App

ममता के ‘चोट’ वाले दावे पर संग्राम! सुवेंदु अधिकारी ने दिखा दी 11 मार्च की रिपोर्ट, बोले- ‘फ्रैक्चर का सबूत नहीं’

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 के दौरान ममता बनर्जी के पैर में लगी चोट पर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि यह झूठ था. इस दौरान उन्होंने एक रिपोर्ट भी दिखाई

ममता के ‘चोट’ वाले दावे पर संग्राम! सुवेंदु अधिकारी ने दिखा दी 11 मार्च की रिपोर्ट, बोले- ‘फ्रैक्चर का सबूत नहीं’

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर 2021 चुनाव के दौरान पैर में चोट को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने ममता बनर्जी की पैर चोट को नाटक करार देते हुए कुछ रिपोर्ट्स भी पेश की हैं. उन्होंने कहा कि 11 मार्च 2021 की रिपोर्ट में 'फ्रैक्चर या हड्डी खिसकने का कोई सबूत नहीं' बताया गया है. जबकि 2021 के चुनाव के दौरान ममता बनर्जी ने इस मुद्दे को खूब भुनाने की कोशिश की थी और राष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने इस मामले को बड़ा बनाया था.

अधिकारी ने नंदीग्राम II डेवलपमेंट ब्लॉक के बिरुलिया बाजार में एक रैली को संबोधित करते हुए यह दावा किया, यह वही जगह है जहां पांच साल पहले बनर्जी को चोट लगी थी. तत्कालीन मुख्यमंत्री बनर्जी को 10 मार्च 2021 को चुनाव प्रचार के दौरान नंदीग्राम के बिरुलिया के रेयापारा इलाके में बाएं पैर और कमर में चोट लगी थी. सुवेंदु अधिकारी ने यह दावा ऐसे समय में किया, जब 6 अक्तूबर को नंदीग्राम में उपचुनाव होंगे और 9 अक्तूबर को नतीजों का ऐलान किया जाएगा.

सुवेंदु ने बांगुर इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोसाइंस रिपोर्ट दिखाई

बांगुर इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोसाइंस की तरफ से जारी बनर्जी की मेडिकल रिपोर्ट दिखाते हुए कहा,'ममता बनर्जी ने 2021 में नंदीग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान पैर में चोट लगने का नाटक किया था. हमारे पास मेडिकल रिपोर्ट है जिसमें कहा गया है कि हड्डी टूटने या खिसकने का कोई सबूत नहीं था. हम इस मामले की जांच शुरू करेंगे. उन्होंने आगे कहा,'उनके झूठे आरोप ने नंदीग्राम के लोगों का अपमान किया. 9 अक्टूबर को MCC (आदर्श आचार संहिता) हटने के बाद मैं और जानकारी दूंगा, आज मैं कल किए गए अपने दावों के समर्थन में यह बात कह रहा हूं.'

9 तारीख के बाद और जानकारी देंगे-CM

सुवेंदु ने कहा कि चुनाव आचार संहिता खत्म होने के बाद CID इस मामले की जांच कर रही है. अगर कोई घटना हुई है तो पुलिस या CID उसकी जांच कर सकती है. उन्होंने आगे कहा कि अगर किसी ने झूठा प्रचार किया, नंदीग्राम के लोगों का अपमान किया, मीडिया ट्रायल चलाया या बंगाल की जनता को गुमराह किया, तो BNS के तहत उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. सुवेंदु ने यह भी कहा कि इस कथित झूठे प्रचार में जो भी लोग शामिल थे, उनके बारे में वह 9 तारीख के बाद और जानकारी देंगे.

2021 में चुनाव प्रचार के दौरान क्या हुआ था?

10 मार्च 2021 को नंदीग्राम के बिरुलिया इलाके के रेयापारा में चुनाव प्रचार के दौरान, उस समय की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बाएं पैर और कमर में चोट लग गई थी. ममता बनर्जी ने दावा किया था कि कुछ अज्ञात लोगों ने जानबूझकर उन्हें उनकी खुली कार के दरवाजे की तरफ धकेल दिया, जिससे दरवाजा जोर से उनके बाएं पैर से टकराया और भारी भीड़ के बीच उनका पैर कुचल गया.

कोलकाता के अस्पताल में कराया गया भर्ती

बाद में अस्पताल से जारी एक वीडियो मैसेज में उन्होंने बताया कि जब वह समर्थकों का अभिवादन कर रही थीं, तो भारी भीड़ उनकी कार के पास आ गई, जिससे उनका पैर दब गया और घायल हो गया. जांच में पता चला कि उनके बाएं टखने और पैर की हड्डी और लिगामेंट में गंभीर चोटें आई थीं; साथ ही उनके दाहिने कंधे, बांह, गर्दन और कमर में भी चोट और दर्द था. उन्हें तुरंत कोलकाता वापस लाया गया और सरकारी SSKM अस्पताल में भर्ती कराया गया.

12 मार्च 2021 को अस्पताल से मिली छुट्टी

कई तरह की जांच के बाद, 12 मार्च को बनर्जी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. उनके बाएं पैर पर प्लास्टर लगा हुआ था और उन्होंने व्हीलचेयर पर बैठकर अपना आगे का चुनाव प्रचार जारी रखा. तृणमूल कांग्रेस ने उन चुनावों में शानदार जीत हासिल की थी; पार्टी ने 294 में से 216 सीटें जीतीं और BJP को 77 सीटों पर ही रोक दिया.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tahir Kamran

Tahir Kamran

Zee News में नेशनल डेस्क पर देश–विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरें लिखते हैं. करियर का आगाज 2015 से 'पंजाब केसरी' ग्रुप के उर्दू अखबार ‘हिंद समाचार’ से किया, जहां वे कंटेट राइटर से पेज डिजाइनर तक पहुंचे. इसके बाद उर्दू, हिंदी और पंजाबी - तीनों भाषाओं में काम करने का मौका मिला. 2018 में डिजिटल की तरफ कूच करते हुए पंजाब केसरी ग्रुप की उर्दू वेबसाइट की लॉन्चिंग टीम का नेतृत्व किया. इसके बाद 2020 में 'Zee Salaam' ज्वाइन किया, यहां भी वेबसाइट को लॉन्च करने के साथ-साथ तीन साल टीम का नेतृत्व भी किया. इसी दौरान ZEE Delhi NCR वेबसाइट भी लॉन्च हुई, जिसमें उनका अहम योगदान रहा. 2023 में India Daily Live की लॉन्चिंग टीम के साथ काम किया और शुरुआती दिनों में हिंदी के अलावा पंजाबी, तमिल, तेलुगु और गुजराती वेबसाइट टीमों को मैनेज किया. अक्टूबर 2024 में फिर से Zee Media में में वापसी करते हुए नेशनल टीम का हिस्सा बने. तकनीक में दिलचस्पी की वजह से उन्होंने React.js और वेब डिजाइनिंग सीखी. यही कारण है कि उनकी खबरों में HTML-CSS के छोटे-छोटे ग्राफिक्स दिख जाते हैं, जो मुश्किल बातों को भी आसान बना देते हैं. करियर की शुरुआत में कुछ दिनों तक फोटो स्टूडियो में भी काम किया, जहां कैमरा, Adobe Photoshop और ग्राफिक डिजाइनिंग सीखी, जो आज भी उनके डिजिटल काम में मदद करता है. उर्दू शायरी से प्यार अलग ही है. ग़ज़लें, नज़्में, गीत भी लिखते हैं और कई अखबारों में उनकी शायरी छप भी चुकी हैं. राहत इंदौरी, मुनव्वर राणा, अनवर जलालपुरी खुशबीर सिंह शाद और नवाज देवबंदी, माजिद देवबंदी  जैसे शायरों के इंटरव्यू व बातचीत का अनुभव भी उनके पास है. आप tahir.kamran@india.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facbook से जुड़ सकते हैं. 
Read More