'मोदी को हटाना होगा…', खरगे के भाषण के बीच बोला युवक- 'नहीं हटेंगे'; विवादित टिप्पणी के बाद हुई मारपीट
यह पूरा बवाल पटना के बापू सभागार में हुआ, जहां कांग्रेस की तरफ से बिहार के पहले मुख्यमंत्री और महान स्वतंत्रता सेनानी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह जी की 139वीं जयंती का कार्यक्रम आयोजित किया गया था.
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम में बवाल हो गया है. वो पटना के बापू सभागार में कांग्रेस की ओर से आयोजित श्रीकृष्ण सिंह जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे. उनके संबोधन के बीच एक युवक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की जा रही टिप्पणी पर रोकटोक शुरू कर दी. युवक ने कहा PM मोदी कहीं नहीं जाएंगे, तो खरगे ने जवाब दिया कि 'मोदी का बाप भी जाएगा'. इसके बाद कार्यक्रम में बवाल मच गया. आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उस युवक को पकड़ लिया और मारपीट कर दी.
इस हंगामे के चलते सभा में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और यह सारा तमाशा खरगे के सामने ही हुआ. हालांकि, वह युवक कौन था और उसके साथ मारपीट की पूरी बात क्या थी, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है. अभी यह भी साफ नहीं हुआ है कि किसके साथ कार्यक्रम में पहुंचा था और उसने खरगे के भाषण का विरोध क्यों किया?
चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग
मंच से मल्लिकार्जुन खरगे ने बीजेपी पर खूब निशाना साधा. उन्होंने दावा किया है कि देश में जहां भी भाजपा की सरकार है, वह चोरी से बनी हुई है. इस दौरान उन्होंने आगामी चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग भी की. उन्होंने कहा, 'चुनाव ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से होने चाहिए, ईवीएम हटाओ बैलट पेपर लाओ.'
शांति को भंग करने वाले लोग RSS की विचारधारा के हैं: खरगे
बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने कहा कि देश में जब तक आरएसएस की सोच रहेगी, तब तक शांति नहीं हो सकती.
खरगे ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'श्री कृष्ण सिंह के समाज के लोग जमींदार थे, बावजूद श्री बाबू ने जमींदारी पद्धति को हटाने का काम किया. आजादी के बाद आरएसएस और दूसरी शक्तियां दंगा फैलाने में लगी थीं, लेकिन श्री बाबू ने मजबूती से उनका मुकाबला किया. जब तक इस देश में आरएसएस की आइडियोलॉजी खत्म नहीं होगी, तब तक इस देश में शांति नहीं होगी, शांति को भंग करने वाले लोग यही हैं.'
छुआछूत और मौजूदा राजनीति का जिक्र करते हुए खरगे ने आगे कहा, 'श्री बाबू ने छुआछूत के खिलाफ अभियान चलाया, आज भी आरएसएस, बीजेपी में छुआछूत के समर्थक भरे हुए हैं. सोशलिस्ट पार्टी की आइडियोलॉजी को लेकर आए नीतीश जी RSS की झोली में गिर गए.'
'बीजेपी की सरकार जानी तय'
मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने भाषण में बीजेपी और केंद्र सरकार को कई मुद्दों पर जमकर घेरा. उन्होंने दावा किया कि देश से बीजेपी की सरकार जानी तय है. आरएसएस पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा कि जब तक देश से आरएसएस की सोच खत्म नहीं होगी, तब तक हिंसा नहीं रुक सकती. उन्होंने आरएसएस पर नफरत फैलाने की सियासत करने का आरोप लगाया.
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने बीजेपी पर वोटर लिस्ट से नाम कटवाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा जहां इनसे बात नहीं बनती, वहां ये विधायकों को खरीद लेते हैं. खरगे ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर सरकार और चुनाव आयोग के बीच मिलीभगत होने का भी आरोप लगाया. इतना ही नहीं, उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बेहद तीखा हमला बोलते हुए उन्हें 'गद्दार' तक कह डाला.
ये भी पढ़ें: 'ECINET सॉफ्टवेयर पर जानकारी क्यों छिपा रहा आयोग?' ECI पर बरसी कांग्रेस, मुख्य चुनाव आयुक्त का फिर मांगा इस्तीफा