App

रांची IIIT छात्र मौत मामला: निदेशक के इस्तीफे की मांग पर अड़े स्टूडेंट्स, दूसरे दिन भी आंदोलन जारी

Ranchi IIIT student Death Case: IIIT रांची में छात्र की मौत के दूसरे दिन भी आंदोलन जारी है. छात्र निदेशक के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं. मृतक छात्र आदित्य बिहार के नवगछिया का रहने वाला था.

रांची IIIT छात्र मौत मामला: निदेशक के इस्तीफे की मांग पर अड़े स्टूडेंट्स, दूसरे दिन भी आंदोलन जारी
Image Credit: रांची IIIT छात्र मौत मामला (वीडियो ग्रैब)

झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) में बीटेक के प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य की संदिग्ध स्थितियों में मौत के बाद विद्यार्थियों का आंदोलन सोमवार (12 अक्टूबर, 2026) को भी जारी रहा. छात्र-छात्राएं रातभर धरने पर बैठे रहे और सोमवार को फिर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया. वे संस्थान के निदेशक राजीव श्रीवास्तव के इस्तीफे, छात्रावास की व्यवस्था में सुधार और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं. उन्होंने प्रशासनिक भवन और आसपास के मार्गों को पूरी तरह से ठप कर दिया है.

कोई योग्य डॉक्टर नहीं था मौजूद
छात्रों ने संस्थान प्रबंधन पर गंभीर प्रशासनिक लापरवाही और संवेदनहीनता के आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि आपातकाल के दौरान एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर तक मौजूद नहीं था, जिसके कारण आदित्य ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. इतना ही नहीं, बिजली गुल होने पर बैकअप न होने से लिफ्ट बंद पड़ी थी, और हॉस्टल के थर्ड-पार्टी केयरटेकर ने छात्र को छूने तक से इनकार कर दिया. आपात स्थिति के दौरान मौके पर कोई योग्य डॉक्टर उपलब्ध नहीं था और स्थिति इतनी बदतर थी कि दूसरे वर्ष के छात्रों को खुद एंबुलेंस चलाकर सहपाठी को अस्पताल ले जाना पड़ा.

14 घंटे बाद मौके पर पहुंचे निदेशक
प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने निदेशक के इस्तीफे की मांग के पक्ष में कई गंभीर बिंदु उठाए हैं. छात्रों के अनुसार, इतनी बड़ी त्रासदी के बावजूद निदेशक घटना के 14 घंटे बाद मौके पर पहुंचे. छात्रों ने कहा कि संकाय सदस्यों (फैकल्टी) द्वारा आवाज उठाने वाले छात्रों को अनुशासनात्मक कार्रवाई की धमकियां दी जा रही हैं.

कैंटीन और सुरक्षा में भारी कुप्रबंधन
छात्रों ने पाठ्यक्रम में अत्यधिक अकादमिक दबाव, मानसिक स्वास्थ्य परामर्शदाता (काउंसलर) का न होना, प्राथमिक चिकित्सा और बुनियादी दवाओं का अभाव, कैंटीन और सुरक्षा में भारी कुप्रबंधन को लेकर भी कड़ा रोष जताया है. सोमवार को आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए संस्थान के चेयरमैन खुद धरनास्थल पर पहुंचे और विद्यार्थियों से वार्ता की. उन्होंने छात्रों को फैकल्टी के साथ बैठकर समाधान निकालने का प्रस्ताव दिया, जिसे विद्यार्थियों ने सिरे से खारिज कर दिया.

पुलिस कर रही मामले की जांच
छात्र सीधे निदेशक के सामने अपनी मांगें रखने और उनके इस्तीफे पर अड़े हुए हैं. चेयरमैन ने अब छात्रों की जिद को देखते हुए निदेशक को बातचीत के लिए बुलाने का आश्वासन दिया है. इधर, पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर तैनात है और मामले की जांच जारी रखे हुए है. मृतक छात्र आदित्य बिहार के नवगछिया (भागलपुर) का रहने वाला था. विद्यार्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि सोमवार को निदेशक का इस्तीफा और उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो वे खेलगांव चौक को पूरी तरह से जाम कर पूरे शहर का यातायात बाधित करेंगे. फिलहाल परिसर में भारी तनाव बना हुआ है.

-आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More