'पोक्सो एक्ट का केस और खुलेआम घूम रहे विधायक', भूषण बाड़ा मामले पर झारखंड की सियासत में भूचाल, BJP-JMM आमने-सामने
भूषण बाड़ा प्रकरण ने राज्य में सियासी तकरार को और तेज कर दिया है. बीजेपी जहां गिरफ्तारी और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग पर अड़ी है, वहीं जेएमएम ने जांच पूरी होने तक पुलिस पर भरोसा रखने की बात कही है. अब सबकी नजर पुलिस की जांच और आगे होने वाली कानूनी कार्रवाई पर टिकी है.
सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े मामले को लेकर झारखंड की सियासत गरमा गई है. मामले में पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं. एक ओर बीजेपी विधायक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठा रही है, तो दूसरी ओर जेएमएम ने पुलिस की जांच पर भरोसा रखने की नसीहत देते हुए बीजेपी पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया है.
'विधायक पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज, फिर भी घुम रहे खुलेआम'
बीजेपी प्रवक्ता संदीप वर्मा ने आरोप लगाया है कि प्रशासन के रवैये से ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार कांग्रेस विधायक को बचाने का प्रयास कर रही है. उनका कहना है कि पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज होने के बावजूद विधायक का खुलेआम घूमना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है. बीजेपी ने पुलिस से अविलंब गिरफ्तारी की मांग करते हुए आदिवासी युवती को न्याय दिलाने की अपील की है.
'इस प्रकरण में दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और दोनों मामलों की जांच चल रही'
वहीं, बीजेपी के आरोपों पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पलटवार किया है. जेएमएम नेता मनोज पांडे ने कहा कि पूरे मामले में पुलिस की जांच पर भरोसा रखना चाहिए और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी. उन्होंने बताया कि इस प्रकरण में दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और दोनों मामलों की जांच चल रही है. उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए बृजभूषण शरण सिंह, कुलदीप सेंगर और चिन्मयानंद जैसे मामलों का जिक्र किया और आरोप लगाया कि बीजेपी की राजनीति दोहरे मापदंड पर आधारित है.
'बीजेपी के हिसाब से कानून और न्यायालय नहीं चलेगा, जो दोषी होगा कार्रवाई होगी'
वहीं, कांग्रेस का यह आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जांच को प्रभावित करने का काम कर रहे हैं. पुलिस जो जांच कर रही है, उसमें बीजेपी दखलअंदाजी कर रही है. कांग्रेस नेता किशोर शाहदेव ने कहा कि जो भी दोषी होंगे, उन पर कार्रवाई निश्चित होगी, लेकिन बीजेपी के हिसाब से कानून और न्यायालय नहीं चलेगा. भारतीय जनता पार्टी की ड्रामेबाजी हमेशा हड़बड़ी में की जाती है, वे सत्य के साथ खड़े नहीं होते और उनका मुद्दा बैकफायर करता है.
रिपोर्ट: कामरान जलीली
यह भी पढ़ें: थाने से जेल तक कहीं सुरक्षित नहीं महिलाएं, बाबूलाल मरांडी ने झारखंड की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल