रॉकी कुमार और नाजिया खातून करते थे एक-दूसरे से इश्क, घरवालों को मंजूर नहीं, फिर दोनों ने दे दी जान
जामताड़ा में रेलवे ट्रैक पर रॉकी कुमार और नाजिया खातून नाम के युवक और युवती के शव मिले. शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी मच गई है. बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे, लेकिन घरवालों को इनकी शादी मंजूर नहीं थी.
जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के नवाडीह-दुर्गापुर के समीप 24 अक्टूबर शनिवार सुबह रेलवे पटरी पर प्रेमी युगल के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतकों की पहचान रिंगोचिंगो गांव निवासी रॉकी कुमार मंडल (20), पिता रघुनाथ मंडल और नाजिया खातून (19), पिता गुलाम अंसारी के रूप में हुई है. दोनों के शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिले. सूचना मिलने पर करमाटांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.
दोनों आपस में करते थे एक दूसरे से प्रेम
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. बताया जा रहा है कि अलग-अलग समुदाय से होने के कारण दोनों के परिजन इस रिश्ते से सहमत नहीं थे. परिजनों की असहमति के बीच लड़की की शादी करीब एक साल पहले ईदगाह मोड़ के पास उसके एक रिश्तेदार से करा दी गई थी.
घटना से कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर भी दोनों ने स्टेटस शेयर किया
घटना को लेकर चर्चा है कि 23 अक्टूबर शुक्रवार देर रात दोनों अपने घर से निकले थे और चरघरा रोड स्थित दुर्गा मंदिर में शादी की थी. हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. बताया जा रहा है कि घटना से कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर भी दोनों ने स्टेटस शेयर किया था. इन पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
रॉकी की अपाचे मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली
घटनास्थल के समीप रॉकी की अपाचे मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली. घटना से जुड़ा एक वीडियो फेसबुक और इंस्टाग्राम पर प्रसारित होने की बात सामने आई है. हालांकि, वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
प्रेम प्रसंग से जुड़ी आत्महत्या की घटना बताया जा रहा
प्रारंभिक चर्चा में इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ी आत्महत्या की घटना बताया जा रहा है, लेकिन घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस पूरे मामले की कर रही है जांच
करमाटांड़ थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट: देबाशीष भारती
यह भी पढ़ें: गांव की महिला से इश्क लड़ा रहा था युवक, ग्रामीणों ने पकड़ा और कर दी पिटाई, धनबाद पुलिस ले गई थाने