India vs West Indies T20I: वैभव सूर्यवंशी को देखने उमड़ी भीड़, फैंस बोले- टिक गए तो होगी चौकों-छक्कों की बारिश
रांची में भारत और वेस्टइंडीज के बीच मैच को लेकर फैन्स के बीच गजब का उत्साह है. वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी देखने के लिए बिहार के छपरा से दर्शक पहुंचे हैं. वहीं, पलामू डाल्टनगंज से भी फैन्स पहुंचे हैं.
भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब से थोड़ी देर बाद होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर रांची में स्टेडियम के बाहर भी क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा है. दूर-दूर से मैच का आनंद लेने आए क्रिकेट प्रेमी भारतीय टीम के रंग में रंगे हैं. अपने-अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के नाम वाली टी-शर्ट पहनकर और चेहरे पर तिरंगे का निशान लगाए ये क्रिकेट प्रेमी चक दे इंडिया का नारा बुलंद कर रहे हैं. स्टेडियम के बाहर मेले जैसा नजारा है और फैंस पूरे जोश में दिख रहे हैं. सभी टीम इंडिया की जीत के दावे कर रहे हैं.
मैच को लेकर क्या बोले क्रिकेट फैंस, जानिए
बिहार के छपरा से रांची, इंडिया और वेस्टइंडीज का मैच देखने पहुंचे फैंस बहुत उत्साहित नजर आए. उन्होंने कहा कि वैभव सूर्यवंशी को अगर ओपनिंग मिल गई और वह पांच ओवर तक टिक गए, तो चौकों-छक्कों की बारिश होगी. हम उम्मीद करेंगे कि वैभव सूर्यवंशी खेलें और बेहतरीन प्रदर्शन करें. अगर इंडिया टीम टॉस जीते, तो पहले बल्लेबाजी करनी चाहिए.
फैंस के बीच वैभव सूर्यवंशी को लेकर काफी क्रेज
पलामू डाल्टनगंज से भी कई फैंस रांची मैच देखने पहुंचे हैं. फैंस ने बताया कि वे सुबह 6 बजे ट्रेन पकड़कर निकले थे और 10 बजे तक पहुच गए, ताकि यहां का माहौल देख सकें. हम सभी इंडिया को सपोर्ट करने आए हैं. फैंस के बीच वैभव सूर्यवंशी को लेकर काफी क्रेज देखने को मिल रहा है और हर कोई उनकी बल्लेबाजी देखने के लिए बेहद उत्साहित है.
भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मैच
बता दें कि झारखंड की राजधानी रांची के जेएससीए स्टेडियम में शुक्रवार को भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मैच खेला जाएगा. शुक्रवार शाम 7 बजे से मैच का आयोजन होगा. जबकि, दर्शकों को शुक्रवार दोपहर 3 बजे से ही स्टेडियम में एंट्री मिलने लगी. मैच को लेकर सुरक्षा के व्यापक और चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं.
रांची से उज्ज्वल मिश्रा की रिपोर्ट