SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

नशे के जाल में तबाह हुआ हनुमानगढ़ का परिवार:पहले दोनों जवान बेटे और फिर पति को लील गए ड्रग्स, अब दूसरों के घरों में काम कर रही मां

नशे के दुष्चक्र में फंसे कई परिवार तबाह हो गए हैं और कई अभी भी इसके जाल में फंसे हैं. राजस्थान के हनुमानगढ़ में इसके जाल में फंसकर एक परिवार के 3 लोगों की 7 महीने में मौत हो गई.

Edited By Devinder Kumar
Published: Nov 23, 2026, 18:45 IST | Updated: Nov 23, 2026, 18:57 IST
Image Credit: जी न्यूज देशभर में नशे के खिलाफ अभियान चला रहा है.
Join

देश के लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए जी मीडिया ने 'नशा मुक्त भारत' राष्ट्रीय अभियान शुरू किया है. इस अभियान में हम आपको ऐसी कहानियां बताते हैं, जो आपको नशे के खिलाफ लड़ने के लिए न सिर्फ सतर्क करती हैं, बल्कि ऐसे परिवार की दुर्दशा को समाज के सामने भी लाती हैं. ऐसी ही एक कहानी राजस्थान के हनुमानगढ़ से सामने आई है,  जहां महज 7 महीने में नशे से एक ही परिवार के 3 लोगों को मौत हो गई. आपको यह खबर जरूर पढ़नी चाहिए. यह महज एक खबर ही नहीं है, बल्कि सबक भी है.

सात महीने में पति और दोनों बेटों की मौत

एक मां, जिसके दो जवान बेटे नशे की वजह से दुनिया छोड़ गए. पति का साया भी उठ गया. सात महीने में अपने परिवार के तीन लोगों को खोने के बाद अब उस मां पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी है. ये दर्दनाक कहानी है हनुमानगढ़ की रीना देवी की है.

नशे ने लील लिया भरा-पूरा परिवार

रीना देवी के बड़े बेटे विशाल (22 साल) की पिछले साल नवंबर में ड्रग्स के कथित ओवरडोज से मौत हो गई. फिर, इस साल 16 मार्च को 20 साल के छोटे बेटे रोहित ने भी नशे के कारण दम तोड़ दिया. मानों इतना ही काफी न हो. तीन महीने बाद 23 जून को पति प्रकाश सिंह भी नशे की वजह से चल बसे. अब रीना दूसरों के घरों में झाड़ू-पोंछा करके बेटी, विधवा बहू और पोती का पेट पाल रही हैं.

महिलाएं भी नशे की गिरफ्त में आ रहीं

लेकिन हनुमानगढ़ में नशे का जाल सिर्फ युवाओं तक सीमित नहीं है. महिलाएं भी चिट्टा और नशीली दवाओं की गिरफ्त में आ रही हैं. एक महिला गर्भावस्था में नशे के कारण गंभीर बीमार हुई. उसकी जान तो बच गई, लेकिन गर्भस्थ शिशु को नहीं बचाया जा सका. अब वह नशा छोड़ने की कोशिश कर रही है.

रीना का आरोप है कि बीपीएल परिवार होने के बावजूद उन्हें पर्याप्त सरकारी मदद नहीं मिली. उनका कहना है कि पोती को पालनहार योजना और विधवा बहू को पेंशन का लाभ भी नहीं मिल सका.

हेरोइन और दवाओं के नशे के आदी हो रहे युवा

मानस नशा मुक्ति अभियान के डॉ. ओपी सोलंकी के मुताबिक, नशा मुक्ति शिविरों में आने वाले करीब 70 फीसदी युवा हेरोइन और दवाओं के नशे के आदी हैं.

ये भी पढ़ें- गुजरात पुलिस का नशा तस्करों के खिलाफ महाअभियान: सूरत से 10 गिरफ्तार, जी न्यूज की 'नशा मुक्त भारत' मुहिम को मिला बड़ा समर्थन

नशे ने रीना से उनका परिवार छीन लिया. अब वो अकेले अपनों को संभालने की लड़ाई लड़ रही हैं. रीना की कहानी एक चेतावनी है कि नशा सिर्फ एक जिंदगी नहीं, बल्कि पूरे परिवार को बर्बाद कर देता है. इसलिए नशे के खिलाफ आवाज उठाइए  क्योंकि नशा मुक्त भारत ही सुरक्षित भारत है.

नशा तस्करों के खिलाफ दे सकते हैं जानकारी

आप सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर हैशटैग #NashamuktBharat लिखकर Zeenews को टैग कर सकते हैं. इसके साथ ही, आप मोबाइल नंबर 9310497453 पर व्हाटसऐप मैसेज करके अपने आसपास ड्रग्स तस्करी में लगे लोगों की जानकारी दे सकते हैं. आपकी जानकारी पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी और उसे संबंधित एजेंसियों तक पहुंचाकर कार्रवाई करवाने की कोशिश की जाएगी. जी न्यूज की इस पहल को सोशल मीडिया में जबरदस्त समर्थन मिल रहा है और लोग बढ़-चढ़कर इसमें जानकारियां शेयर कर रहे हैं.

(रिपोर्टर कुलदीप शर्मा का इनपुट)

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES