SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

शिक्षकों से शिकायत करने पर नाराज थे 4 सहपाठी, गमछे से गला घोंटकर कर दिया मर्डर, हत्याकांड का बड़ा खुलासा

चतरा के एकलव्य आवासीय विद्यालय में 14 वर्षीय छात्र रविकांत हेंब्रम की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है. शिकायत से नाराज चार नाबालिग सहपाठियों ने गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या की. चारों को बाल सुधार गृह भेजा गया है. पुलिस की जांच जारी है.

Edited By Ansh Raj
Published: Nov 26, 2026, 22:51 IST | Updated: Nov 26, 2026, 23:02 IST
Image Credit: Chatra School Murder
Join

झारखंड के चतरा जिले के कान्हाचट्टी प्रखंड स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (चारु) में सातवीं कक्षा के 14 वर्षीय छात्र की मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक, छात्र की हत्या उसके ही चार सहपाठियों ने गमछे से गला दबाकर की थी. इस मामले में चारों नाबालिग आरोपियों को निरुद्ध कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया गमछा भी बरामद कर लिया है.

शिकायत करने से नाराज थे सहपाठी

मृतक छात्र की पहचान रविकांत हेंब्रम के रूप में हुई है. वह गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड के चोरनीतरी गांव के रहने वाले राजेश हेंब्रम का बेटा था. सदर एसडीपीओ सनी वर्धन ने बताया कि रविकांत अक्सर अपने साथियों की शिकायत शिक्षकों से किया करता था. इसी बात को लेकर उसके चार सहपाठी उससे नाराज थे. पुलिस के अनुसार, इसी नाराजगी के चलते चारों ने आपसी विवाद के दौरान योजना बनाकर गमछे से रविकांत का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ केस

घटना के बाद मृतक के पिता ने लिखित आवेदन देकर पुलिस से शिकायत की थी. इसके आधार पर राजपुर थाना में कांड संख्या 85/26 दर्ज किया गया. मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) बनाया गया. टीम ने जांच और छापेमारी के बाद चारों नाबालिगों को निरुद्ध किया. इस कार्रवाई में राजपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार, पु०अ०नि० संदीप प्रसाद वर्मा, स०अ०नि० विजय कुमार सिंह और सशस्त्र बल के जवान भी शामिल रहे.

स्कूल प्रबंधन पर परिजनों ने उठाए सवाल

इस घटना के बाद रविकांत के परिवार में मातम है. परिजनों ने स्कूल प्रबंधन, प्राचार्य और वार्डन की भूमिका पर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि वारदात सोमवार की रात ही विद्यालय परिसर में हो गई थी, लेकिन इसकी जानकारी उन्हें समय पर नहीं दी गई. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मामले को छिपाने की कोशिश की गई. फिलहाल पुलिस इस मामले में प्राचार्य और वार्डन से भी पूछताछ कर रही है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच जारी है.

मृत्युंजय मिश्रा की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES