नशे की लत ने उजाड़ दी स्टेट लेवल खिलाड़ी की दुनिया...ड्रग्स के लिए खून तक बेचा, झकझोर देगी उपेंद्र सेंगर की कहानी
इस आर्टिकल में हम आपके लिए मध्य प्रदेश के एक होनहार खिलाड़ी उपेंद्र सेंगर की रुला देने वाली कहानी बता रहे हैं, जिसने कभी हॉकी और क्रिकेट में अपने राज्य का नाम रोशन किया, लेकिन कॉलेज की गलत संगत ने सब कुछ तबाह कर दिया.
नशे की लत एक ऐसी दीमक है जो किसी भी हंसते-खेलते परिवार और उभरते हुए भविष्य को अंदर ही अंदर खोखला कर देती है. लेकिन समाज को यह समझना होगा कि नशे के जाल में फंसा व्यक्ति कोई अपराधी नहीं, बल्कि एक मरीज है जिसे सजा की नहीं बल्कि सहानुभूति और सही इलाज की जरूरत है. ZEE मीडिया के 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत आज हम आपको मध्य प्रदेश के एक ऐसे खिलाड़ी की कहानी दिखाने वाले हैं, जो प्रतिभावान थे, जिन्होंने अपने राज्य के लिए हॉकी और क्रिकेट दोनों खेलों में कई मेडल जीते, लेकिन गलत संगत और ड्रग्स की लत ने उनकी प्रतिभा, उनके खेल को खत्म कर दिया. उनके सपनों की दुनिया उजड़ गई.
नशे के लिए उसने भाई के शोरूम की गाड़ियां कौड़ियों के भाव में बेच दीं. यहां तक कि ड्रग्स के लिए उन्होंने कई बार अपना खून तक बेचा, लेकिन इस दलदल से बाहर निकलने के लिए उपेंद्र ने क्या किया. किस तरह वो नई शुरुआत कर रहे हैं, ये आज आपको देखना चाहिए.
हार्दिक पांड्या और सरदार सिंह की छवि देखते थे लोग
सोचिए ना, जो लड़का अपने स्कूल के लिए कभी मैच जीतता था. मेडल जीतता था, वो कॉलेज जाते ही नशे से लगातार हारने लगा, जिस लड़के में पूरा दतिया क्रिकेटर हार्दिक पांड्या और हॉकी प्लेयर सरदार सिंह की छवि देखता था, वो लड़का आज नशा मुक्ति केंद्र में अपनी लत से लड़ रहा है. जानता है, ये जंग आसान नहीं है, लेकिन जूझ रहा है. अपने माता-पिता के अरमानों को याद करता है तो आंखें डबडबा जाती हैं. आंसू निकलने लगते हैं. पश्चाताप का बोध बूंद बनकर छलकता है.
कॉलेज हॉस्टल से शुरू हुआ बर्बादी का सफर
12वीं कक्षा में चार विषयों में डिस्टिंक्शन मार्क्स लाने वाले उपेंद्र ने साल 2010 में ग्वालियर के कॉलेज हॉस्टल में कदम रखा और यहीं से बर्बादी की शुरुआत हुई. शुरुआत सिगरेट से हुई, फिर हॉस्टल के साथियों ने ड्रग्स के लिए उकसाया. 15 दिन तक इनकार किया, लेकिन उसके बाद जो लत लगी तो फिर संभल नहीं पाए. नशे के लिए उपेंद्र झूठ बोलने लगे.
कॉलेज फीस के नाम पर घरवालों से 1 लाख 80 हजार रुपये ठग लिए. जब कॉलेज से फीस की चिट्ठी पहुंची, तब जाकर राज खुला. लत ऐसी बढ़ी कि घरवालों के बाइक शोरूम से गाड़ियां गायब होने लगीं. कभी 18 तो कभी 22 बाइक्स नशे की भेंट चढ़ गईं. यानी गाड़ियां बेचकर ड्रग्स का नशा करने लगे.
ड्रग्स के लिए अपना खून तक बेच दिया
एक वक्त ऐसा भी आया जब तीन दोस्त नशे के लिए तड़प रहे थे. एमडी के लिए 900 रुपये चाहिए थे, लेकिन जेब में सिर्फ 300 रुपये थे तो तीनों ने अपना खून बेच दिया. उपेंद्र बताते हैं कि अब तक उनके करीब 30 दोस्त ड्रग्स की वजह से अपनी जान गंवा चुके हैं. खुद उपेंद्र भोपाल के नशामुक्ति केंद्र में इलाज करा रहे हैं. उम्मीद यही है कि वो नशा छोड़कर..मुख्यधारा में लौटेंगे. हमारे देश में उपेंद्र जैसे लाखों लोग हैं..जिन्हें हमारी और आपकी जरूरत है.