मुंबई के चबाड हाउस पर फिर हमले की साजिश, पकड़ा गया शहजाद भट्टी गैंग का मेंबर; ISI के इशारे पर कर रहा था जासूसी
मुंबई में यहूदियों के धार्मिक केंद्र चबाड हाउस पर हमले की साजिश हो रही है. मुंबई एटीएस ने ऐसी ही एक साजिश के आरोप में यश सिंह नाम के आरोपी को अरेस्ट किया है.
महाराष्ट्र में संवेदनशील इलाके की रेकी का मामला सामने आया है. मुंबई एटीएस ने यश सिंह (20 साल) नाम के आरोपी को मुंबई के संवेदनशील इलाकों की रेकी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. ऐरोली निवासी यश पर आरोप है कि उसने कोलाबा स्थित यहूदी धार्मिक केंद्र चबाड हाउस की जासूसी की थी. यह वही स्थान है, जिसे 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान निशाना बनाया गया था.
विदेशी आकाओं के लिए कर रहा था जासूसी
पुलिस जांच में सामने आया है कि यश सिंह सोशल मीडिया के जरिए विदेशी आकाओं और अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा हुआ था. वह यहूदी नागरिकों, विदेशी नागरिकों और उनके व्यापार से जुड़ी सटीक लोकेशन, गाड़ियों के नंबर और तस्वीरें इकट्ठा करके अपने हैंडलर्स को भेज रहा था.
केरल में UAPA में दर्ज है केस
मुंबई एटीएस को यश सिंह की संदिग्ध हरकतों के बारे में गुप्त सूचना मिली थी. आंतरिक जांच में सूचना सही मिलने पर एटीएस ने कार्रवाई कर यश सिंह को अरेस्ट कर लिया. जांच में यह बात सामने आई कि यश के खिलाफ केरल के त्रिशूर में भी UAPA के तहत मामला दर्ज है. मुंबई एटीएस से सूचना मिलने पर केरल पुलिस की टीम भी नवी मुंबई पहुंची और यश को अपनी हिरासत में लेकर पूछताछ की.
बेरोजगार युवाओं को जाल में फंसाने का खेल
जांच कर रहे एटीएस अधिकारियों के मुताबिक, आईएसआई के इशारे पर पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी अपने क्राइम सिंडिकेट का विस्तार कर रहा है. इसके लिए वह टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए भारत के बेरोजगार और आर्थिक रूप से परेशान युवाओं को निशाना बना रहा है. इन युवाओं को पैसे का लालच देकर संवेदनशील स्थानों की रेकी करने और जानकारी जुटाने के काम में इस्तेमाल किया जा रहा है.
26/11 हमले में क्यों निशाने पर है नरीमन हाउस?
बताते चलें कि नवंबर 2008 में मुंबई में आए पाकिस्तानी आतंकियों ने ताज होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट और छत्रपति शिवाजी टर्मिनस के साथ-साथ कोलाबा स्थित नरीमन हाउस को निशाना बनाया था. नरीमन हाउस मुंबई में यहूदियों का प्रमुख पूजा स्थल है. जो जिहादी आतंकियों के निशाने पर रहता आया है. इस हमले के लिए लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकी समुद्री रास्ते से मुंबई में दाखिल हुए थे.
इस हमले में 166 लोगों की जान गई थी. नरीमन हाउस में हमले के दौरान आतंकियों ने कई लोगों को बंधक बना लिया था. इस हमले में यहूदी केंद्र के रब्बी गेवरियल होल्ट्जबर्ग, उनकी गर्भवती पत्नी रिवका और चार अन्य विदेशी नागरिकों की मौत हो गई थी.
इस दौरान दंपत्ति के दो साल के बेटे मोशे को उनकी भारतीय आया सैंड्रा सैमुअल्स ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया था. अब फिर वहां की रेकी की खबर आने के बाद मुंबई एटीएस समेत तमाम खुफिया एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं. अब वे इस यश से पूछताछ कर पूरे प्रकरण की तह तक जाने की कोशिश कर रही हैं.