारियों के बयान अलग-अलग हैं. प्रदूषण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी का कहना है कि दो स्टेशन पूरी तरह बंद हैं और रीगल चौराहे पर एमसी खराब होने से तकनीकी खराबी आई है. वहीं नगर निगम के अपर आयुक्त का दावा है कि नियमित मापन हो रहा है, जो स्टेशन बंद हैं उन्हें दिखवाते हैं.
ध्वनि प्रदूषण की समस्या भी बढ़ी
आम प्रदूषण के साथ-साथ शहर में ध्वनि प्रदूषण की समस्या भी बढ़ गई है. इस मामले में हाई कोर्ट में दायर एक याचिका पर सुनवाई के दौरान, याचिकाकर्ता ने पुलिस-प्रशासन की रिपोर्ट पर आपत्ति जताते हुए कहा कि कई 'साइलेंस जोन' सिर्फ कागजों पर ही मौजूद हैं. कोर्ट ने इस मामले पर अपना अंतरिम आदेश सुरक्षित रख लिया है.
खराब श्रेणी में जा सकता है AQI
यह घटना कागजी दावों और जमीनी हकीकत के बीच मौजूद भारी अंतर का एक चिंताजनक सबूत है. शहर जहां एक तरफ हवा और शोर के प्रदूषण की दोहरी समस्या से जूझ रहा है, वहीं निगरानी करने वाले सिस्टम का नाकाम होना जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने जैसा है. तापमान गिरने और ठंड बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर और बिगड़ सकता है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, रात के तापमान में गिरावट के कारण हवा में धूल और धुआं जमा हो रहा है. जैसे-जैसे आने वाले दिनों में ठंड बढ़ेगी, AQI 100 के स्तर को पार कर खराब श्रेणी में जा सकता है.